App

देख रहा है बिनोद! अब फुलेरा गांव में होगी केविन पीटरसन की एंट्री, सिर पर गमछा बांधे बनराकस संग बाइक पर आए नजर

क्रिकेट मैदान पर छक्के छुड़ाने वाले इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी केविन पीटरसन अब देसी अवतार में नजर आए हैं. अमेजन प्राइम वीडियो की सुपरहिट सीरीज ‘पंचायत 5’ के प्रमोशन के लिए वह फुलेरा गांव पहुंचे हैं. गमछा बांधे बनराकस और बिनोद संग उनकी वायरल तस्वीरों ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है.

देख रहा है बिनोद! अब फुलेरा गांव में होगी केविन पीटरसन की एंट्री, सिर पर गमछा बांधे बनराकस संग बाइक पर आए नजर
Image Credit: फुलेरा गांव में देसी अंदाज में दिखे क्रिकेटर केविन पीटरसन (Screenshot)

क्रिकेट के मैदान पर अपनी तूफानी बल्लेबाजी से बड़े-बड़े बॉलर्स के पसीने छुड़ाने वाले इंग्लैंड के एक्स-क्रिकेटर केविन पीटरसन अब एक बिल्कुल नए और देसी अवतार में नजर आए हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही उनकी फोटो-वीडियो ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया, जिसमें पीटरसन ‘पंचायत’ सीरीज के ‘फुलेरा’ गांव में नजर आ रहे हैं. दरअसल, केविन पीटरसन प्राइम वीडियो की सुपरहिट वेब सीरीज ‘पंचायत’ के 5वें सीजन के एक खास प्रमोशनल कैंपेन का हिस्सा बने हैं. सिर पर देसी गमछा बांधे, कुर्ता और जैकेट पहने पीटरसन को गांव के इस देसी लुक में देखना फैंस के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं है.

प्राइम वीडियो इंडिया ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस खास कैंपेन का एक मजेदार टीजर जारी किया है, जिसने फैंस को सरप्राइज कर दिया. इस छोटी सी झलक में केविन पीटरसन ‘पंचायत’ के जाने-माने और चहेते किरदारों के बीच पूरी तरह घुलते-मिलते दिखाई दे रहे हैं. फुलेरा गांव की उसी पुरानी और जानी-पहचानी लोकेशन में उन्हें शो के मेन किरदारों जैसे प्रधान जी और बनराकस यानी भूषण के साथ देखा जा सकता है. एक फोटो में तो पीटरसन बाइक पर बनराकस और बिनोद के बीच बैठकर सवारी करते हुए बेहद सीरियस, लेकिन मजेदार एक्सप्रेशन देते दिख रहे हैं, जिसे देखकर किसी की भी हंसी छूट जाए.

सोशल मीडिया पर आई मजेदार मीम्स की बाढ़

इस प्रमोशनल वीडियो के सामने आने के बाद खुद क्रिकेटर केविन पीटरसन भी अपनी एक्साइटमेंट नहीं रोक पाए. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कैंपेन से जुड़ी झलक शेयर करते हुए बड़े ही चुटीले और मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘ओह हेलो, बॉलीवुड’. पीटरसन का ये पोस्ट डालना था कि भारतीय फैंस ने कमेंट सेक्शन में मजेदार रिएक्शन की झड़ी लगा दी. लोग ‘पंचायत’ के मशहूर डायलॉग्स को जोड़कर जमकर मीम्स बना रहे हैं. कोई लिख रहा है, ‘देख रहा है बिनोद, अब फुलेरा में केविन पीटरसन भी आ रहे हैं’, तो कोई उनके देसी गमछा लुक की तारीफ करते हुए उन्हें फुलेरा का नया मेंबर बता रहा है.

बनराकस और बिनोद के साथ जमी गजब की जोड़ी

प्राइम वीडियो की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली ‘पंचायत’ सीरीज की सबसे बड़ी खासियत इसके देसी किरदार और उनकी सादगी रही है. ऐसे में एक विदेशी क्रिकेटर को फुलेरा की गलियों में देखना ऑडियंस के लिए एकदम नया एक्सपीरियंस है. वीडियो में जिस तरह केविन पीटरसन ने गांव के माहौल को पकड़ा है, वो वाकई कमाल का है. बनराकस और बिनोद के साथ बाइक की पिछली सीट पर बैठकर उन्होंने जो केमिस्ट्री दिखाई है, उससे साफ है कि ये प्रमोशनल वीडियो काफी एंटरटेनिंग होने वाला है. फैंस इस बात से भी बेहद खुश हैं कि पीटरसन ने भारतीय कल्चर और देसी अंदाज को इतने शानदार तरीके से अपनाया है.

मेकर्स ने की खास प्रमोशनल वीडियो की तैयारी

मेकर्स ने इस बार ‘पंचायत’ के नए सीजन का बज बनाने के लिए एकदम हटकर प्लानिंग की है. क्रिकेट और ओटीटी का ये तड़का ऑडियंस को खूब पसंद आ रहा है. शो की टीम ने जानकारी दी है कि ये वायरल क्लिप मुख्य रूप से ‘पंचायत’ सीजन 5 के प्रमोशन के लिए तैयार किए गए एक स्पेशल एड कैंपेन का हिस्सा है. मेकर्स के मुताबिक, इस मजेदार प्रमोशनल वीडियो का पूरा वर्जन 28 नवंबर को दोपहर 12 बजे रिलीज किया जाएगा. इस पूरे वीडियो में केविन पीटरसन और फुलेरा गांव के बाकी किरदारों की पूरी जुगलबंदी देखने को मिलेगी, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और काफी एक्साइटेड भी नजर आ रहे हैं.

कब OTT पर स्ट्रीम होगी ‘पंचायत 5’ सीरीज?

प्रमोशनल वीडियो के साथ-साथ फैंस को अपनी पसंदीदा वेब सीरीज की रिलीज डेट का भी इंतजार था, जो अब खत्म हो चुका है. ‘पंचायत सीजन 5’ आने वाली 3 दिसंबर 2026 को मोस्ट फेमस ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होने जा रहा है. पिछले चारों सीजन की तरह इस बार भी फुलेरा गांव की राजनीति, सचिव जी की उलझनें और प्रधान जी की जुगत देखने को मिलेगी. केविन पीटरसन के इस सरप्राइज कैमियो ने सीरीज को लेकर फैंस का क्रेज दोगुना कर दिया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि 3 दिसंबर को रिलीज होने वाले नए सीजन में फुलेरा गांव की कहानी कौन सा नया मोड़ लेती है और फैंस को कितनी पसंद आती है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More