App

Exclusive PART 2: भयानक एक्सीडेट के बाद भी गाया 'कभी राम बनके कभी श्याम बनके'... सिंगर तृप्ति शाक्य की दर्दनाक दास्तां, इंटरव्यू में खोले कई राज

मशहूर भजन गायिका तृप्ति शाक्य ने एक इंटरव्यू में अपनी जिंदगी से जुड़े कई बड़े खुलासे किए हैं. उन्होंने बताया कि कैसे एक भयानक स्कूटी एक्सीडेंट के बाद छह महीने तक बेड रेस्ट पर रहने के बाद उन्होंने ऐतिहासिक भजन 'कभी राम बनके कभी श्याम बनके' रिकॉर्ड किया था.

Exclusive PART 2: भयानक एक्सीडेट के बाद भी गाया 'कभी राम बनके कभी श्याम बनके'... सिंगर तृप्ति शाक्य की दर्दनाक दास्तां, इंटरव्यू में खोले कई राज
Image Credit: पॉपुलर भजन गायिका तृप्ति शाक्य ने अपने संघर्ष के दिनों को किया याद (AI Image)

जिंदगी में जब भी कोई बड़ी मुसीबत आती है, तो इंसान अंदर से टूट जाता है, लेकिन कुछ लोग ऐसे होते हैं जो हर दर्द को पीछे छोड़कर अपनी मेहनत और भगवान के आशीर्वाद से एक नई मिसाल कायम करते हैं. ऐसा ही कुछ मशहूर सिंगर तृप्ति शाक्य के साथ हुआ था, जिन्होंने अपनी मधुर आवाज से करोड़ों दिलों में जगह बनाई है. 

उनका गाया हुआ भजन 'कभी राम बनके कभी श्याम बनके' आज भी घर-घर में गूंजता है. जी न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में तृप्ति शाक्य ने इस भजन के पीछे की अनकही कहानी और अपने जीवन के सबसे बड़े संघर्ष के दिनों को याद किया.

सवाल- 'कभी राम बनके कभी श्याम बनके' जैसे आपके भजनों को जो अपार प्यार मिला, उसे आज पीछे मुड़कर देखने पर कैसा महसूस होता है?

जवाब- मैं यही कहूंगी कि वो मेरे जीवन का माइलस्टोन एल्बम रहा है और शुरू से लेकर अब तक मैं एक ही कमाई खा रही हूं. मुझे लगता है कि इससे बड़ा भजन आज तक न हुआ है, न होगा. आज भी लोग उसको उतने ही प्यार से सुन रहे हैं. लोग उसके अलग-अलग नए-नए वर्जन बना रहे हैं, तो अपने आप में दर्शाता है कि यह भजन कितना बड़ा भजन है, कितना बड़ा एल्बम था. इसमें कुल छह गाने थे, जिसे आज भी लोग बड़े प्यार से सुनते हैं. आज भी लोग मुझे वही सारे भजन सुनने के लिए प्रेम से आमंत्रित करते हैं.

गायन की दुनिया में आपने कई भाषाओं और जॉनर में गाया है, लेकिन दिल के सबसे करीब आपके कौन सा संगीत या शैली रहती है?

जवाब- मेरे जीवन के जितने भी अनुभव रहे हैं, सभी यादगार हैं. अगर एक कहूं तो पहला 'कभी राम बनके कभी श्याम बनके' एल्बम है. जब यह रिलीज हुआ, उससे छह महीने पहले से मैं बेड रेस्ट पर थी. मेरा मेजर एक्सिडेंट हो गया था, तो छह महीने के लिए मैं कंप्लीट बेड रेस्ट पर थी. चल-फिर नहीं सकती थी, उठ-बैठ नहीं सकती थी, लेटे रहती थी. उस दौरान मैं आगे का सोच नहीं पा रही थी कि खड़ी हो पाऊंगी या नहीं. ठीक उसके छह महीने बाद मुझे 'कभी राम बनके कभी श्याम बनके' रिकॉर्ड करने के लिए आमंत्रण आया. मैं थोड़ा-थोड़ा छड़ी के सहारे चल लेती थी, तो हिम्मत जुटाकर पापा के साथ गई. उस वक्त ये भजन रिकॉर्ड किए.

