App

सीक्रेट फोटो खींची, रोबोट का पुर्जा चुराया और ईरान से की डील: अमेरिका की कोर्ट में खुली चीनी कंपनी Huawei की पूरी पोल

अमेरिका की एक जूरी ने चीन की दिग्गज टेक कंपनी Huawei को बैंक फ्रॉड, ईरान पाबंदियां तोड़ने और ट्रेड सीक्रेट चोरी के 10 आरोपों में दोषी ठहराया है.

सीक्रेट फोटो खींची, रोबोट का पुर्जा चुराया और ईरान से की डील: अमेरिका की कोर्ट में खुली चीनी कंपनी Huawei की पूरी पोल
Image Credit: अमेरिका की एक जूरी ने Huawei चोरी के 10 आरोपों में दोषी ठहराया है.

चीन की टेलीकॉम कंपनी Huawei को अमेरिका की एक फेडरल जूरी ने बैंक फ्रॉड, ईरान पर लगी अमेरिकी पाबंदियों को तोड़ने और अमेरिकी कंपनियों के ट्रेड सीक्रेट चुराने के आरोप में दोषी ठहराया है. साल 2018 से चले आ रहे इस हाई-प्रोफाइल केस में ब्रुकलिन की जूरी ने मंगलवार को अपना फैसला सुनाया. कुल 12 आपराधिक आरोपों में से 10 में Huawei को दोषी पाया गया है. हालांकि, कंपनी को रैकेटियरिंग की साजिश रचने और न्याय में बाधा डालने के आरोप से बरी कर दिया गया है.

दो महीने चला ट्रायल और 60 से ज्यादा गवाह
ब्रुकलिन की कोर्ट में चला यह मुकदमा कोई छोटा-मोटा विवाद नहीं था. यह ट्रायल दो महीने से अधिक समय तक चला, जिसमें अभियोजन पक्ष यानी प्रॉसिक्यूटर्स ने 60 से ज्यादा गवाहों को पेश किया, जबकि बचाव पक्ष ने 15 गवाहों के जरिए अपना पक्ष रखा. अमेरिकी अधिकारियों का सीधा आरोप था कि Huawei ने ईरान में अपने बिजनेस की सच्चाई छिपाकर बड़े अंतरराष्ट्रीय बैंकों को गुमराह किया ताकि अमेरिकी पाबंदियों से बचा जा सके.

इस मामले में Huawei और उसकी तीन सहयोगी कंपनियों पर बैंक फ्रॉड, वायर फ्रॉड, पाबंदियों के उल्लंघन, ट्रेड सीक्रेट चोरी करने की साजिश और जांच में रुकावट डालने जैसे गंभीर आरोप लगे थे. प्रॉसिक्यूटर्स के मुताबिक, कंपनी ने HSBC, Standard Chartered और BNP Paribas जैसे बड़े बैंकों को ईरान में अपने ऑपरेशंस के बारे में धोखे में रखा.

रोबोट के पुर्जे से लेकर सीक्रेट फोटो तक, कोर्ट में क्या-क्या सामने आया
इस केस का सबसे दिलचस्प और चौंकाने वाला हिस्सा अमेरिकी कंपनियों की तकनीक चुराने के आरोप रहे. प्रॉसिक्यूटर्स ने जूरी के सामने ऐसे सबूत रखे जिनके आधार पर दावा किया गया कि Huawei ने करीब दो दशकों तक अमेरिकी कंपनियों की गोपनीय तकनीक हासिल करने की कोशिश की.

कोर्ट में बताया गया कि Huawei ने Cisco Systems से राउटर का सोर्स कोड और वायरलेस टेलीकॉम कंपनी Quintel से एंटीना तकनीक चुराई. इसके अलावा सेमीकंडक्टर फर्म CNEX द्वारा तैयार की गई सर्किट बोर्ड तकनीक तक पहुंचने की कोशिश करने का भी आरोप लगा.

यही नहीं, जूरी को एक वीडियो फुटेज भी दिखाई गई. प्रॉसिक्यूटर्स के मुताबिक, इस फुटेज में Huawei का एक कर्मचारी T-Mobile के टेस्टिंग रोबोट से एक पुर्जा निकालता हुआ नजर आया. साथ ही जूरी ने यह आरोप भी सुना कि एक ट्रेड शो के दौरान Fujitsu के एग्जीबिशन बूथ पर Huawei के एक इंजीनियर ने चुपके से एक डिवाइस की फोटो खींची थी.

फाउंडर की बेटी की गिरफ्तारी से छिड़ा था बड़ा कूटनीतिक विवाद
इस पूरे केस की जड़ें दिसंबर 2018 में हुई एक बड़ी गिरफ्तारी से भी जुड़ी हैं, जिसने अमेरिका, चीन और कनाडा के बीच भारी कूटनीतिक तनाव पैदा कर दिया था. उस समय Huawei के संस्थापक की बेटी और कंपनी की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर Meng Wanzhou को अमेरिकी वारंट पर कनाडा में हिरासत में लिया गया था.

उन पर आरोप था कि उन्होंने ईरान में Huawei के कामकाज को लेकर HSBC के एक बैंकर को गलत जानकारी दी, जिससे कंपनी अमेरिकी पाबंदियों का उल्लंघन करते हुए वित्तीय लेनदेन कर सकी. Meng ने करीब तीन साल तक अमेरिका प्रत्यर्पण के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी. बाद में अमेरिकी अधिकारियों के साथ एक समझौते के तहत वह चीन लौट गईं, जहां उनका हीरो की तरह स्वागत हुआ, और बाद में उनके खिलाफ आरोप वापस ले लिए गए.

हालांकि Meng इस ट्रायल में गवाही देने नहीं आईं, लेकिन 2013 में उनसे मिलने वाले HSBC बैंकर ने गवाह के तौर पर कोर्ट में बयान दिया. प्रॉसिक्यूटर्स ने उस समझौते से जुड़ा बयान भी पेश किया जिसमें Meng ने स्वीकार किया था कि Huawei ने ईरान में गैरकानूनी तरीके से कारोबार किया था.

फैसले पर Huawei और अमेरिकी पक्ष ने क्या कहा
फैसले के बाद Huawei ने साफ कहा कि जिन आरोपों में उसे दोषी ठहराया गया है उनका कोई कानूनी आधार नहीं है, और कंपनी अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी कानूनी कदम उठाएगी.

Huawei के वकील Brian Heberlig ने दोषसिद्धि पर निराशा जताई, लेकिन कहा कि रैकेटियरिंग के आरोप से बरी होना कंपनी के अच्छे अनुपालन कल्चर को सही साबित करता है. उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी इस फैसले के खिलाफ अपील करेगी और रैकेटियरिंग आरोप हटने से संभावित आर्थिक जुर्माने पर बड़ा असर पड़ सकता है. ट्रायल के दौरान बचाव पक्ष की दलील यह भी थी कि बैंकों को पहले से ईरान में कंपनी के कामकाज की जानकारी थी और वे फिर भी बिजनेस के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे थे.

दूसरी ओर, अमेरिकी अटॉर्नी Joseph Nocella ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि Huawei का दशकों लंबा रवैया अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने और अमेरिकी कानूनों को कमजोर करने वाला रहा है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Mohit Chaturvedi

Mohit Chaturvedi

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More