'देशहित से बड़ा कुछ नहीं..' फवाद खान की पाकिस्तानी सीरीज पर घमासान जारी, अशोक पंडित का बॉलीवुड पर तीखा हमला, Netflix को दी वॉर्निंग
नेटफ्लिक्स की अपकमिंग पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर पूरे देश में विवाद गरमा गया है. FWICE की सख्त चेतावनी और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के हस्तक्षेप के बीच, फिल्ममेकर अशोक पंडित ने बॉलीवुड सितारों की चुप्पी पर कई सवाल उठाए हैं.
एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में इन दिनों नेटफ्लिक्स की अपकमिंग पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर भारी बवाल मचा हुआ है. फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) द्वारा इस शो के विरोध के बीच अब फिल्ममेकर और IFTDA के अध्यक्ष अशोक पंडित ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री की खामोशी पर तीखा सवाल उठाया है. उन्होंने इस सेंसिटिव मुद्दे पर बॉलीवुड स्टार्स के आगे न आने पर नाराजगी जताते हुए सुरक्षा बलों और पीड़ितों के लिए सम्मान दिखाने की बात कही है. मीडिया से बातचीत करते हुए अशोक पंडित ने बॉलीवुड के रवैये पर निराशा जाहिर की है.
अशोक ने आगे कहा, 'हमारी इंडस्ट्री के लोग आगे क्यों नहीं आते?' उन्होंने आगे कहा, 'एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की एक बड़ी संस्था, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने ये मामला सामने लाया है क्योंकि हम नहीं चाहते कि पाकिस्तान, जो एक दुश्मन देश है, जो कई लोगों की जान लेने के लिए जिम्मेदार है और एक आतंकी देश है, उसकी यहां कोई मौजूदगी हो. ये एक बहुत ही सेंसिटिव मुद्दा है.' अपनी बात जारी रखते हुए उन्होंने कहा, 'हमें अपने सुरक्षा बलों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान दिखाना चाहिए... हमें पीड़ितों का भी सम्मान करना चाहिए.'
नेटफ्लिक्स को नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव की चेतावनी
अशोक पंडित ने साफ किया कि अगर नेटफ्लिक्स उनकी आपत्तियों को गंभीरता से नहीं लेता है, तो उसके खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने दावा किया, 'इन वजहों से, हमने तय किया है कि हम इस कंटेंट को यहां स्ट्रीम या टेलीकास्ट नहीं होने देंगे. अच्छी बात ये है कि सरकार ने नेटफ्लिक्स को एक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है कि इस कंटेंट को स्ट्रीम नहीं किया जा सकता.'
उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी, 'अगर हमारी रिक्वेस्ट को नजरअंदाज किया गया और अगर नेटफ्लिक्स इंडिया हमारी राष्ट्रीय भावनाओं का सम्मान नहीं करता है, तो हम एक नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव शुरू करेंगे. इसका मतलब है कि हमारा कोई भी वर्कर या टेक्नीशियन नेटफ्लिक्स के किसी भी प्रोडक्शन पर काम नहीं करेगा, जिससे उनके लिए कोई भी शूटिंग करना नामुमकिन हो जाएगा. उन्होंने आगे कहा, 'मैं पूरे भारत में बोल रहा हूं, क्योंकि पूरा FWICE नेटवर्क इस पर एकमत है.'
FWICE अध्यक्ष बीएन तिवारी का अल्टीमेटम
FWICE के प्रेसिडेंट बीएन तिवारी ने भी नेटफ्लिक्स को अल्टीमेटम देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की थी. तिवारी ने कहा, 'इसके बावजूद, उन्होंने अब एक पाकिस्तानी सीरीज का प्रोमो लॉन्च किया है और शो भी जल्द ही रिलीज होगा. मुझे पता है कि उनका कंट्रोल अमेरिका से है और टेलीकास्ट वहीं से होता है. वरना, अगर ये भारत के किसी कोने से होता, तो हम इसे अब तक रोक चुके होते.'
करीब पांच लाख मेंबर वाले इस संगठन की ताकत बताते हुए उन्होंने कहा, 'नेटफ्लिक्स अब तक हमारी अच्छी किताबों में रहा है. अगर वो इसे नहीं रोकते हैं, तो जहां भी उनकी शूटिंग हो रही है, मैं वहां से अपने लोगों को निकाल लूंगा, और हर लोकेशन पर उनकी शूटिंग रोक दी जाएगी.'
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने दिलाई पुराने वादे की याद
इस पूरे विवाद के बीच सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने भी सख्ती दिखाते हुए नेटफ्लिक्स को अपनी 2025 की एडवाइजरी का पालन करने का निर्देश दिया है. मंत्रालय ने स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म को पिछले साल जून में किए गए उस वादे की याद दिलाई है, जिसमें कंपनी ने भरोसा दिया था कि वो भारत में अपने व्यूअर के लिए पाकिस्तान में बनने वाली कोई भी फिल्म या सीरीज अवेलेबल नहीं कराएगी.
'जो बचे हैं संग समेट लो' की दमदार स्टारकास्ट
मोमिना दुरैद द्वारा निर्देशित ये सीरीज साल 2013 में छपी राइटर फरहत इश्तियाक के पॉपुलर उर्दू उपन्यास पर आधारित है, जिसमें 6 प्रेम कहानियां दिखाई गई हैं. आठ साल की लंबी तैयारी के बाद बने इस शो में फवाद खान, माहिरा खान, सनम सईद, अहद रजा मीर, इकरा अजीज, हानिया आमिर और हमजा अली अब्बासी मुख्य भूमिकाओं में हैं. 4 दिसंबर, 2026 की रिलीज से पहले हाल ही में कराची के हिस्टोरिकल मोहट्टा पैलेस में इसका ट्रेलर लॉन्च किया गया है.