)
साउथ फिल्म इंडस्ट्री के पॉपुलर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन की शादी इन दिनों हर तरफ चर्चा में है. दोनों ने 11 नवंबर, 2026 को ग्रीस के एथेंस स्थित बेहद खूबसूरत 'फोर सीजन्स एस्टिर पैलेस होटल' में एक सादगी भरे लेकिन खास 'सेल्फ-रिस्पेक्ट' सेरेमनी में एक-दूसरे का हाथ थामा. इस खास मौके पर दोनों के परिवार और बेहद करीबी लोग शामिल हुए थे. अब शादी का एक हफ्ता पूरा होने के मौके पर गुरुवार को अनिरुद्ध ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस जश्न की कुछ बेहद खूबसूरत और अनदेखी तस्वीरें शेयर की हैं, जिन्होंने फैंस का दिल जीत लिया है.
अनिरुद्ध ने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर इन तस्वीरों को शेयर करते हुए दिल वाले इमोजी के साथ कैप्शन लिखा, 'मेरा पसंदीदा जादू'. इन तस्वीरों में कपल की केमिस्ट्री साफ झलक रही है. एक फोटो में काव्या खिलखिलाकर मुस्कुरा रही हैं और अनिरुद्ध उन्हें पीछे से प्यार से गले लगाए हुए हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में जब दोनों शादी के गलियारे से गुजर रहे हैं, तो उनके अंकल और सुपरस्टार रजनीकांत समेत सभी मेहमान तालियां बजाकर उन पर प्यार लुटा रहे हैं.
इस वायरल पोस्ट की सबसे खास बात ये है कि अनिरुद्ध ने अपनी दुल्हन और मेहमानों के एंटरटेनमेंट के लिए वहां एक स्टेज तैयार किया और लाइव कॉन्सर्ट भी किया, जिसमें काव्या भी उनके साथ सुर से सुर मिलाती नजर आईं. इन फोटोज को देखकर साफ पता चलता है कि इस नए-नवेले जोड़े ने ग्रीक-थीम पर एक शानदार वेडिंग पार्टी रखी थी, जिसमें सभी मेहमान सफेद और सुनहरे रंग के आउटफिट्स में सजे-धजे नजर आए.
पोस्ट की आखिरी तस्वीर में अनिरुद्ध बड़े प्यार से काव्या को थामे उनकी आंखों में देखते नजर आ रहे हैं. इसके अलावा अनिरुद्ध ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इन तस्वीरों का एक प्यारा वीडियो शेयर किया है, जिसके बैकग्राउंड में उन्होंने अपने ही साल 2016 के मशहूर गाने 'अवलुकेना' की धुन लगाई है, जो इस वीडियो को और भी खास बना देता है.
अनिरुद्ध और काव्या ने कितने समय तक एक-दूसरे को डेट किया, ये राज ही रहा, लेकिन साल 2025 में पहली बार दोनों की शादी की चर्चाएं शुरू हुई थीं. उस वक्त दोनों को कई बार साथ देखा गया था, मगर अनिरुद्ध ने इन खबरों को महज अफवाह बताया था. इसके बाद इस साल उनके चाचा वाई जी महेंद्रन ने घर में जल्द शहनाई बजने का इशारा दिया और फिर रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' की स्क्रीनिंग में दोनों के साथ पहुंचने से इन अटकलों पर पक्की मुहर लग गई.
My favourite kind of magic ❤️ https://t.co/s1QGwUmMwe
— Anirudh Ravichander (@anirudhofficial) November 19, 2026
इस हाई-प्रोफाइल शादी की खबर सबसे पहले अक्टूबर में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने पब्लिकली कर दी थी और बताया था कि 21 नवंबर, 2026 को चेन्नई में इसका बड़ा रिसेप्शन होगा. इसके बाद परिवार ने भी इसे छिपाने के बजाए काव्या के माता-पिता कलानिधि मारन और कावेरी मारन ने खुद तमाम नेताओं और फिल्मी हस्तियों को न्योता भेजा. ग्रीस में 10 नवंबर, 2026 से प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन शुरू हुआ और अगले ही दिन दोनों हमेशा के लिए एक हो गए.
अपनी पर्सनल लाइफ के इस सबसे खूबसूरत पड़ाव के साथ-साथ अनिरुद्ध अपने करियर में भी पूरे रफ्तार से आगे बढ़ रहे हैं. इस साल उन्होंने तमिल में 'लव इंश्योरेंस कंपनी', 'जन नायकन', 'डीसी' और 'जेलर 2' के अलावा तेलुगु फिल्म 'द पैराडाइज' का म्यूजिक तैयार किया है. आने वाले समय में भी उनके पास 'इंडियन 3', 'धर्मन', 'अरासन', 'डेयर डेविल' और 'संदियार' जैसी बड़ी फिल्मों के साथ-साथ अल्लू अर्जुन, रजनीकांत-कमल हासन, जूनियर एनटीआर और राम चरण के मेगा प्रोजेक्ट्स की लंबी लाइन लगी हुई है.