App

अयोध्या रामनगरी से जनकपुर धाम तक जाने वाली ट्रेन में सफर से पहले जान लें ये 4 बातें, जयनगर में बदल जाएंगे यात्रा के नियम!'

अयोध्या से जनकपुर धाम जाने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस जयनगर में दो घंटे रुकेगी. यहां यात्रियों के दस्तावेज और सामान की जांच होगी. इमिग्रेशन सुविधा शुरू नहीं होने से फिलहाल सिर्फ भारतीय और नेपाली नागरिक सफर कर सकेंगे.

अयोध्या रामनगरी से जनकपुर धाम तक जाने वाली ट्रेन में सफर से पहले जान लें ये 4 बातें, जयनगर में बदल जाएंगे यात्रा के नियम!'
Image Credit: Ayodhya Janakpur Train

अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम जाने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस से सफर करने की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए जयनगर स्टेशन से जुड़ी कुछ जरूरी बातें जानना जरूरी है. भारत से नेपाल जाने वाली यह ट्रेन बिहार के जयनगर स्टेशन पर दो घंटे रुकेगी. इस दौरान यात्रियों के दस्तावेज और सामान की जांच होगी. कस्टम विभाग के साथ SSB, RPF और GRP के जवान भी जांच प्रक्रिया में शामिल रहेंगे. वहीं, फिलहाल इमिग्रेशन की सुविधा शुरू नहीं होने के कारण दूसरे देशों के नागरिक इस ट्रेन से सफर नहीं कर सकेंगे. आइए जानते हैं इस ट्रेन में सफर से जुड़े पांच जरूरी सवालों के जवाब.

1. क्या दूसरे देशों के नागरिक ट्रेन में कर सकेंगे सफर?
फिलहाल इसका जवाब नहीं है. जयनगर स्टेशन पर ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन (BoI) की इमिग्रेशन क्लियरेंस सुविधा अभी शुरू नहीं हुई है. इसी वजह से शुरुआती दौर में सिर्फ भारतीय और नेपाली नागरिकों को ही इस ट्रेन से यात्रा करने की अनुमति होगी. SSB की 48वीं बटालियन के कमांडेंट राजेंद्र सिंह के मुताबिक, इमिग्रेशन सुविधा शुरू होने के बाद दूसरे देशों के नागरिकों को यात्रा की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है.

2. जयनगर में दो घंटे ट्रेन क्यों रुकेगी?
बिहार के मधुबनी जिले में स्थित जयनगर भारत का आखिरी रेलवे स्टेशन है. यहां से ट्रेन नेपाल के जनकपुर धाम की ओर जाएगी. अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने से पहले यात्रियों और उनके सामान की जांच की जाएगी. इसी प्रक्रिया के लिए अयोध्या से जनकपुर जाने वाली ट्रेन का यहां दो घंटे का ठहराव रखा गया है.

3. क्या यात्रियों को पहचान पत्र दिखाना होगा?
हां, यात्रियों को अपनी पहचान से जुड़े दस्तावेज दिखाने पड़ सकते हैं. जयनगर में SSB के जवान यात्रियों के दस्तावेजों की जांच करेंगे. इसके अलावा कस्टम विभाग और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी.

4. क्या बैग और सामान की भी होगी जांच?
हां, यात्रियों के सामान की भी जांच होगी. किसी यात्री या उसके सामान पर संदेह होने पर उसे ट्रेन से उतारकर स्कैनिंग की जा सकती है. जांच में कस्टम विभाग, SSB, RPF और GRP के जवान शामिल रहेंगे.

वापसी में एक घंटे रुकेगी ट्रेन
सरयू-कमला एक्सप्रेस का जयनगर में ठहराव आने और जाने के दौरान अलग-अलग होगा.
- अयोध्या से जनकपुर: मंगलवार सुबह 8:30 बजे जयनगर पहुंचेगी और सुबह 10:30 बजे रवाना होगी. यानी दो घंटे का ठहराव रहेगा.
- जनकपुर से अयोध्या: शनिवार दोपहर 2:10 बजे जयनगर पहुंचेगी और दोपहर 3:10 बजे रवाना होगी. यानी एक घंटे का ठहराव रहेगा.

28 नवंबर से शुरू होगी नियमित सेवा
सरयू-कमला एक्सप्रेस को 23 नवंबर 2026 को हरी झंडी दिखाई गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को रवाना किया. इसकी नियमित यात्री सेवा 28 नवंबर से शुरू होनी है. करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन अयोध्या और जनकपुर धाम को रेल मार्ग से जोड़ेगी.

 

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो