App

6 चौके, 2 छक्के और रनों का तूफान... दिल्ली के निखिल ने मेलबर्न में दिखाया दम, बने ऑस्ट्रेलिया के संकटमोचक

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का आगाज हो चुका है. पहले टी20 मैच पर किसी का ध्यान नहीं था, लेकिन जैसे ही निखिल चौधरी क्रीज पर आए तो सोशल मीडिया पर शोर तेज हो गया. वो खिलाड़ी जो दिल्ली में जन्मा और आज मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया की जीत का हीरो बन गया.

6 चौके, 2 छक्के और रनों का तूफान... दिल्ली के निखिल ने मेलबर्न में दिखाया दम, बने ऑस्ट्रेलिया के संकटमोचक

इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैच की टी20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 1-0 से बढ़त बना ली है. कंगारू टीम ने 3 विकेट से जीत दर्ज की और जीत के नायक रहे निखिल चौधरी. ये वो खिलाड़ी है, जिसके बदन पर भले ही ऑस्ट्रेलिया की जर्सी हो, लेकिन खून में भारतीय टैलेंट है. निखिल ने शायद ही सोचा होगा कि वह एक दिन मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंट पर ऑस्ट्रेलिया के लिए 'मैन ऑफ द मैच' बनेंगे. आज वो दुनिया की सबसे खूंखार टीम के संकटमोचक बने हैं.

ऑस्ट्रेलिया की इंग्लैंड पर जीत को निखिल ने यादगार बना दिया. कंगारू टीम 188 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी और 95 रन के स्कोर पर 3 अहम बल्लेबाजों को खोने के बाद मुश्किल में थी. मैदान पर उतरे निखिल ने 38 गेंदों पर 66 रन की शानदार पारी खेली मुकाबले का पासा पलट दिया. उन्होंने इस पारी के दौरान 6 चौके और 2 छक्के जमाए और जीत के हीरो बने.

ब्रूक-बैंटन की मेहनत बेकार

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 187 रन बनाए थे. कप्तान हैरी ब्रूक ने महज 28 गेंदों पर 65 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि टॉम बैंटन ने 39 रन का योगदान दिया. लेकिन दोनों की मेहनत बेकार गई. ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही क्योंकि जेक फ्रेजर-मैकगर्क महज एक रन बनाकर आउट हो गए. कप्तान मिचेल मार्श ने 37 और सैम हार्पर ने 32 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की. लेकिन निखिल ने अपनी तूफानी पारी से मैच में जान डाली और मुकाबले को एकतरफा बना दिया.

कैसे किया दिल्ली से ऑस्ट्रेलिया तक का सफर?

निखिल चौधरी की कहानी भी किसी फिल्म से कम नहीं है. 4 मई 1996 को दिल्ली में जन्मे निखिल ने भारत में पंजाब की ओर से घरेलू क्रिकेट खेला. वह आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस के ट्रायल में भी शामिल हुए थे. कोविड-19 महामारी के दौरान वह अपने अंकल से मिलने ब्रिस्बेन गए थे, लेकिन अंतरराष्ट्रीय सीमाएं बंद होने के कारण वहीं फंस गए. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में ही क्रिकेट करियर की शुरुआत की. उन्होंने पहले क्लब क्रिकेट खेला, फिर बिग बैश लीग में होबार्ट हरिकेंस के लिए शानदार प्रदर्शन किया और आज ऑस्ट्रेलिया की नेशनल टीम में योगदान दे रहे हैं.

पहला POTM जीतने के बाद क्या बोले निखिल?

प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने के बाद उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी सोचा था, कि वह दिल्ली से निकलकर मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर अपना प्लेयर ऑफ द मैच जीतेंगे. इसपर निखिल ने कहा, "नहीं, कभी नहीं सोचा था. कल रात ही मेरे माता-पिता भारत से आए हैं, और उनके सामने 'मैन ऑफ द मैच' बनने से बेहतर कुछ नहीं हो सकता. यह पहला मैच है जिसमें वे मुझे खेलते हुए देख रहे हैं."
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kavya Yadav

Kavya Yadav

4 साल से खेल पत्रकारिता में सक्रिय. 2022 में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट के तौर पर डेब्यू किया. क्रिकट्रैकर, न्यूज18 से होते हुए अब जी न्यूज हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर स्पोर्ट्स टीम का हिस्सा हैं. खेल जगत की हर हलचल, हर खास कहानी और हर ब्रेकिंग न्यूज पर पकड़. IPL, ODI World Cup, T20 World Cup, Olympics समेत कई बड़े इवेंट्स कवर किए हैं.
Read More