SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सेलिब्रिटी ने कहा ही नहीं, फिर भी वायरल हो गया बयान! रोहित शेट्टी से पहले इन सितारों के नाम पर भी फैला झूठ

बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के नाम से हाल ही में एक फर्जी पोस्ट वायरल हुआ, जिसके बाद एक बार फिर सेलिब्रिटीज की डिजिटल पहचान के गलत इस्तेमाल का मामला चर्चा में आ गया है. रोहित शेट्टी से पहले भी कई सितारे इस मामले का शिकार हो चुके हैं.

Written By Kajol Gupta
Published: Nov 11, 2026, 10:14 AM IST | Updated: Nov 11, 2026, 10:26 AM IST
Image Credit: सितारों की पहचान पर मंडरा रहा खतरा!
Join

आज के दौर में किसी भी स्टार का बयान इंटरनेट पर वायरल होना काफी आम बात है. इंटरनेट पर कभी किसी स्टार के नाम से फर्जी पोस्ट शेयर हो जाते हैं, तो कभी एआई की मदद से कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ऐसे वीडियो तैयार कर देते हैं, जिनमें सितारे कुछ ऐसा कहते या करते नजर आते हैं, जिसका रियलिटी से कोई लेना-देना नहीं होता. इसी बीच अब फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के नाम से भी एक पोस्ट वायरल हो रही है, जो इसका ताजा उदाहरण है. हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है, जब किसी स्टार सेलिब्रिटी की पहचान का इस्तेमाल झूठ फैलाने के लिए किया जा रहा हो. इससे पहले भी कई बार ऐसा हो चुका है.

हाल ही में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी ने एक बयान जारी किया है. दरअसल, उनके नाम से जुड़ी एक फेसबुक पोस्ट ऑनलाइन वायरल हो रही थी, जिसे देखकर कई लोगों को लगा कि उन्होंने 'बिग बॉस 20' के कंटेस्टेंट्स स्काउट ओपी और लव गिल पर कॉमेडियन गौरव गुप्ता द्वारा किए गए 'रोस्ट' पर कोई टिप्पणी की है. फिल्म निर्माता ने साफ किया है कि वे फेसबुक या एक्स (पहले ट्विटर) पर नहीं हैं और इंस्टाग्राम ही उनका एकमात्र ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट है.

रोहित शेट्टी ने शेयर किया पोस्ट

रोहित शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर फैंस को उन फर्जी अकाउंट्स के बारे में चेतावनी दी, जो दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर उनके नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी प्रोफाइल के साथ न जुड़ें और न ही उनके द्वारा शेयर किए गए कंटेंट को उनका माना जाए. रोहित शेट्टी ने अपने बयान में लिखा, 'मैं साफ करना चाहता हूं कि सोशल मीडिया पर मेरी मौजूदगी केवल इंस्टाग्राम पर है. मैं फेसबुक या एक्स (पहले ट्विटर) पर नहीं हूं. इन प्लेटफॉर्म्स पर मेरे नाम से बना कोई भी अकाउंट या प्रोफाइल फर्जी और नकली है. मेरी सभी से अपील है कि ऐसे अकाउंट्स के साथ न जुड़ें और उनके जरिए पोस्ट की गई किसी भी सामग्री को मेरी ओर से आया हुआ न मानें. आपकी समझदारी और लगातार समर्थन के लिए धन्यवाद.'

यह भी पढ़ें- रामायण' ने 6 दिन में छाप डाले 823 करोड़ रुपये, भारत में पार किया 400 करोड़ का आंकड़ा; क्या टूटेगा 'धुरंधर 2' का रिकॉर्ड?

रोहित शेट्टी ने यह सफाई एक फेसबुक पोस्ट के ऑनलाइन वायरल होने के बाद दी है, जिसमें बिग बॉस 20 के कंटेस्टेंट स्काउट ओपी और लव गिल पर गौरव गुप्ता द्वारा किए गए 'रोस्ट' (मजाक उड़ाने) पर चर्चा की गई थी. पोस्ट में लिखा था, 'फ्रेंडली रोस्टिंग ठीक है, लेकिन रोस्टिंग के नाम पर किसी का मजाक उड़ाना बंद होना चाहिए. लोगों को हंसाना अच्छी बात है, लेकिन किसी को रुलाकर या अपमानित करके नहीं. सबका सम्मान करें.' सोशल मीडिया के कई यूजर्स को लगा कि यह पोस्ट रोहित शेट्टी ने लिखी है, जिसके बाद फिल्ममेकर ने इस मामले में सच्चाई बताई है.

