App

'आज जान गई...', आगजनी और पथराव के बीच मतदान केंद्र में फंसे थे कर्मचारी, RO ने सुनाई उस रात की कहानी

बांसवाड़ा के बावड़ी निनामा मतदान केंद्र पर सरपंच मतगणना के बाद आगजनी और पथराव हुआ. RO ताराचंद गुर्जर ने वीडियो में बताया कि उपद्रवियों ने केंद्र को घेरकर आग लगाने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि समय पर पहुंची पुलिस ने सभी कर्मचारियों की जान बचाई.

'आज जान गई...', आगजनी और पथराव के बीच मतदान केंद्र में फंसे थे कर्मचारी, RO ने सुनाई उस रात की कहानी
Image Credit: Banswara News

बांसवाड़ा जिले की छोटी सरवा पंचायत समिति के बावड़ी निनामा आदर्श मतदान केंद्र पर सरपंच चुनाव की मतगणना के बाद जमकर बवाल हुआ. हारे हुए प्रत्याशी के समर्थकों ने कथित तौर पर मतदान केंद्र को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया. हालात इतने बिगड़ गए कि केंद्र के अंदर मौजूद कर्मचारियों को अपनी जान का खतरा महसूस होने लगा. अब उस रात की घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें मौके पर मौजूद रिटर्निंग ऑफिसर (RO) ताराचंद गुर्जर ने पूरी आपबीती बताई है. उन्होंने पुलिस की तारीफ करते हुए कहा, "पुलिस सच में भगवान है, अगर वह समय पर नहीं आती तो हम मर जाते."

जीते प्रत्याशी को ले जाते समय शुरू हुआ हंगामा
RO ताराचंद गुर्जर के अनुसार, सरपंच की मतगणना के बाद पुलिस टीम जीते हुए प्रत्याशी को गाड़ी में बैठाकर सुरक्षित स्थान पर ले जा रही थी. इसी दौरान हारे हुए प्रत्याशी के समर्थकों और उपद्रवियों ने पूरे मतदान केंद्र को घेर लिया. उन्होंने पथराव शुरू कर दिया. हालात बिगड़ने पर जीता हुआ प्रत्याशी और पुलिस टीम वापस मतदान केंद्र पहुंचे. इसके बाद सभी दरवाजे बंद कर दिए गए.

मतदान केंद्र में आग लगाने की कोशिश
RO ने बताया कि उपद्रवियों ने मतदान केंद्र में आग लगाने की कोशिश की. जोनल मजिस्ट्रेट की कार को भी आग के हवाले कर दिया गया. उनके मुताबिक, उपद्रवी सूखी घास लेकर आए थे और पूरे मतदान केंद्र को आग लगाने की तैयारी में थे. अंदर मौजूद कर्मचारियों ने दरवाजे बंद कर खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन उपद्रवियों ने पथराव करने के साथ सरियों से दरवाजे तोड़ने शुरू कर दिए.

पुलिस के सायरन से लौटी जान में जान
ताराचंद गुर्जर ने बताया कि अंदर मौजूद सभी कर्मचारियों को लगने लगा था कि अब उनकी जान नहीं बचेगी. तभी कुछ देर बाद पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनाई दिया. इसके बाद उन्हें राहत मिली. उन्होंने कहा कि DSP, SHO और अन्य पुलिसकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर उपद्रवियों को खदेड़ा. इस दौरान पुलिसकर्मियों पर भी पथराव हुआ, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और सभी को सुरक्षित बचाया.

कलेक्टर और SP भी पहुंचे मौके पर
घटना के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव और SP सुधीर जोशी भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थिति को संभाला. RO के इस वीडियो के सामने आने के बाद उस रात मतदान केंद्र के अंदर मौजूद कर्मचारियों की मुश्किलों और पुलिस की कार्रवाई का पूरा घटनाक्रम सामने आया है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More