)
कोटा के इस सीसीटीवी फुटेज ने हादसे की भयावहता को उजागर कर दिया है. वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे एक छोटी सी चिंगारी ने पलक झपकते ही एक हंसते-खेलते इंसान की जान ले ली.
आग की लपटों और धुएं भी बीच फंस गया कर्मचारी
घटनाक्रम के अनुसार, शनिवार रात डेयरी में रोजमर्रा का काम चल रहा था. इसी दौरान जैसे ही गैस जलाई गई, अचानक आग भड़क उठी. आग इतनी विकराल और तेज थी कि वहां मौजूद कर्मचारी लेखराज केवट को संभलने तक का मौका नहीं मिला. आग की ऊंची लपटों ने पल भर में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया. सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि आग लगने के बाद जान बचाने की जद्दोजहद में लेखराज बाहर भागने की बजाय घबराहट में दुकान के अंदर की तरफ चला गया. यही उसकी सबसे बड़ी भूल साबित हुई. आग की लपटों और धुएं के गुबार के बीच वह अंदर ही फंस गया और बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया.
तीन दमकल ने आग को बुझाया
आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी. सूचना पर तुरंत एक्शन लेते हुए फायर ब्रिगेड की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. जब बचाव दल डेयरी के अंदर पहुंचा, तो वहां कर्मचारी लेखराज अचेत और बुरी तरह झुलसी हुई अवस्था में मिला.
उसे आनन-फानन में एंबुलेंस की मदद से कोटा के एमबीएस अस्पताल ले जाया गया. वहां इमरजेंसी में तैनात ड्यूटी डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस हृदय विदारक घटना के बाद रविवार को जब एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में शव के पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया चल रही थी, तब मृतक के परिजनों का सब्र टूट गया. उन्होंने मॉर्च्युरी के बाहर भारी हंगामा किया और न्याय - उचित मुआवजे की गुहार लगाई. पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ. अब इस सीसीटीवी फुटेज के सामने आने के बाद हादसे की असल वजह और पूरी घटना की तस्वीर एकदम साफ हो गई है.