आखिर क्या है गौरव गुप्ता रोस्ट विवाद?

दरअसल, हाल ही में कॉमेडियन गौरव गुप्ता सलमान खान द्वारा होस्ट किए जाने वाले फेमस रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' के दिवाली स्पेशल एपिसोड में नजर आए थे. इस एपिसोड के दौरान उन्होंने स्काउट ओपी (तन्मय सिंह) और लव गिल समेत कई कंटेस्टेंट्स पर मजाक-मजाक में तंज कसा था. हालांकि, उनके कुछ मजाक, खासकर वे जो कंटेस्टेंट्स की पर्सनल लाइफ और रिश्तों से जुड़े थे, उन्हें पसंद नहीं आए.

विद्या बालन भी हो चुकी हैं डीपफेक वीडियो का शिकार

बॉलीवुड एक्ट्रेस विद्या बालन भी एआई से बने डीपफेक वीडियो का शिकार हो चुकी हैं. इसके बाद एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक नोट शेयर करके अपने फैंस को ऐसे एआई जनरेटेड वीडियो के बारे में सावधान रहने को कहा था. उनका नकली वीडियो व्हाट्सएप पर भी फैल रहा था. उन्होंने साफ किया कि इन वीडियो में जो कुछ भी कहा जा रहा है, 'उसे उनसे जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए.' वीडियो में विद्या बालन को यह कहते हुए सुना जा रहा था कि 'हे, मैं हूं आप सबकी फेवरेट विद्या बालन...' हालांकि, 'परिणीता' फिल्म की एक्ट्रेस ने इस पर 'स्कैम अलर्ट' का एक बड़ा स्टैम्प लगाकर अपने फैंस को बता दिया कि यह वीडियो फर्जी है. वीडियो में उनके होंठों की हरकतें भी यही बताती हैं कि यह वीडियो बनावटी है.

यह भी पढ़ें- Trailer Review: सिर्फ गोली-बारूद नहीं, भावनाओं की भी जंग है 'मातृभूमि', कैसा है सलमान खान की फिल्म का ट्रेलर?

हॉलीवुड एक्ट्रेस भी हुईं इस घटना का शिकार

हॉलीवुड एक्ट्रेस स्कारलेट जोहानसन भी एआई वीडियो के मामले में अपना बयान जारी कर चुकी हैं. उन्होंने बयान जारी कर अमेरिकी सांसदों से आग्रह किया था कि वे एआई तकनीक को विनियमित करने के लिए तुरंत कदम उठाएं. यह मांग एआई से बने एक नकली वीडियो के वायरल होने के बाद की गई थी. 'पीपल' मैगजीन के मुताबिक, वायरल हुए नकली वीडियो में स्कारलेट और अन्य यहूदी हस्तियों को रैपर कान्ये वेस्ट का विरोध करते हुए दिखाया गया था, जो कि पूरी तरह से झूठा था. इस घटना ने हस्तियों की शक्ल-सूरत का इस्तेमाल करके एआई के दुरुपयोग को लेकर चिंता बढ़ा दी थी. विवादित वीडियो की शुरुआत स्कारलेट के एआई संस्करण से होती है, जिसमें वह सफेद टी-शर्ट पहने हुए हैं, जिस पर एक हाथ की आकृति बनी है, जो बीच की उंगली का इशारा कर रही है. इसके साथ ही नीचे डेविड का तारा और 'कान्ये' शब्द लिखा है.

रणवीर सिंह भी हुए डीपफेक वीडियो का शिकार

बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह का भी एक डीपफेक वीडियो सामने आया था. उस वायरल वीडियो में उन्हें अपने राजनीतिक विचार व्यक्त करते हुए दिखाया गया था. इसके बाद रणवीर सिंह ने इस पर सफाई दी थी और मुंबई पुलिस के साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने अपनी इमेज और आवाज के साथ छेड़छाड़ करने के लिए एआई के गलत इस्तेमाल के खिलाफ यह शिकायत दर्ज करवाई थी.

