)
1994 में बिहार के गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की हत्या मामले में पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. सुप्रीम कोर्ट ने एक महीने में आनंद मोहन को सरेंडर करने का आदेश दिया है. साथ ही, सुप्रीम कोर्ट ने 2023 के बिहार सरकार के संशोधन को असंवैधानिक घोषित कर दिया है. आनंद मोहन की रिहाई के बाद जी कृष्णैया की पत्नी उमा देवी कृष्णैया ने SC का दरवाजा खटखटाया था.
जी कृष्णैया की पत्नी उमा देवी कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट से आनंद मोहन की रिहाई को रद्द कर उसे फिर से जेल भेजे जाने की मांग की थी. बिहार सरकार द्वारा जेल नियमों में किए संसोधन के चलते आनंद मोहन की रिहाई हुई थी. आनंद मोहन और बिहार सरकार ने SC में हलफनामा दाखिल कर कहा था कि जेल से उसकी रिहाई का फैसला मनमाना नहीं कहा जा सकता.
अपने फैसले में कोर्ट ने कहा- 10 अप्रैल 2023 की अधिसूचना को असंवैधानिक, अमान्य और निष्प्रभावी घोषित किया जाता है और इसे रद्द किया जाता है. इस फैसले में दर्ज निष्कर्षों को ध्यान में रखते हुए प्रतिवादी को समय से पहले रिहा करने का 24 अप्रैल 2023 का आदेश रद्द किया जाता है.प्रतिवादी को आज से एक महीने के भीतर सक्षम जेल प्राधिकारी के समक्ष आत्मसमर्पण करना होगा.
अदालत ने स्पष्ट किया है कि समयपूर्व रिहाई पर विचार करते समय पीड़ित को सुनवाई से वंचित नहीं किया जा सकता है. सजा में छूट देने का अधिकार सरकार के पास हो सकता है, लेकिन उसका इस्तेमाल कानून, निष्पक्षता और पीड़ित के अधिकारों को ध्यान में रखकर ही किया जाना चाहिए.
कोर्ट ने कहा कि न्याय के लिए कानून और नैतिकता के पक्ष में खड़ा होना जरूरी है. अदालत केवल मूकदर्शक बनकर नहीं रह सकती है. रिट क्षेत्राधिकार का इस्तेमाल करते हुए अदालत का दायित्व है कि वह सक्रिय रूप से न्याय सुनिश्चित करे. कोर्ट ने यह भी कहा कि न्यायिक समीक्षा सिर्फ निगरानी की औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि मनमानी कार्रवाई के खिलाफ वैधानिकता, निष्पक्षता और न्याय सुनिश्चित करने का सक्रिय माध्यम है.
इनपुट-IANS