)
सोशल मीडिया पर किसी भी इवेंट या प्रेस कॉन्फ्रेंस का एक छोटा सा क्लिप पल भर में ही वायरल हो जाता है और लोग बिना पूरी बात समझे अपनी राय बनाने लगते हैं. एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ, जो ‘अक्का’ के बाद अब ‘सत्यवान सविथिरी’ की रिलीज की तैयारी में जुटी हैं. बुधवार को चेन्नई में इस फिल्म की प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी, जिसमें फिल्म के मुख्य कलाकार मिस्किन भी मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान जब मिस्किन मंच से अपनी बात रख रहे थे और कीर्ति की तारीफ कर रहे थे, तब उन्होंने कीर्ति को उनके पैर के पास हल्के से छुआ.
बस इसी पल का वीडियो इंटरनेट पर सामने आया और देखते ही देखते इस पर तरह-तरह की बातें शुरू हो गईं. कई यूजर्स ने वीडियो देखकर ये कयास लगाना शुरू कर दिया कि एक्ट्रेस उस दौरान कम्फर्टेबल नहीं थीं. वायरल क्लिप के सामने आने के बाद एक सोशल मीडिया यूजर ने इस पर सवाल उठाते हुए लिखा, 'जब एक आदमी ने उसे थोड़ा सा छुआ था, तो वो इतनी अनकम्फर्टेबल क्यों है, लेकिन मूवी सीन में जहां सब कुछ होता है, वो यहां इतनी अनकम्फर्टेबल क्यों है? बस उसका चेहरा देखो, कितना अजीब है.'
सोशल मीडिया द्वारा की गई इस टिप्पणी ने मामले को और तूल दे दिया, लेकिन कीर्ति सुरेश ने भी चुप रहने के बजाए खुलकर अपना साइड रखा. उन्होंने उस पोस्ट के जवाब में लिखा, 'सबसे पहले, आपको मेरे चेहरे पर कहां परेशानी दिख रही है? क्या आपने उन्हें या मुझे ये कहते हुए नहीं सुना कि हमारा रिश्ता पिता और बेटी जैसा है? दूसरी बात, मान लीजिए मैं अनकम्फर्टेबल थी, तो क्या आप ये कह रहे हैं कि क्योंकि फिल्मों में हमें छुआ जाता है, तो मुझे पब्लिक में भी इससे कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए? भाई, तुम्हें सच में कुछ चीजें ठीक करने की ज़रूरत है.'
Firstly , where do you see discomfort on my face ? Did you not hear him or me say that we share a bond like a father and daughter? Secondly , say I was uncomfortable, you are stating that we get touched in films so I should be okay with that in public too ? You really need to get something’s right brother 🙃
— Keerthy Suresh (@KeerthyOfficial) November 19, 2026
कीर्ति सुरेश के इस सिंपल और क्लियर जवाब के बाद माहौल बदल गया और उस यूजर ने अपना ओरिजनल पोस्ट डिलीट कर दिया. इतना ही नहीं, यूजर ने एक्ट्रेस से पब्लिकली माफी भी मांग ली. माफीनामा शेयर करते हुए यूजर ने लिखा, 'सॉरी मैडम, मेरा कोई बुरा इरादा नहीं था. मैं आमतौर पर इस तरह के पोस्ट नहीं करता, लेकिन मैंने इसे ट्वीट किया क्योंकि ये वायरल हो रहा था.' इस विवाद ने ये भी दिखाया कि सोशल मीडिया पर कई बार लोग ट्रेंड के पीछे भागते हुए बिना सोचे-समझे पोस्ट कर देते हैं, जबकि असलियत कुछ और होती है.

इस पूरे विवाद के बीच एक दूसरे यूजर ने कीर्ति के जवाब के पीछे की असली वजह समझाने के लिए वीडियो का सही मतलब शेयर किया. उन्होंने लिखा, 'कीर्ति सुरेश के जवाब के पीछे का कारण ये वीडियो है. कमेंट सेक्शन में सभी को लगा कि इसमें कुछ गड़बड़ है और ऐसा भी लगा कि कीर्ति को ये पसंद नहीं आया. लेकिन अब उन्होंने सब कुछ साफ कर दिया है. कोई परेशानी नहीं थी और कोई बुरा इरादा नहीं था.' इस टिप्पणी से ये साफ हो गया कि कमेंट सेक्शन में देखने वालों को भले ही कुछ अलग लगा हो, लेकिन वहां किसी तरह की गलत मंशा या नाराजगी नहीं थी.
The reason behind Keerthy Suresh' reply is this video. Everyone in the comment section felt something off in this video and it even looked Keerthy didn't like it. Btw now she has clarified everything there's no discomfort or any bad intention. https://t.co/fLgV50sVdm
— Gagan Choudhary (@trigguuuu) November 19, 2026
ये पूरा वाकया एक बार फिर ये याद दिलाता है कि पर्दे पर एक्टिंग करना और असल जिंदगी में किसी व्यक्ति का पर्सनली कम्फर्टेबल होना दो अलग-अलग बातें हैं. कीर्ति सुरेश ने जिस बेबाकी से ये बात रखी, उसने न केवल रूमर्स पर फुल स्टॉप लगाया, बल्कि ये भी साफ कर दिया कि हर सीन को गलत नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए. अब ऑडियंस की नजरें ‘सत्यवान सविथिरी’ पर टिकी हैं, जिसके प्रमोशन के दौरान ये अनचाहा विवाद सामने आया.