)
मुंबई में हुए अपने एनुअल क्रिएटर इवेंट House of Instagram में Meta ने भारत के लिए Instagram for TV का ऐलान किया है. आने वाले कुछ ही दिनों में यह Apple TV, Fire TV और Google TV जैसे सपोर्टेड डिवाइसेज पर रोलआउट होने वाला है. साफ है कि अब क्रिएटर्स के वीडियो, Reels और Stories सिर्फ अकेले स्क्रॉल करने वाली चीज नहीं रहेंगे, बल्कि लिविंग रूम के बड़े पर्दे पर दोस्तों और फैमिली के साथ देखने की वाइब देने वाले हैं.
भारत में क्यों आ रहा है Instagram for TV और क्या है इसकी बड़ी वजह
पिछले कुछ सालों में शॉर्ट-फॉर्म वीडियो का क्रेज जिस तरह बढ़ा है, उसने एंटरटेनमेंट की परिभाषा ही बदल दी है. YouTube Shorts पहले से ही टीवी स्क्रीन्स पर अपनी पकड़ मजबूत कर रहा था, जहां लोग रिमोट के जरिए वीडियो देखते हैं. Meta के मुताबिक, कम्युनिटी से ऐसा फीडबैक मिल रहा था कि बड़े पर्दे पर साथ बैठकर क्रिएटर कंटेंट देखना ज्यादा मजेदार होता है.
भारत जैसे मार्केट में जहां घर का टीवी अक्सर ग्रुप एंटरटेनमेंट का सेंटर होता है, वहां Instagram का आना काफी दिलचस्प मूव है. इससे क्रिएटर्स को भी एक नई स्टेज मिलेगी, जहां उनके वीडियो सिर्फ मोबाइल फीड में गुम नहीं होंगे, बल्कि लिविंग रूम की बड़ी स्क्रीन पर भी नजर आएंगे.

स्मार्ट टीवी पर Instagram for TV कैसे करें सेटअप
अगर आपको लग रहा है कि टीवी पर Instagram चलाने के लिए कोई लंबा-चौड़ा जुगाड़ करना पड़ेगा, तो ऐसा नहीं है. इसे मल्टी-पर्सन घरों के हिसाब से सिंपल रखने की कोशिश की गई है.
आसान इंस्टॉलेशन और लॉगिन. सपोर्टेड Apple TV, Fire TV या Google TV डिवाइस पर सीधे Instagram ऐप डाउनलोड किया जा सकता है और अपने मौजूदा क्रेडेंशियल्स से साइन इन किया जा सकता है. इसके अलावा Instagram मोबाइल ऐप के अंदर मौजूद Settings बुकमार्क के जरिए भी इसे लॉन्च करने का विकल्प मिलेगा.
फैमिली के लिए मल्टीपल प्रोफाइल्स. एक ही टीवी ऐप पर अधिकतम पांच अकाउंट्स जोड़े जा सकते हैं. इसका फायदा यह होगा कि घर के हर सदस्य को उसकी पसंद और इंटरेस्ट के हिसाब से पर्सनलाइज्ड Reels रिकमेंडेशन्स मिल सकेंगी. चाहें तो कुछ आसान स्टेप्स में सिर्फ टीवी पर चलाने के लिए एक अलग अकाउंट भी बनाया जा सकता है.
बड़े पर्दे के हिसाब से बने खास फीचर्स
मोबाइल ऐप को सीधे टीवी पर चिपका देने से बात नहीं बनती, क्योंकि टीवी देखने का तरीका बिल्कुल अलग होता है. वहां हाथ में टचस्क्रीन नहीं, बल्कि रिमोट होता है और अक्सर साथ में कई लोग बैठे होते हैं. इसलिए इस वर्जन में कुछ ऐसे फीचर्स जोड़े गए हैं जो ग्रुप व्यूइंग को आसान बनाते हैं.
वाइडस्क्रीन Reels और स्टोरीज: भारतीय वर्जन में Reels और Stories पर फोकस रखा गया है, जिसमें हॉरिजॉन्टल Reels भी शामिल हैं जो वाइडस्क्रीन में प्ले होंगी. इसके साथ प्रोफाइल फोटोज और कैरोसेल्स भी देखने को मिलेंगे.
क्यूरेटेड चैनल्स और ऑटो-प्ले: दर्शक किसी खास क्रिएटर को सर्च कर सकते हैं या फिर अपने इंटरेस्ट, पॉपुलर वीडियोज और फॉलो किए गए अकाउंट्स के आधार पर बने क्यूरेटेड चैनल्स ब्राउज कर सकते हैं. वीडियो अपने आप प्ले होंगे ताकि हर क्लिप के बाद मैन्युअली स्क्रॉल न करना पड़े, और प्लेबैक टीवी रिमोट से कंट्रोल होगा. हालांकि ऑटो-स्क्रॉल कंट्रोल्स ऐप वर्जन के हिसाब से थोड़े अलग हो सकते हैं.
फोन से टीवी पर कास्ट करना: अगर फोन और स्मार्ट टीवी एक ही Wi-Fi नेटवर्क से जुड़े हैं और टीवी पर Instagram में साइन इन है, तो मोबाइल ऐप के अंदर कास्ट ऑप्शन पर टैप करके Reel को सीधे टीवी स्क्रीन पर भेजा जा सकता है. यह डिवाइस की उपलब्धता और रोलआउट स्टेटस पर निर्भर करेगा.
डेडिकेटेड Friends टैब: होम स्क्रीन पर इधर-उधर ढूंढने के बजाय Friends टैब में उन लोगों की स्टोरीज, पोस्ट्स और वीडियोज एक जगह इकट्ठा दिखेंगे जिन्हें आप फॉलो करते हैं.
क्रिएटर प्रोफाइल एक्सप्लोर करना: अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग्स के अनुसार, दर्शक किसी क्रिएटर की उपलब्ध Reels, फोटोज, कैरोसेल्स, बायो और फॉलोअर काउंट भी देख पाएंगे.
कंटेंट रेटिंग और टीन्स के लिए सेफ्टी कंट्रोल
जब टीवी लिविंग रूम में चलता है, तो वहां छोटे भाई-बहन या घर के बाकी लोग भी मौजूद हो सकते हैं. इसी वजह से Meta ने इस प्लेटफॉर्म पर ब्रॉडर ऑडियंस के हिसाब से कंटेंट स्टैंडर्ड्स लागू किए हैं. इस रोलआउट के दौरान Instagram for TV पर Reels आमतौर पर 13+ Content Ratings सिस्टम को फॉलो करेंगी, जिसे हाल ही में मोबाइल ऐप पर लाया गया है.
कम उम्र के यूजर्स के लिए टीवी ऐप पर भी मोबाइल जैसी मुख्य सुरक्षा व्यवस्थाएं रखी गई हैं. इनमें 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए संभावित रूप से अनुपयुक्त कंटेंट, कमेंट्स और प्रोफाइल्स पर रोक शामिल है. इसके अलावा टीवी ऐप पर बिताया गया समय Teen Account की ओवरऑल डेली यूसेज लिमिट में गिना जाएगा. जब टीन्स अपनी स्क्रीन-टाइम लिमिट के करीब पहुंचेंगे या उसे पूरा कर लेंगे, या फिर स्लीप मोड में जाएंगे, तो उन्हें वही रिमाइंडर्स मिलेंगे जो मोबाइल पर मिलते हैं.