आमिर खान का भी वायरल हुआ था फर्जी वीडियो

बॉलीवुड एक्टर आमिर खान भी एक डीपफेक वीडियो के विवाद में फंस गए थे. उनका एक फर्जी वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्हें किसी राजनीतिक दल का समर्थन करते हुए दिखाया गया था. इसके बाद आमिर खान की तरफ से साफ किया गया था कि एक्टर ने अपने पूरे करियर में कभी किसी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं किया है. गलत जानकारी के खिलाफ कदम उठाते हुए, खान के कार्यालय ने डीपफेक वीडियो बनाने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी.

यह भी पढ़ें- रावण को विलेन से ज्यादा क्यों दिखा रही 'रामायण'? यश के बयान से फिर छिड़ी बहस, 20 साल पहले भी मचा था बवाल

रश्मिका मंदाना भी हो चुकी हैं इसका शिकार

एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना का भी एक मॉर्फ्ड वीडियो ऑनलाइन वायरल हुआ था, जिसके बाद उन्होंने इसे डीपफेक वीडियो बताया था. अमिताभ बच्चन समेत अन्य मशहूर सितारों ने भी उनका समर्थन किया था. मंदाना ने भारत में डीपफेक कंटेंट के बढ़ते मामलों से निपटने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की थी. इसके बाद इस नकली वीडियो को फैलाने के लिए अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी.

क्या होता है डीपफेक?

डीपफेक फोटो और वीडियो, दोनों रूपों में हो सकता है. इसे एक स्पेशल मशीन लर्निंग तकनीक के इस्तेमाल से बनाया जाता है, जिसे डीप लर्निंग कहा जाता है. डीप लर्निंग में कंप्यूटर को दो वीडियो या फोटो दिए जाते हैं, जिन्हें देखकर वह खुद ही दोनों वीडियो या फोटो को एक जैसा बना देता है. इस तरह के वीडियो में हिडन लेयर्स होते हैं, जिन्हें सिर्फ एडिटिंग सॉफ्टवेयर से ही देखा जा सकता है. कोई आम इंसान इस वीडियो को आसानी से नहीं पहचान पाता है. अगर सामान्य भाषा में या एक लाइन में समझें, तो डीपफेक रियल इमेज-वीडियो को फेक फोटो-वीडियो में बदलने की एक प्रक्रिया है. ये वीडियो नकली होने के बावजूद असली जैसे लगते हैं.

सितारे उठा चुके हैं पर्सनैलिटी राइट्स की मांग

डीपफेक वीडियो के बढ़ते खतरे को देखते हुए कई सेलिब्रिटीज अब तक पर्सनैलिटी राइट्स की मांग उठा चुके हैं. पर्सनैलिटी राइट्स किसी भी सेलिब्रिटी को अपने नाम, फोटो, आवाज, सिग्नेचर, जेस्चर और डिजिटल पहचान के बिना परमिशन इस्तेमाल होने से बचाते हैं. भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) और 21 के तहत इन अधिकारों को सुरक्षा मिलती है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

काजोल गुप्ता जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले साढ़े 3 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, बिहार-झारखंड और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद बीते 2 साल से उन्होंने जी न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया. अभी फिलहाल वह एंटरटेनमेंट बीट पर ही एक्टिव हैं. अपने करियर के दौरान काजोल ने बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने डायरेक्टर और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू भी किए हैं. जी न्यूज से पहले उन्होंने सुदर्शन चैनल, इनखबर वेबसाइट और फ्रीलांस काम किया है. पिछले साढ़े तीन साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने मास कम्युनिकेशन में सिंघानिया यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में ही पोस्ट ग्रेजुएशन की है. पत्रकारिता के साथ उन्हें कहानियां लिखने का भी काफी शौक है. आप काजोल के साथ kajol.gupta@India.com पर या एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट कर सकते है. सीधे ईमेल पर इनसे जुड़ सकते हैं.     
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES