App

सोना 53 हजार और चांदी 1.45 लाख रुपये तक सस्ती! रिकॉर्ड हाई से धड़ाम हुए दाम, क्या अब खरीदारी का मौका?

सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट जारी है. रिकॉर्ड स्तर से सोना करीब 53,000 रुपये और चांदी 1.45 लाख रुपये प्रति किलो तक सस्ती हो चुकी है.

सोना 53 हजार और चांदी 1.45 लाख रुपये तक सस्ती! रिकॉर्ड हाई से धड़ाम हुए दाम, क्या अब खरीदारी का मौका?
Image Credit: सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट जारी है। AI

Gold-Silver Price: कीमती धातुओं में जारी बिकवाली का सिलसिला गुरुवार यानी 19 नवंबर को भी थमता नजर नहीं आया. घरेलू बाजार में सोना और चांदी दोनों की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिससे सराफा बाजार में खरीदारों की दिलचस्पी बढ़ने लगी है. खासकर शादी-विवाह के सीजन में आभूषण खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों के लिए यह राहत भरी खबर मानी जा रही है.

128310 रुपए प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर सोना

एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना दिन के कारोबार के दौरान 1,504 रुपए यानी 1.15 प्रतिशत टूटकर 1,28,310 रुपए प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर तक पहुंच गया. वहीं, दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी 1,413 रुपए यानी 0.87 प्रतिशत फिसलकर 1,59,321 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर तक आ गई. इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में भी सोने में 2 प्रतिशत से अधिक और चांदी में 3 प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखने को मिली थी.

मार्च में सोने की कीमत 1,82,003 रुपए प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी, जबकि अब यह करीब 1.29 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के नीचे कारोबार कर रही है. इसी तरह चांदी ने मई में 3,05,743 रुपए प्रति किलोग्राम का ऑल टाइम हाई बनाया था, लेकिन अब यह लगभग 1.60 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है यानी अपने उच्चतम स्तर से तुलना करें तो सोना करीब 53,000 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी लगभग 1.45 लाख रुपए प्रति किलोग्राम तक सस्ती हो चुकी है.

इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, गुरुवार को 999 प्यूरिटी वाले सोने का भाव अपने पिछले बंद 1,633 रुपए यानी 1.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,29,531 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया. वहीं, आईबीजेए के अनुसार, 999 प्यूरिटी वाली चांदी अपने पिछले बंद भाव 1,63,733 रुपए से 3,294 रुपए यानी 2.01 प्रतिशत गिरकर 1,60,439 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी का माहौल

कॉमेक्स गोल्ड फ्यूचर्स 0.38 प्रतिशत गिरकर 3,727 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखाई दिया, जबकि कॉमेक्स सिल्वर 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 45.14 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर ट्रेड करती नजर आई. हालांकि, शुरुआती कारोबार में इसमें भी गिरावट दर्ज की गई थी. वहीं दिन भर इसमें उतार-चढ़ाव देखने को मिला.

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी डॉलर की मजबूती, बढ़ते अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड और फेडरल रिजर्व की सख्त मौद्रिक नीति के संकेतों ने सोने-चांदी पर दबाव बढ़ाया है. फेड की बैठक के मिनट्स से संकेत मिला है कि महंगाई को नियंत्रित करने के लिए ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रह सकती हैं. इससे डॉलर मजबूत हुआ और निवेशकों का रुझान बुलियन से हटकर डॉलर परिसंपत्तियों की ओर बढ़ा.

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, तकनीकी रूप से, कॉमेक्स गोल्ड के लिए 3,770-3,800 डॉलर का स्तर प्रमुख प्रतिरोध (रेजिस्टेंस) बना हुआ है, जबकि नीचे 3,670-3,700 डॉलर का क्षेत्र महत्वपूर्ण सपोर्ट माना जा रहा है. 

MCX गोल्ड में 1,30,000-1,30,700 रुपए प्रतिरोध और 1,26,300-1,27,000 रुपए महत्वपूर्ण सपोर्ट है. वहीं, चांदी के लिए 1,58,000 रुपए का स्तर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इसके नीचे जाने पर कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है.

हालांकि विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि तकनीकी संकेतक अब सोने और चांदी दोनों में 'ओवरसोल्ड' स्थिति का संकेत दे रहे हैं. ऐसे में निकट अवधि में कुछ तकनीकी रिकवरी देखने को मिल सकती है, लेकिन व्यापक रुझान अभी भी कमजोर बना हुआ है. आने वाले दिनों में फेडरल रिजर्व की अगली नीति बैठक, डॉलर इंडेक्स और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड की चाल बुलियन बाजार की दिशा तय करेगी.

(IANS के इनपुट के साथ)
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav Singh

Gaurav Singh

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More