)
इस समय देश के अलग-अलग हिस्सों में जिस तरह से प्रोटेस्ट हो रहे हैं और लाखों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए हैं, उसने हर किसी को चिंता में डाल दिया है. इस सेंससिटिव माहौल को देखकर बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस ईशा कोप्पिकर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने देश की नई जनरेशन से बहुत समझदारी और जिम्मेदारी के साथ पेश आने की अपील की है, जो इस समय सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है. ईशा कोप्पिकर ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए देश के यूथ से खास अपील की है. उन्होंने मैसेज देते हुए कहा, 'सिर्फ एक भीड़ न बनकर मिसाल बनें युवा'.
ईशा ने अपने वीडियो में यूथ को मैसेज देते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ देश की एक आम पीढ़ी बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें एक ऐसी जिम्मेदार इंसान बनने की जरूरत है, जो अपने से आगे की सोच रखे. एक्ट्रेस ने कहा कि आज के यूथ में इतनी ताकत है कि वो समाज के सामने एक मिसाल कायम कर सकते हैं, एक नजीर बन सकते हैं और पॉजिटिव बदलाव के लिए दूसरों को इंस्पायर कर सकते हैं.
एक्ट्रेस का ये वीडियो यूथ को सोचने पर मजबूर करता है कि उनका हर कदम देश के आने वाले कल पर गहरा असर डालता है. एक मजबूत और बेहतर भारत बनाने का मैसेज दिया. अपनी इस खास अपील में ईशा ने जोर देकर कहा कि आज देश के युवाओं को किसी भी हंगामे का हिस्सा बनने के बजाए एक मजबूत, समझदार और बेहतर भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए.
एक्ट्रेस ने अपने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा, 'सिर्फ एक जनरेशन बनकर न रहें. एक ऐसी जिम्मेदार जनरेशन बनें, जो अपने से आगे की सोचे, मिसाल बनकर नेतृत्व करें, मिसाल कायम करें और बदलाव के लिए आम लोगों को इंस्पायर करें. ऐसी पीढ़ी बनें जो एक मजबूत, समझदार और बेहतर भारत की ओर बढ़े.' उन्होंने ये भी समझाया कि गुस्सा या विरोध जताना हर इंसान का अधिकार हो सकता है, लेकिन देश की तरक्की और उसकी प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाए बिना शांति से आगे बढ़ना ही सच्ची समझदारी है. देश तभी आगे बढ़ेगा, जब युवा रचानत्मक तरीके से सोचेंगे.
ईशा ने इस वीडियो के आखिर में अधिकार के साथ-साथ कर्तव्यों को भी समझने की बात कही. उन्होंने कहा कि अक्सर लोग ये हिसाब लगाते हैं कि देश ने उन्हें क्या दिया है, लेकिन असली बदलाव तब आएगा, जब हम ये सोचना शुरू करेंगे कि हमने देश के लिए क्या किया है. उनका ये मैसेज सिर्फ प्रोटेस्ट कर रहे युवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक के लिए एक सीख है कि अपने अधिकारों की लड़ाई के साथ-साथ देश के लिए अपनी जिम्मेदारियों को भी कभी नहीं भूलना चाहिए.

बात करें ईशा कोप्पिकर के शानदार फिल्मी करियर की तो, उन्होंने अपने एक्टिंग और खूबसूरती के दम पर हिंदी सिनेमा में एक खास जगह बनाई है. साल 2000 में फिल्म 'फिजा' से उन्होंने अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत की. इसके बाद ईशा ने 'कंपनी', 'पिंजर', 'डॉन' और 'कृष्णा कॉटेज' जैसी फिल्मों में अपनी दमदार एक्टिंग से ऑडियंस का दिल जीत लिया था. हिंदी के अलावा उन्होंने तमिल, तेलुगु और कन्नड़ सिनेमा में भी कई बड़े प्रोजेक्ट्स में काम किया है और वो अक्सर सामाजिक मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखती नजर आती हैं.