)
ओडिशा के सुवर्णपुर जिले से पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर हर किसी के रोंगटे खड़े हो गए हैं. यहां एक बेवफा पत्नी ने अपने ही पति को रास्ते से हटाने के लिए सुहाग की निशानी कहे जाने वाले अपने सोने के मंगलसूत्र को 45,000 रुपये में गिरवी रख दिया. इस रकम से खरीदे गए देसी तमंचे से उसके प्रेमी ने बीच सड़क पर पति को गोलियों से भून डाला.
पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए आरोपी पत्नी और उसके दो प्रेमियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है. सुवर्णपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) नारायण नायक ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस खूनी खेल की जड़ अवैध प्रेम प्रसंग था. पुलिस ने मृतक वेल्डर सुदाम नाग की 34 वर्षीय पत्नी कविता नाग, उसके वर्तमान प्रेमी त्रिलोचन उर्फ टिंकू बाग (34) और एक पुराने प्रेमी युवराज साहू (42) को गिरफ्तार किया है.
जांच में सामने आया कि कविता का युवराज के साथ पिछले 12 साल से और त्रिलोचन के साथ बीते दो साल से अफेयर चल रहा था. पति सुदाम को पत्नी की इस बेवफाई की भनक लग गई थी. वह कविता पर इन दोनों से रिश्ते खत्म करने का लगातार दबाव बना रहा था, जिसे लेकर घर में आए दिन क्लेश होता था. रोज-रोज की रोक-टोक से तंग आकर कविता ने अपने दोनों प्रेमियों के साथ मिलकर सुदाम को हमेशा के लिए खत्म करने का खौफनाक प्लान तैयार किया.
कत्ल को अंजाम देने के लिए सबसे बड़ी जरूरत हथियार की थी. इसके लिए कविता ने बिना किसी झिझक के अपने गले का सोने का मंगलसूत्र उतारा और प्रेमी त्रिलोचन को थमा दिया. त्रिलोचन ने एक सुनार के पास उस मंगलसूत्र को 45,000 रुपये में गिरवी रखा.
पैसे हाथ में आते ही त्रिलोचन सीधे राउरकेला पहुंचा और वहां से एक देसी पिस्तौल व जिंदा कारतूस खरीदे. पुलिस की तफ्तीश में हथियार की खरीद-फरोख्त के लिए किए गए ऑनलाइन पेमेंट और नकद लेन-देन के पुख्ता सबूत भी हाथ लगे हैं.
वारदात मंगलवार शाम करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच की है. सुदाम डुंगुरीपाली स्थित पठान गैराज से काम खत्म कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे. पहले से तय साजिश के तहत पुराने प्रेमी युवराज ने फोन के जरिए सुदाम की लोकेशन ट्रेस की और कविता को खबर दी. कविता इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप के जरिए पल-पल की लोकेशन शूटर बने प्रेमी त्रिलोचन को भेजती रही.
सटीक लोकेशन मिलते ही त्रिलोचन ने डुंगुरीपाली थाना क्षेत्र के सालेपाली-ऐंलासारी रोड पर पंकेल चौक के पास सुदाम को घेर लिया. सुदाम कुछ समझ पाते, उससे पहले ही त्रिलोचन ने फायरिंग शुरू कर दी. पहली गोली सुदाम के पैर में लगी. जान बचाने के लिए जब वे भागे, तो दूसरी गोली उनकी पीठ में जा धंसी. सुदाम के जमीन पर गिरते ही हमलावर ने बेहद करीब से उनके सीने और सिर में दो और गोलियां उतार दीं. सुदाम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हत्या के बाद आरोपी सुदाम का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया.
पुलिस की आंखों में धूल झोंकने और खुद को बेकसूर दिखाने के लिए शातिर कविता ने उसी रात डुंगुरीपाली थाने पहुंचकर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ पति की हत्या की लिखित शिकायत दर्ज कराई. लेकिन कानून के लंबे हाथों से वह बच नहीं सकी.
पुलिस ने जब तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल्स और गवाहों के बयानों की कड़ियां जोड़ीं, तो शक की सुई सीधे त्रिलोचन पर जाकर टिक गई. पुलिस ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को धर दबोचा. इनके पास से वारदात में इस्तेमाल देसी पिस्तौल, चार खाली कारतूस, दो बाइक, पांच मोबाइल फोन और 1,460 रुपये नकद बरामद किए गए हैं.