App

क्या PAK से भारत की अब भी दोस्ती की गुंजाइश है? पाकिस्तानी लड़के के सवाल पर राहुल गांधी का चौंकाने वाला जवाब!

कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं. अब वे विदेश दौरे पर यूएस में हैं. वहां पर उन्होंने भारत-पाकिस्तान संबंधों पर ऐसा बयान दिया, जिसने सबको चौंका दिया है.

क्या PAK से भारत की अब भी दोस्ती की गुंजाइश है? पाकिस्तानी लड़के के सवाल पर राहुल गांधी का चौंकाने वाला जवाब!
Image Credit: राहुल गांधी ने शिकागो यूनिवर्सिटी में पाकिस्तानी युवक को दिया जवाब

कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेश दौरे पर अमेरिका के शिकागो शहर में हैं. वहां पर उन्होंने एक ऑडिटोरियम में ईरान युद्ध और दुनिया में भारत की भूमिका विषय पर आयोजित एक टॉक शो में भाग लिया. इसी दर्शक दीर्घा में मौजूद एक पाकिस्तानी युवक ने भारत-पाकिस्तान की दोस्ती की गुंजाइश से जुड़ा एक सवाल पूछ लिया. कांग्रेस नेता ने मुस्कराते हुए ऐसा जवाब दिया कि सब शॉक रह गए. उनका यह जवाब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

'क्या पाकिस्तान से भारत की अब भी दोस्ती की गुंजाइश है?'

कार्यक्रम में मौजूद पाकिस्तानी लड़के ने राहुल गांधी से पूछा, 'क्या आपको लगता है कि भारत और पाकिस्तान के पास अभी भी 'दोषारोपण' से आगे बढ़कर, आपसी फायदों के लिए मिलकर काम करने की गुंजाइश है?' उसके इस सवाल पर राहुल गांधी पहले कुछ क्षण मुस्कराए. इसके बाद उन्होंने माइक हाथ में लेकर अपना जवाब शुरू किया.

राहुल गांधी बोले, 'एक बड़ी समस्या यह है कि पाकिस्तान हमारे देश में आतंकवाद को समर्थन और बढ़ावा देता है. हमारे लिए यह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है कि हमारे निर्दोष लोगों की हत्या की जाए और हम पाकिस्तान के साथ बातचीत करें. इसलिए, जिस पल यह सब रुक जाएगा, उसके बाद बातचीत शुरू होने की संभावना बन सकती है.'

राहुल गांधी के यह जवाब देते ही पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा. भारत में अपने वोट चोरी के आरोपों पर भी कांग्रेस ने खुलकर बात रखी.

'जब वोट चोरी हो रही तो इलेक्शन लड़ना बंद क्यों नहीं कर देते'

उन्होंने कहा, 'बार-बार ये सवाल आता है कि BJP-EC की वोट चोरी के खिलाफ विपक्ष चुनाव का बहिष्कार क्यों नहीं कर देता? इस पर हमारा जवाब साफ है कि हमारे लिए भारत का लोकतंत्र सबसे पवित्र है. जिस दिन विपक्ष ने चुनाव लड़ना छोड़ा, उस दिन जनता का लोकतंत्र से भरोसा ही उठ जाएगा और BJP यही चाहती है.'

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आगे कहा, 'हम ये भरोसा टूटने नहीं देंगे. हम हर चोट सहेंगे, हर वोट के लिए लड़ेंगे और हर सच देश के सामने रखेंगे. ये लड़ाई सत्ता की नहीं, संविधान की है. इसकी रक्षा के लिए हम मैदान में थे, हैं और रहेंगे.'

अमेरिका के 3 दिवसीय दौरे पर हैं राहुल गांधी

बताते चलें कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपने 3 दिवसीय अमेरिकी दौरे पर हैं. वे 18 नवंबर 2026 को शिकागो पहुंचे थे, जहां पर यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स और प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ हुए कार्यक्रम में उन्होंने ये बातें कहीं. इस कार्यक्रम में उन्होंने भारत से जुड़े तमाम मुद्दों पर खुलकर बोला.

भारत-इजरायल संबंधों पर बोलते हुए उन्होंने मोदी सरकार की विदेश नीति का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि भारत का इजरायल से हथियार खरीदना और बेहतर संबंध रखना देश के हित में हैं. हालांकि, उन्होंने गाजा संघर्ष और हिंसा की भी निंदा की.

युवाओं को हमेशा जिज्ञासु रहना चाहिए- राहुल गांधी

यूनिवर्सिटी में उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को जिज्ञासु रहना चाहिए. युवावस्था का मतलब खुलकर हर विषय पर सवाल पूछना है. इसलिए इसमें संकोच नहीं करना चाहिए. दिल्ली में प्रदूषण के हालात पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वहां की खराब हवा की वजह से उन्हें अक्सर सिरदर्द रहता है. इससे बचने के लिए उन्हें घर में एयर प्यूरीफायर लगाना पड़ा है।   
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More