)
छत्तीसगढ़ में दिव्यांगों और मानसिक बीमारियों से जूझ रहे लोगों की देखभाल के लिए बनाए गए आश्रय गृहों यानी 'घरौंदा सेंटरों' की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं. हाई कोर्ट के निर्देश पर 11 आश्रय गृहों का निरीक्षण करने वाले कमिश्नरों द्वारा दाखिल रिपोर्ट में कई चौंकाने वाली कमियां सामने आई हैं. कहीं दिव्यांग को बिस्तर के चारों कोनों से बांधकर रखा गया, तो कहीं गंदगी का अंबार नजर आया. वहीं रायपुर के घरौंदा सेंटर में एक बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई है. रिपोर्ट में डॉक्टरों के नियमित रूप से न आने, मेडिकल रिकॉर्ड न होने, खराब खाना और गंदे शौचालयों जैसी समस्याओं का भी जिक्र किया गया है.
हाई कोर्ट के निर्देश पर 11 कोर्ट कमिश्नरों ने दिव्यांगजनों के लिए बने 11 केंद्रों का निरीक्षण किया, जिसमें कई कमियां सामने आईं. कोर्ट ने कमिश्नरों को निर्देश दिया था कि वे राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत चल रहे इन केंद्रों की जांच करें और वहां की वास्तविक स्थिति के बारे में एक रिपोर्ट सौंपें. बड़ी बात ये है कि इन केंद्रों को छत्तीसगढ़ सरकार से फंड मिलता है और इनका प्रबंधन गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) द्वारा किया जाता है.
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ में दिव्यांग लोगों की देखभाल के लिए कुल 11 घरौंदा केंद्र चल रहे हैं. इनका संचालन गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) द्वारा किया जाता है, जबकि इन्हें राज्य सरकार से वित्तीय सहायता मिलती है. इन केंद्रों में लगभग 317 लोग रहते हैं. 2015 में केंद्र सरकार की एक पहल के रूप में शुरू किए गए इन आश्रय गृहों का उद्देश्य दिव्यांग व्यक्तियों (जिसमें मानसिक बीमारी से पीड़ित लोग भी शामिल हैं) को आजीवन रहने की जगह और बुनियादी स्तर की देखभाल उपलब्ध कराना था.
सरकार प्रत्येक निवासी के लिए सालाना लगभग 1.02 लाख रुपये देती है. इसके अलावा हर केंद्र को गैर-आवर्ती (non-recurring) खर्चों को पूरा करने के लिए सालाना 3 लाख रुपये दिए जाते हैं. इस फंड का इस्तेमाल स्टाफ, प्रशिक्षकों, थेरेपिस्ट और पार्ट-टाइम डॉक्टरों के मानदेय, तथा भोजन, कपड़े, दवाओं, किराए और अन्य जरूरी सुविधाओं के खर्चों को कवर करने के लिए किया जाता है.
रायपुर के घरौंदा सेंटर में इस साल पांच मौतें हुई हैं. इसके बारे में कमिश्नर की रिपोर्ट के अनुसार, केंद्र ने इन मौतों की जानकारी अधिकारियों को देने से जुड़े कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए. छत्तीसगढ़ के घरौंदा केंद्र पिछले छह सालों से हाई कोर्ट की निगरानी में हैं, क्योंकि इनमें कुप्रबंधन और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए एक जनहित याचिका (PIL) दायर की गई थी. समाज कल्याण विभाग के निदेशक गजेंद्र सिंह ठाकुर ने 'द इंडियन एक्सप्रेस' को बताया कि, मैंने विभाग के डिप्टी और सहायक निदेशकों से कहा है कि वे सभी घरौंदा केंद्रों का निरीक्षण करें और मुझे रिपोर्ट सौंपें.
इस बीच रायपुर में घरौंदा केंद्रों की देखरेख करने वालीं और संवेदना संस्था चलाने वालीं मीना शर्मा का कहना है कि कमिश्नर की रिपोर्ट अनुचित है. वे कहती हैं कि, हम अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं. मैं यहां रहने वालों के लिए एक मां की तरह हूं और वे मुझे मां कहकर बुलाते हैं. हम यह सुनिश्चित करते हैं कि उन्हें अच्छा खाना मिले और वे नए कौशल सीखें. हम सभी त्योहार मनाते हैं. साथ ही, हम यहां रहने वालों द्वारा बनाई गई हस्तशिल्प की वस्तुओं को बेचने की भी कोशिश करते हैं.
बिलासपुर में घरौंदा केंद्रों के निरीक्षण के दौरान कई गंभीर कमियां सामने आईं. कमिश्नर की रिपोर्ट के अनुसार, वहां रहने वाला एक पुरुष अपने बिस्तर पर चारों कोनों से बंधा हुआ मिला. बताया गया कि उसका व्यवहार आक्रामक माना जाता था, इसलिए उसे बांधकर रखा गया था. हालांकि उसे इस तरह बांधकर रखने को सही ठहराने के लिए कोई चिकित्सीय सलाह या अधिकृत दस्तावेज पेश नहीं किए गए.
3 नवंबर को हुई पिछली सुनवाई में अदालत ने बताया कि उसे रायपुर और बिलासपुर केंद्रों के कमिश्नरों से रिपोर्ट मिल गई है, अन्य लोगों से जवाब मांगे गए हैं और मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर के लिए तय की गई है.