App

बिना अनुमति बोरिंग कराई तो होगी 2 साल जेल, ₹10000 तक लग सकता है जुर्माना, छिंदवाड़ा कलेक्टर ने जारी किए आदेश

छिंदवाड़ा में भूजल स्तर गिरने से पानी का संकट गहरा गया है. इसको लेकर जिला कलेक्टर ने सरकारी और निजी बोरिंग कराने पर प्रतिबंध लगा दिया है.

बिना अनुमति बोरिंग कराई तो होगी 2 साल जेल, ₹10000 तक लग सकता है जुर्माना, छिंदवाड़ा कलेक्टर ने जारी किए आदेश
Image Credit: ZEE CREATIVE

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ी जिले में इस साल औसत से कम बारिश हुई है, जिससे जिले का भू-जल स्तर काफी तेजी से नीचे गिर रहा है. इसको देखते हुए जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी हरेंद्र नारायण ने पूरे छिंदवाड़ा जिले को जल अभावग्रस्त घोषित कर दिया है. इसके साथ ही जिले में सरकारी और निजी नलकूप खनन पर 30 जून 2027 तक प्रतिबंध लगा दिया गया है.

जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने 19 नवंबर 2026 को एक आदेश जारी किया है. आदेश के मुताबिक, इस साल जिले में मात्र 834.2 मिमी बारिश हुई है, जो जिले की औसत वर्षा 1058.1 मिमी का मात्र 78.83 प्रतिशत है.

आदेश में क्या - क्या कहा गया है ?

आदेश के मुताबिक, कृषि एवं व्यावसायिक कार्यों के लिए भू-जल स्रोतों का अत्यधिक दोहन होने के कारण पेयजल स्रोतों एवं नलकूपों का जल स्तर तेजी से गिर रहा है. आगामी ग्रीमष्मकाल में पेयजल संकट की संभावना को देखते हुए मध्य प्रदेश पेयजल परिरक्षण अधिनियम 1986 के तहत पेयजल से अलग अन्य प्रयोजन के लिए नई निजी नलकूपों के खनन पर प्रतिबंधन लगाना आवश्यक हो गया है.

आदेश में यह भी बताया है कि सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना कोई भी निजी नलकूप खनन नहीं करा सकेगा. बोरिंग मशीनों को भी जिले की राजस्व सीमा में प्रवेश के लिए संबंधित एसडीएम से लिखित अनुमति लेनी होगी. हालांकि, सार्वजनिक मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों से गुजरने वाली मशीनों को छूट दी गई है.

सजा-जुर्माने का किया गया प्रावधान

राजस्व और पुलिस अधिकारियों को अवैध रूप से जिले में प्रवेश करने वाली या प्रतिबंधित इलाके में बोरिंग का प्रयास करने वाली मशीनें जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं. संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी. इसके अलावा, जुर्माने का भी प्रावधान किया गया है.

एमपी पेयजल परिरक्षण (संशोधन) अधिनियम 2022 की धारा 9 के तहत पहली बार उल्लंघन करने पर 5 हजार रुपए और इसके बाद प्रत्येक उल्लंघन पर 10 हजार रुपए जुर्माने का प्रावधान है. दोषी को 2 साल तक के कारावास या जुर्माने अथवा दोनों से दंडित किया जा सकता है.

क्या बोले कार्यपालन यंत्री सुधांशु जैन?

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री सुधांशु जैन ने बताया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अपनी कार्ययोजनाओं के तहत नलकूप खनन करा सकेगा. सरकारी योजनाओं के इन कार्यों के लिए अलग से अनुमति लेने की जरूरत नहीं होगी. वहीं, अपरिहार्य परिस्थितियों और अन्य आवश्यक प्रयोजनों के लिए संबंधित एसडीएम जांच के बाद अनुमति दे सकेंगे.

वहीं निजी नलकूपों पर प्रतिबंध लगाया गया है और कम बारिश के कारण जलस्तर लगातार गिर रहा है जिसके कारण पेयजल परीक्षण अधिनियम लागू किया गया. इसमें वैधानिक कार्यवाही भी की जाएगी, जिसने 5 से 10 हजार तक जुर्माना और 2 साल की जेल का भी प्रावधान किया गया है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More