)
सनातन धर्म में गाय को माता माना गया है और गाय की पूजा के कई पर्व मनाए जाते हैं. गोपाष्टमी पर्व भी इसमें से एक है. गोपाष्टमी के दिन गाय-बछड़ों की और भगवान कृष्ण की विशेष पूजा करते हैं. यह दिन इसलिए भी विशेष है क्योंकि माना जाता है कि पहली बार छोटे से नंद लाला, बाल गोपाल कृष्ण इसी दिन गायें चराने के लिए ग्वालों के साथ गए थे. तभी से इस दिन भगवान कृष्ण और गायों की पूजा की परंपरा जारी है. कार्तिक शुक्ल अष्टमी को गोपाष्टमी पर्व मनाते हैं, जो कि इस साल 17 नवंबर 2026, मंगलवार को है. खासतौर पर पूरे ब्रज क्षेत्र में इस पर्व की धूम अलग ही होती है.
प्रोकेरला पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल अष्टमी तिथि 17 नवंबर 2026 की सुबह 04:19 बजे से प्रारंभ होगी और 18 नवंबर 2026 की सुबह 06:05 बजे समाप्त होगी. उदयातिथि के आधार पर 17 नवंबर को गोपाष्टमी मनाई जाएगी. गोपाष्टमी पर पूजा के लिए 2 शुभ मुहूर्त हैं.
सुबह का शुभ मुहूर्त : सुबह 06:45 बजे से 10:30 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त : सुबह 11:45 बजे से दोपहर 12:27 बजे तक
पौराणिक कथाओं और प्रचलित मान्यताओं के अनुसार, भगवान कृष्ण जब बहुत छोटे थे और रोजाना तरह-तरह की बाल लीलाएं करते थे, तब एक दिन वे अपनी यशोदा से कहने लगे कि वे भी ग्वालों के साथ गायें चराने के लिए जाएंगे. भगवान कृष्ण को गाय-बछड़ों से बहुत प्रेम था. साथ ही गाय के दूध से बनने वाला मक्खन और दही तो उन्हें प्रिय था.
जब भगवान कृष्ण की जिद माता यशोदा ने सुनी तो उन्होंने कहा कि कान्हा अभी आप बहुत छोटे बालक हैं. कुछ दिन ठहरकर गायें चराने के लिए जाना. लेकिन कान्हा अपनी जिद पर अड़े रहे. तब उनके पिता नंद बाबा ने इस विषय पर ऋषियों से परामर्श लिया और शुभ मुहूर्त निकलवाया. ऋषियों द्वारा निकाले गए शुभ मुहूर्त के आधार पर कार्तिक शुक्ल अष्टमी के दिन ही पहली बार भगवान कृष्ण गायें चराने के लिए गए थे, तभी से यह तिथि गोपाष्टमी कहलाने लगी.
मान्यता है कि गोपाष्टमी के दिन भगवान कृष्ण और गायों की पूजा करने से कृष्ण जी प्रसन्न होते हैं और खूब सुख-समृद्धि देते हैं. चूंकि गायों में सभी देवी-देवताओं का वास माना जाता है. इसलिए उन सभी की भी कृपा प्राप्त होती है. इस दिन गायों को चारा खिलाना, उनकी सेवा करना, गौशाला में दान करना बेहद शुभ फल देता है.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और पंचांग की गणनाओं पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है. किसी भी धार्मिक अनुष्ठान या उपाय को अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें.)