रिकॉर्ड करते समय भी मुझे अंदाजा नहीं था कि इसका रिजल्ट क्या होने वाला है. रिजल्ट करके मैं घर आ गई. उसके बाद फरवरी 2000 में जब यह मार्केट में आया, तो एकाएक रेव्यूलेशन-सा आ गया. 'कभी राम बनके, कभी श्याम बनके' चारों तरफ सुनाई देने लगा. इसकी गूंज सुनाई देने लगी और रातोंरात मैं ओवरनाइट स्टार बन गई. मुझे लोग उसी भजन के नाम से जानने लगे. सबसे बड़ी बात, लोग मुझे कहीं भी देखते थे- जैसे एयरपोर्ट पर या रेलवे स्टेशन पर तो यही कहते थे कि “ये वो कभी राम बनके कभी श्याम बनके को गाने वाली सिंगर जा रही है.” यह मेरे लिए बहुत बड़ा अचीवमेंट था. प्रभु राम और प्रभु श्रीकृष्ण का बहुत बड़ा आशीर्वाद था. उनका ऐसा आशीर्वाद मिला कि आज तक मैं वो भजन गाती हूं और लोग बड़े प्यार से सुनते हैं. यह मेरी लाइफ का सबसे बड़ा अनुभव था.

सवाल- आपका एक्सिडेंट कैसे हुआ था? इस बारे में शायद ही किसी को जानकारी है?

जवाब- जानकारी नहीं है, क्योंकि उस दौरान इतना सोशल मीडिया नहीं था. सन 1999 की बात है. मैं स्कूटी ड्राइव करके म्यूजिक क्लास अटेंड करने जा रही थी. स्कूटी से मेरा एक्सिडेंट हो गया था, चार पहिया कार से टक्कर हुई थी और उसके बाद मेरे लेफ्ट पैर में दो जगह मेजर फ्रैक्चर हो गए थे. इसकी वजह से मुझे बिस्तर पर बेड रेस्ट पर जाना पड़ा. कहते हैं कि जीवन में कोई बड़ा दुख आता है, तो उसके बाद भगवान ने आपके हिस्से में बड़ा सुख भी रखा होता है. दुख है तो उसके बाद सुख भी है. इसका पॉजिटिव एस्पेक्ट यही है कि लाइफ में परेशानी या दुख आए तो निराश नहीं होना चाहिए. शायद आपके जीवन में बहुत बड़ा सुख आना होता है, इसलिए दुख आता है.

सवाल- आज के डिजिटल और रील्स के दौर में भक्ति संगीत और भजन सुनने का तरीका बदला है, इसे आप किस रूप में देखती हैं?

जवाब-  मैं तो इसको बहुत पॉजिटिव वे में लेती हूं. कहीं न कहीं हमारी यंग जनरेशन स्पिरिचुअलिटी की तरफ जुड़ रही है, उनका काफी झुकाव है. तरीका भले थोड़ा चेंज है, स्टाइल चेंज है, थोड़ा वेस्टर्न या रॉक म्यूजिक के सहारे भजन सुन रहे हैं, पर अल्टीमेटली वो भजन की तरफ जा रहे हैं, भजन सुन रहे हैं, एट लीस्ट. किसी भी फॉर्म में सुन रहे हैं, तो मुझे लगता है कि यह ट्रेंड चेंज होना प्रकृति का नियम है. बदलाव हमेशा परिवर्तनशील होता है. मैं इसे पॉजिटिव आस्पेक्ट से लेती हूं और हम लोग भी वही कोशिश करते हैं कि ऐसा गाएं, जो यंगस्टर्स से लेकर सुनने वालों की हर कैटेगरी को पसंद आए.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More