)
यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है. 'मिशन यूपी' के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा के नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आज (सोमवार, 16 नवंबर) को प्रदेश नेतृत्व के साथ अहम बैठक की. इस बैठक में वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और सांसद इमरान मसूद शामिल हुए. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान ने इन सभी नेताओं को चुनावी तैयारियों में जुट जाने का निर्देश दिया है.
परिवर्तन चाहता है यूपी- खरगे
बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर एक ट्वीट करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई. खरगे ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश के आने वाले चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे. प्रदेश की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है.
पार्टी ने 5 धुरंधरों को मैदान में उतारा
कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे लिखा कि मुझे पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी, INDIA गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प प्रस्तुत करेगी. बता दें कि यूपी में सपा और कांग्रेस का गठबंधन हो रखा है. विधानसभा चुनाव में अगर सपा ने सम्मानजनक सीटें नहीं दीं, तो फिर कांग्रेस अकेले भी चुनावी मैदान में कूद सकती है. कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने 5 दिग्गज नेताओं को सपा के साथ डील करने की जिम्मेदारी सौंपी है.
सीट शेयरिंग पर सपा अध्यक्ष का रुख
उधर, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी कांग्रेस को सम्मानजक सीटें देने का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के साथ हमारी बातचीत आगे बढ़ेगी. हम हर पहलू पर विस्तार से चर्चा करेंगे. उन्होंने कहा कि दोनों दलों के नेता मिलकर तय करेंगे कि कौन सी पार्टी जीत सकती है. जो भी पार्टी जीतने की स्थिति में होगी, उसे वह सीट मिल जाएगी.