)
व्हाइट हाउस की पूर्व प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने बढ़ती मुस्लिम आबादी को लेकर आई रिसर्च को लेकर कहा लोगों से अपील की है कि वो ज्यादा से ज्यादा बच्चे पैदा करें. अपनी इस अपील में उन्होंने ईसाइयत और देश प्रेम भी जोर दिया है. हालांकि, उन्हें अपने इस बयान के चलते काफी विरोध का भी सामना करना पड़ रहा है.
20 नवंबर 2026 को लेविट ने वॉशिंगटन पोस्ट की एक खबर की स्क्रीन शॉट शेयर किया. वॉशिंगटन पोस्ट की खबर में Pew रिसर्च सेंटर की एक रिसर्च का हवाला देते हुए बताया गया कि 2035 तक दुनियाभर में मुसलमानों की सख्या ईसाइयों से अधिक हो जाएगी. इसी को लेकर लेविट ने लिखा,'शादी करो, और बच्चे पैदा करो, उन्हें चर्च में पालो-पोसो और उन्हें अमेरिका से प्यार करना सिखाओ.'
जैसे ही उन्होंने यह पोस्ट किया, तो लोगों ने उन्हें घेरना शुरू कर दिया. उनके बयान को लेकर दो तरह की प्रतिक्रियाएं आईं. कुछ लोगों ने इसे ईसाई पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देने वाला संदेश बताया, जबकि आलोचकों ने इसे मुस्लिम आबादी की बढ़ती तादाद के जवाब में ईसाइयों की आबादी बढ़ाने की अपील के तौर पर देखा. इसके अलावा लेविट के बयान की आलोचना करने वालों में से कुछ ने अमेरिका में महंगाई, बच्चों की देखभाल का खर्च और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती लागत जैसी समस्याओं की तरफ ध्यान दिलाया.

Pew Research Center की 18 नवंबर 2026 को जारी रिपोर्ट के मुताबिक 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है. यानी दुनिया में मुसलमानों की आबादी ईसाइयों से ज्यादा होने का अनुमान है. यह रिपोर्ट 2020 से 2070 तक दुनिया के धार्मिक जनसांख्यिकी में होने वाले बदलावों का अध्ययन करती है. नीचे ग्राफिक में नंबर्स की मदद से समझिए.
कैरोलिन लेविट डोनाल्ड ट्रंप की दूसरी सरकार में व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव रह चुकी हैं. अपनी आक्रामक मीडिया ब्रीफिंग और ट्रंप के फैसलों का मजबूती से बचाव करने के अंदाज के कारण वह काफी चर्चा में रहीं. उन्होंने 2022 में न्यू हैम्पशायर से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का चुनाव लड़ा, लेकिन हार गईं. 20 जनवरी 2025 को उन्होंने व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी का पद संभाला था.
हालांकि, 27 अगस्त 2026 को उन्होंने प्रेस सचिव के पद से विदाई ली. उनके दूसरे बच्चे, बेटी विवियाना का जन्म मई 2026 में हुआ था. उनका एक बेटा भी है. उनके व्हाइट हाउस छोड़ने के पीछे तर्क था कि वह अपने दोनों छोटे बच्चों को ज्यादा समय देना चाहती हैं. उनके मुताबिक, व्हाइट हाउस की जिम्मेदारी इतनी व्यस्त थी कि परिवार को पर्याप्त समय देना मुश्किल हो रहा था. फिलहाल कैरोलिन FOX NEWS के साथ जुड़ी हुई हैं. 1 नवंबर 2026 से उन्होंने बतौर ऑन-एयर कंट्रीब्यूटर काम शुरू किया.
