)
बेगूसराय में भीषण अग्निकांड में आधा दर्जन से अधिक घर जलकर पूरी तरह राख हो गए. इस अगलगी में घरों में रखे कपड़े, अनाज, फर्नीचर समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई. आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया. आग की विकराल लपटें देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई.
स्थानीय लोगों ने पंपसेट और चापाकल की मदद से आग बुझाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया. हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
दरसअल, पूरा मामला बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर पंचायत के वार्ड संख्या-9 स्थित लोहियाही गांव का है, जहां 15 नवंबर रविवार की रात अचानक भीषण आग लग गई. स्थानीय लोगों के मुताबिक, सबसे पहले स्वर्गीय जय किशुन राय के पुत्र रामनरेश राय के घर में आग लगी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया.
इस अग्निकांड में रामनरेश राय के साथ उनके बेटे राजन राय और मंगल राय के घर भी आग की चपेट में आ गए. इसके अलावा भुवनेश्वर राय के पुत्र फूचो राय, रामपति राय, कैलाश राय और उनके बेटे कौशल कुमार, लाल बिहारी राय के पुत्र उपेंद्र राय और कमल राय के पुत्र दिलीप राय के घर भी जलकर राख हो गए.
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देखते ही देखते आधा दर्जन से अधिक घरों में रखा कपड़ा, अनाज, घरेलू सामान और अन्य कीमती वस्तुएं जलकर खाक हो गईं. इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है.
आग लगने के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने अपने स्तर से पंपसेट और चापाकल की मदद से आग बुझाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें लगातार फैलती रही.
घटना की सूचना मिलते ही 112 बछवाड़ा पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. फिलहाल, इस भीषण अग्निकांड में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कई परिवारों के आशियाने उजड़ गए हैं और पीड़ित परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है.
रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार