App

राजस्थान में रातें सर्द, दिन में चढ़ा पारा; फतेहपुर 4 डिग्री पर ठिठुरा, बाड़मेर 30 पार

राजस्थान में सुबह-शाम सर्दी का असर तेज है. फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि दिन में बाड़मेर समेत 7 शहरों में पारा 30 डिग्री के पार पहुंच गया.

राजस्थान में रातें सर्द, दिन में चढ़ा पारा; फतेहपुर 4 डिग्री पर ठिठुरा, बाड़मेर 30 पार
Image Credit: rajasthan weather update 28 November 2026

जयपुर: राजस्थान में शुक्रवार को शीतलहर थोड़ी नरम पड़ी.दिनभर तेज धूप खिली और हवा की रफ्तार कम हो गई, जिससे दिन का पारा ऊपर चढ़ गया. बाड़मेर, जैसलमेर समेत 7 शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री के पार चला गया. लेकिन सूरज डूबते ही कहानी फिर बदल गई. रात होते ही ठंड ने फिर से जकड़ लिया. फतेहपुर, सीकर, टोंक, अलवर समेत 10 से ज्यादा शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया.

दिन में गर्मी जैसा एहसास, रात में गलन

पिछले 24 घंटे में प्रदेश में आसमान बिल्कुल साफ रहा. बाड़मेर, चित्तौड़गढ़, सीकर, गंगानगर, भीलवाड़ा में दिन का पारा बढ़ने से लोगों को सर्दी से राहत मिली. शुक्रवार को सबसे ज्यादा गर्म बाड़मेर रहा, यहां दिन का तापमान 32.3 डिग्री पहुंचा. गंगानगर में 31.4, चित्तौड़गढ़ में 31.2, जोधपुर में 31, चूरू में 30.2, पिलानी में 30.7 और जैसलमेर में 30.4 डिग्री दर्ज हुआ. मौसम जानकारों का कहना है कि पूर्वी हवा चलने से उत्तर से आ रही सर्द हवा कमजोर पड़ गई, इसलिए दिन में गर्मी बढ़ी. रात में हल्की सर्द हवा का असर फिर भी बना रहेगा.

सबसे ठंडा रहा फतेहपुर

शुक्रवार की रात सबसे ज्यादा ठंड फतेहपुर में पड़ी. यहां न्यूनतम पारा 4 डिग्री पर आ गया.  सीकर में 5, नागौर में 6.4, टोंक में 7.6, अलवर में 8.5, चूरू में 8, पिलानी में 8.2 और भीलवाड़ा में 8.6 डिग्री रहा. इन शहरों में रात को चल रही सर्द हवा ने गलन बढ़ा दी।.

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक हफ्ते तक प्रदेश में मौसम सूखा रहेगा. आसमान साफ रहेगा और दिन में अच्छी धूप निकलेगी, जिससे दिन में ठंड से राहत मिलेगी. रात के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव होता रहेगा. 

अजमेर: दिन में धूप, रात में ठंड. अधिकतम 28.6, न्यूनतम 9.9 डिग्री. सुबह नमी 66% और शाम को 43% रही.

अलवर: सुबह से ही हल्की हवा चली, इसलिए दोपहर में भी ठंड का एहसास बना रहा. अधिकतम करीब 26, न्यूनतम 8.5 डिग्री. सुबह-शाम ठंडी हवा ज्यादा महसूस हो रही है.

जोधपुर: दिन का पारा 31 डिग्री, जो सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा है. रात का पारा 13.4 डिग्री, सामान्य से 0.8 डिग्री ज्यादा. मौसम विभाग का कहना है कि रविवार से रात का पारा फिर गिरेगा और 12 डिग्री तक जा सकता है.

कोटा: दिन का पारा 28 डिग्री, एक दिन पहले 27.8 था.  रात का पारा 10.4 डिग्री. हल्की हवा से सर्दी का असर दिखा. आने वाले दिनों में दिन का पारा और कम हो सकता है.

उदयपुर: दिन का पारा 0.4 डिग्री घटकर 28.2 पर आया, रात का पारा 1.5 डिग्री बढ़कर 9.8 पर पहुंचा. सुबह ठंडी हवा ने ठिठुरन बढ़ाई.

सीकर: सुबह कड़ाके की ठंड, फिर दिनभर धूप खिली रही. फतेहपुर केंद्र पर अधिकतम 29.4 और न्यूनतम 3.3 डिग्री दर्ज हुआ.  पिछले एक हफ्ते से सीकर में रात का पारा लगातार गिर रहा है. अगले 3 दिन मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान को पत्रकारतिा के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. प्रिंट मीडिया के साथ टीवी चैनल का अनुभव भी है. डिजिटल मीडिया में गहरी पकड़ है. ग्राउंड-जीरो रिपोर्टिंग का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद प्रीति चौहान ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने हिंदुस्थान समाचार (न्यूज एंजेसी के डिजिटल प्लेटफॉर्म), अमर उजाला, इंडिया वॉच और श्रीन्यूज जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ रिपोर्टिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.प्रीति चौहान से आप PREETI.CHAUHAN@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. 
Read More