छोटे पर्दे पर 'राम' के किरदार से हर किसी का दिल जीत लेने वाले एक्टर गुरमीत चौधरी इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'तुम मेरे हो' को लेकर खबरों में छाए हुए हैं. ये फिल्म 23 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है, जिसमें उनके साथ ईशा मालवीय बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं. फिल्म का निर्देशन आशीष पांडा ने किया है. वहीं मेकर्स के मुताबिक, इसमें रोमांस के साथ-साथ एक्शन का जबरदस्त तड़का भी देखने को मिलने वाला है. गुरमीत के लिए ये प्रोजेक्ट काफी खास है क्योंकि एक्टिंग के साथ-साथ वो इसके निर्माता भी हैं, लेकिन फिल्म की रिलीज से ठीक पहले वो सोशल मीडिया पर एक अलग ही वजह से ट्रोलर्स के निशाने पर आ गए हैं.
फिल्म की रिलीज से पहले गुरमीत ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया था. इस वीडियो में उन्होंने बिहार के लोगों से अपनी फिल्म को देखने और समर्थन देने की खास अपील की. एक्टर ने बड़े ही इमोशनल अंदाज में कहा कि उन्हें अपने बिहारी होने पर गर्व है और इस फिल्म को बनाने में उन्होंने अपनी सारी कमाई के साथ-साथ अपना दिल भी लगाया है.
गुरमीत ने अपनी इस वीडियो में आगे ये भी कहा कि कुछ लोग उन्हें गिराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी असली हिम्मत बिहार की जनता है. हालांकि, उनकी ये अपील उल्टी पड़ गई और सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया. गुरमीत चौधरी के इस वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने जमकर अपनी भड़ास निकाली. लोगों ने उन्हें ट्रोल करते हुए कहा कि जब बिहार में बाढ़ जैसी गंभीर समस्याएं आती हैं, तब बड़े-बड़े कलाकारों की आवाज सुनाई नहीं देती. लेकिन जैसे ही अपनी फिल्म का प्रमोशन करना होता है, तुरंत बिहारी प्रेम जाग जाता है.
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने तंज कसते हुए यहां तक लिख दिया कि फिल्म का प्रमोशन करना होता है, तभी अपना स्टेट याद आता है, वरना बाकी समय कोई सुध नहीं लेता. ट्रोलिंग का सिलसिला यहीं नहीं थमा, बल्कि यूजर्स ने एक्टर की पर्सनल लाइफस्टाइल और बयानों पर भी निशाना साधना शुरू कर दिया. कुछ लोगों ने मजाकिया और तंज कसते हुए लिखा अब तो एक्टर खुद को भूलकर दूसरे रंग-ढंग में ढल चुके हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर जड़ों की याद आ जाती है.
एक बिहारी होने का गर्व हमेशा रहा है। ❤️ हाथ जोड़कर अपने बिहार के लोगों से कह रहा हूँ—‘तुम मेरे हो’ बनाने में बहुत मेहनत की है, अपनी कमाई और दिल, दोनों लगाए हैं। अब आपके साथ की ज़रूरत है। 🙏 कई लोग मुझे नीचे गिराना चाहते हैं, लेकिन मेरा हौसला आप हैं। मुझे भरोसा है कि मेरे बिहार के लोग मेरे साथ खड़े हैं। इस बार सिनेमाघरों में आकर इतना प्यार दीजिए कि सबको दिख जाए—बिहार अपने बेटे के साथ है। ❤️ कल, 23 अक्टूबर से ‘तुम मेरे हो’ आपके नज़दीकी सिनेमाघरों में। 🙏 #गर्वसेबिहारी #Bihar #TumMereHo
— GURMEET CHOUDHARY (@gurruchoudhary) October 22, 2026
विवादों और ट्रोलिंग के बीच गुरमीत चौधरी की फिल्म 'तुम मेरे हो' आज सिनेमाघरों में उतर चुकी है. इस फिल्म से 'बिग बॉस' फेम ईशा मालवीय अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करते हुए बॉलीवुड में एंट्री कर ली है. फिल्म की कहानी में प्यार, दिल टूटने का दर्द और एक्शन का मिला-जुला रूप देखने को मिलेगा. गुरमीत इस फिल्म के निर्माता भी हैं, इसलिए उनके लिए बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म का सफल होना और ऑडियंस का प्यार मिलना बहुत जरूरी है.
एक तरफ जहां गुरमीत चौधरी ने अपनी मेहनत और दिल से फिल्म बनाने की बात कही है, तो वहीं दूसरी तरफ जनता का ये गुस्सा उनके लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है. सोशल मीडिया पर जिस तरह से लोग अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं, उससे ये देखना दिलचस्प होगा कि इसका असर फिल्म की कमाई पर कितना पड़ता है. क्या फैंस नाराजगी को किनारे रखकर सिनेमाघरों तक जाएंगे या फिर ये विवाद फिल्म के बिजनेस पर भारी पड़ेगा? इसका जवाब तो आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस के आंकड़े ही देंगे.