)
गुरुग्राम के धुमसपुर स्थित संधार कंपनी में बड़ा हादसा सामने आया है, जहां केमिकल और गैस वाले सेफ्टी टैंक में काम करने उतरे तीन कर्मचारियों की दम घुटने से मौत हो गई. मृतकों में 56 वर्षीय नरेश यादव, 21 वर्षीय मोहम्मद आरिफ और 46 वर्षीय अनिल झा शामिल हैं. आरोप है कि तीनों कर्मचारियों को बिना सुरक्षा उपकरणों के जहरीले केमिकल और गैस से भरे टैंक में काम करने के लिए उतारा गया था. हादसे के बाद तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. अब इस मामले में भोंडसी थाना पुलिस ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह पूरा मामला गुरुग्राम के धुमसपुर स्थित संधार कंपनी का है. जानकारी के मुताबिक, 11 नवंबर को कंपनी में तीन कर्मचारी केमिकल और गैस वाले सेफ्टी टैंक में काम कर रहे थे. इसी दौरान तीनों अचानक बेहोश हो गए. मृतकों की पहचान बादशाहपुर निवासी 56 वर्षीय नरेश यादव, बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी 21 वर्षीय मोहम्मद आरिफ और बिहार के नवादा निवासी 46 वर्षीय अनिल झा के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि नरेश यादव वर्ष 2021-22 से कंपनी में वेल्डर के तौर पर काम कर रहे थे, जबकि मोहम्मद आरिफ और अनिल झा भी कंपनी में कार्यरत थे.
इस मामले में मृतक नरेश यादव के बेटे ने पुलिस को शिकायत दी है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी प्रबंधन ने कर्मचारियों को टैंक में उतारने से पहले जरूरी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए थे. आरोप है कि तीनों कर्मचारियों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के जहरीले केमिकल और गैस वाले टैंक में काम करने के लिए उतारा गया था. इसी दौरान तीनों बेहोश हो गए. घटना के बाद कंपनी के अन्य कर्मचारियों ने तीनों को टैंक से बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलने के बाद भोंडसी थाना पुलिस भी सक्रिय हुई. पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई और मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू की. शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 और 3(5) के तहत अभियोग दर्ज किया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि टैंक में काम करवाते समय सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए थे और हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है.
फिलहाल तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. पुलिस का कहना है कि मामले का अनुसंधान जारी है और पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी. इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में कर्मचारियों की सुरक्षा और सेफ्टी टैंक में काम करने के दौरान जरूरी सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि जांच में कंपनी प्रबंधन की क्या जिम्मेदारी सामने आती है.
(गुरुग्राम से देवेंद्र भारद्वाज की रिपोर्ट)