App

राम मंदिर में बदला कर्मचारियों का ड्रेस कोड, बिना जेब वाली डांगरी पहनकर गिन रहे चढ़ावा

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती करने वाले कर्मचारियों के लिए नया ड्रेस कोड लागू हुआ है. अब कर्मी बिना जेब वाली डांगरी पहन रहे हैं. काउंटिंग रूम में प्रवेश से पहले तीन स्तर की प्रक्रिया और दो जगह जांच अनिवार्य है.

राम मंदिर में बदला कर्मचारियों का ड्रेस कोड, बिना जेब वाली डांगरी पहनकर गिन रहे चढ़ावा
Image Credit: Ramlala Chadava Counting New Rule (Image ZEE CREATIVE)

विशाल सिंह/अयोध्या: अयोध्या में राम मंदिर में रामलला के दरबार में रोज़ लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. ये श्रद्धालु अपनी श्रद्धा से दान, चढ़ावा और नकद राशि भी चढ़ाते हैं. अब इसी चढ़ावे की गिनती को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने एक बड़ा फैसला लिया है. ट्रस्ट ने गिनती की पूरी प्रक्रिया को और ज्यादा पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं. अब चढ़ावा गिनने वाले कर्मचारियों को बिना जेब वाली खास डांगरी पहनना होता है. यानी गिनती के समय उनकी ड्रेस में कोई जेब ही नहीं होगी, ताकि कोई भी चीज छिपाकर अंदर या बाहर ना ले जाई जा सके. ये नियम लागू हुए करीब 15 दिन हो चुके हैं.

गिनती के समय रहेगी कड़ी निगरानी

पहले चढ़ावे की गिनती को लेकर एक मामला सामने आया था, जिसमें चोरी की बात कही गई थी. उसी घटना के बाद ट्रस्ट ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है. अब गिनती के समय कमरे में सिर्फ गिनने वाले कर्मचारी ही नहीं, बल्कि कई विभागों के लोग भी मौजूद रहते हैं. गिनती के दौरान एसआईएस सिक्योरिटी के पांच कर्मचारी लगातार निगरानी के लिए तैनात रहते हैं. इसके साथ ही दो पुलिसकर्मियों की मौजूदगी भी अनिवार्य कर दी गई है. पूरी प्रक्रिया के दौरान दो बैंककर्मी और ट्रस्ट के दो प्रतिनिधि भी वहीं पर बैठते हैं.  मतलब, अब एक-एक नोट की गिनती कई लोगों की नजर के सामने होती है.

तीन जगह एंट्री, दो जगह चेकिंग

ट्रस्ट ने कर्मचारियों की आवाजाही पर भी खास नजर रखी जा रही है. अब गिनती में शामिल होने वाले हर कर्मचारी को तीन अलग-अलग जगह पर अपनी एंट्री दर्ज करानी होती है.  इसके बाद दो जगह पर उनकी तलाशी और चेकिंग की जाती है. ट्रस्ट का साफ कहना है कि गिनती वाले कमरे में किसी भी तरह का अनधिकृत सामान नहीं जाना चाहिए. ना कोई बैग, ना कोई थैला और ना ही कोई ऐसी चीज जिससे चढ़ावे में गड़बड़ी हो सके.

श्रद्धालुओं का भरोसा बना रहे, यही मकसद

ट्रस्ट के अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा से चढ़ावा चढ़ाते हैं. इसलिए एक-एक रुपये का हिसाब सही तरीके से रखना ट्रस्ट की जिम्मेदारी है. नए नियमों से ना सिर्फ गिनती में पारदर्शिता आएगी, बल्कि कर्मचारियों पर भी किसी तरह का गलत आरोप नहीं लगेगा. अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं ने भी इस फैसले का स्वागत किया है. उनका कहना है कि इससे रामलला के दरबार की व्यवस्था और ज्यादा साफ-सुथरी होगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान को पत्रकारतिा के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. प्रिंट मीडिया के साथ टीवी चैनल का अनुभव भी है. डिजिटल मीडिया में गहरी पकड़ है. ग्राउंड-जीरो रिपोर्टिंग का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद प्रीति चौहान ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने हिंदुस्थान समाचार (न्यूज एंजेसी के डिजिटल प्लेटफॉर्म), अमर उजाला, इंडिया वॉच और श्रीन्यूज जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ रिपोर्टिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.प्रीति चौहान से आप PREETI.CHAUHAN@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. 
Read More