)
नेटफ्लिक्स के पहले पाकिस्तानी ओरिजिनल शो 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर भारत में विरोध का स्वर और तेज हो गया है. 4 दिसंबर 2026 को होने वाली इसकी ग्लोबल रिलीज से ठीक पहले ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म को कड़ी चेतावनी दी है. संगठन ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर इस शो को भारतीय कैटलॉग से नहीं हटाया गया, तो नेटफ्लिक्स के दफ्तर का घेराव किया जाएगा और पूरे देश में इसके खिलाफ बॉयकॉट अभियान चलाया जाएगा.
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और नेटफ्लिक्स इंडिया को पत्र लिखकर इस मामले में तुरंत दखल देने की मांग की है. संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर 4 दिसंबर से पहले शो को नहीं हटाया गया, तो नेटफ्लिक्स के दफ्तर का घेराव किया जाएगा. इसके साथ ही भारतीय दर्शकों से भी अपील की गई है कि वे अपना नेटफ्लिक्स सब्सक्रिप्शन रद्द कर दें.
AICWA ने अपने बयान में कहा कि पाकिस्तान एक आतंकी देश रहा है और उसकी फिल्में, गाने या वेब सीरीज भारतीय स्क्रीन पर बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तानी प्रोडक्शन को दिया जाने वाला पैसा भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है.
इस पूरे विरोध के केंद्र में पाकिस्तानी एक्टर हमजा अली अब्बासी हैं, जो इस सीरीज का हिस्सा हैं. AICWA ने अब्बासी के उन पुराने बयानों का हवाला दिया है, जिनमें उन्होंने लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक और संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकी हाफिज सईद का समर्थन किया था.

31 दिसंबर 2017 को अब्बासी ने सोशल मीडिया पर हाफिज सईद के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें बेहद विनम्र और इंसानियत को बढ़ावा देने वाला शख्स बताया था. इससे पहले सितंबर 2017 में भी उन्होंने सईद का बचाव किया था. बता दें कि हाफिज सईद 2008 के मुंबई आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड है, जिसमें 166 लोगों की जान गई थी.
देखें ट्रेलर-
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 'ऑल द लव अवर हार्ट्स कैरी' के नाम से प्रमोट हो रही यह सीरीज फरहत इश्तियाक के मशहूर उर्दू उपन्यास पर आधारित है. मोमिना दुरैद के प्रोडक्शन में बने इस रोमांटिक ड्रामा में फवाद खान, माहिरा खान, सनम सईद, अहद रजा मीर, हानिया आमिर, हमजा अली अब्बासी, इकरा अजीज, माया अली और बिलाल अशरफ जैसे बड़े सितारे हैं. कहानी हार्वर्ड लॉ के छात्र सिकंदर और आर्टिस्ट लिजा के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी मुलाकात इटली में होती है. इसकी शूटिंग पाकिस्तान, इटली और यूके में की गई है.
भारत में पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर पहले से ही सख्त नियम लागू हैं. 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 8 मई 2025 को एक एडवाइजरी जारी की थी. इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए सभी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तान से जुड़े किसी भी कंटेंट को तुरंत हटाने का निर्देश दिया गया था. हालांकि 4 दिसंबर 2026 को इस सीरीज का ग्लोबल प्रीमियर तय है, लेकिन नेटफ्लिक्स ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि यह शो भारत के यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा या नहीं.