)
जिस उम्र में नन्हे हाथों में किताबें और कलम होनी चाहिए, उस उम्र में बच्चे स्कूल के भीतर ईंट, रेत और सीमेंट उठवाया जा रहा है. जी हां, ऐसा हम नहीं कह रहे हैं कि छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा के एक स्कूल का वीडियो वायरल हो रहा है, जो इसकी सूबत दे रहा है. वीडियो में स्कूली बच्चे स्कूल परिसर की सफाई करते और दीवारों पर सीमेंट से प्लास्टर करते नजर आ रहे हैं. चलिए वायरल वीडियो के बारे में सबकुछ जानते हैं.
दरअसल, अकलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोटमीसोनार (बाजार पारा) स्थित शासकीय स्कूल से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सरकारी शिक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोलकर रख दी है. साथ ही गंभीर सवाल खड़े कर दिया है.
बताया जा रहा यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बच्चों से स्कूल में भीतर ईंट, रेत और सीमेंट उठवाने का यह वीडियो मंगलवार सुबह करीब 11 बजे का है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्कूल की यूनिफॉर्म पहने बच्चे पढ़ाई करने के बजाय परिसर की सफाई कर रहे हैं. दीवारों पर सीमेंट का प्लास्टर लगाने जैसे निर्माण कार्य में जुटे हैं. ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि स्कूल की प्रधान पाठक रत्ना सोनी बच्चों को पढ़ाने के बजाय उनसे मजदूरी करवा रही हैं.
आरोप है कि प्रधान पाठक रत्ना सोनी बच्चों को पढ़ाई कराने के बजाय उनसे मजदूरी और निर्माण कार्य करवा रही हैं. वीडियो बनाने वाली महिला ने पहले स्कूल के वेंटिलेशन से रिकॉर्डिंग की और फिर बच्चों से बातचीत कर पूरे मामले को उजागर किया. मामले का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने भी संज्ञान लिया है.
जांजगीर-चांपा के जिला शिक्षा अधिकारी मनोहर प्रताप सिंह ने मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि जांच कर प्रधान पाठक रत्ना सोनी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूल में बच्चों से किसी भी तरह का काम नहीं कराया जाना चाहिए.
अब सवाल यह है कि आखिर सरकारी स्कूल में बच्चों को शिक्षा दी जा रही है या उनसे मजदूरी कराई जा रही है? क्या स्कूल में बच्चों से निर्माण कार्य कराने की अनुमति किसने दी?
रिपोर्ट: जितेंद्र कंवर