)
छत्तीसगढ़ के मौसम में कुछ बदलाव नजर नहीं आ रहा है. लेकिन मौसम विभाग की तरफ से अनुमान लगाया गया है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है. सबसे जरूरी बात यह है कि न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. वहीं प्रदेश की राजधानी में 16 नवंबर को आसमान साफ रहने की उम्मीद है. शहर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में पिछले दिनों मौसम शुष्क बना रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई. तापमान की बात करें तो दुर्ग में सबसे ज्यादा 32 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. इससे साफ पता चलता है कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है.
मौसम विभाग का कहना है कि छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. अगले 24 घंटे समेत आगामी दिनों में प्रदेश का मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा. इस दौरान बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. ऐसे में लोगों को फिलहाल साफ आसमान और शुष्क मौसम का सामना करना पड़ेगा.
दूसरी तरफ दक्षिण पूर्व और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब लगातार आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, 15 नवंबर को सुबह 11.30 बजे यह सिस्टम 9.8 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 86 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास सक्रिय था. इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है.
मौसम विभाग का कहना है कि 16 नवंबर को यह चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. वहीं 17 नवंबर को इसके पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है. इसके बाद इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आंध्र प्रदेश के तट की तरफ आगे बढ़ने का अनुमान जताया है.
IMD रायपुर की रिपोर्ट के मुताबिक, राजधानी में सोमवार को मौसम साफ रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, शहर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है. अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के साथ न्यूनतम तापमान में भी खास बदलाव के आसारनहीं है. हालांकि, बंगाल की खाड़ी में तेजी से विकसित हो रही चक्रवाती प्रणाली पर मौसम विभाग लगातार नजर बनाए हुए है.