)
कुलदीप चौहान/बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत के बड़ौत में नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन और बीजेपी के देहात मंडल प्रभारी अमित राणा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. अमित राणा, गौरव जैन समेत कई लोगों के खिलाफ बड़ौत कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोप है कि अवैध कॉलोनी को ध्वस्त करने पहुंची विकास प्राधिकरण की टीम को धमकी दी गई और सरकारी काम में बाधा डाली गई.
क्या है आरोप?
जानकारी के मुताबिक, बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के सराय रोड पर स्थित कथित अवैध कॉलोनी को ध्वस्त करने के लिए विकास प्राधिकरण की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची थी. इसी दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों के काम में बाधा डाली. आरोप है कि इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को धमकियां भी दी गईं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने कार्रवाई की है. पूर्व चेयरमैन अमित राणा, गौरव जैन समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.फिलहाल इस कार्रवाई के बाद बड़ौत में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई और उसका विरोध चर्चा में है.

पढ़िए दूसरी खबर......
यमुना प्राधिकरण ने मथुरा में अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. बुधवार को प्राधिकरण की टीम ने मांट तहसील के तीन गांवों में व्यापक अभियान चलाकर करीब 9 हेक्टेयर (90 हजार वर्ग मीटर) जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया. इस दौरान अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों और निर्माणों को ध्वस्त किया गया. मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 27 करोड़ रुपये बताई गई है.
प्राधिकरण के अनुसार, यह कार्रवाई मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय कुमार मीणा के निर्देश पर की गई. अभियान के दौरान ग्राम पिपरौली बांगर, चुड़ा हंसी और सौर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई. इस दौरान प्राधिकरण के भूलेख और प्रोजेक्ट विभाग की टीम के साथ स्थानीय राजस्व एवं प्रवर्तन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे.कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम शिवौतार सिंह, अभिषेक शाही, हरी प्रताप सिंह और कृष्ण गोपाल त्रिपाठी के साथ तहसीलदार मनीष सिंह ने किया.
प्राधिकरण के मुताबिक, कार्रवाई की गई जमीन यमुना प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में आती है. यहां प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी हेरिटेज सिटी और राया अर्बन सेंटर परियोजनाओं का विकास प्रस्तावित है. ऐसे में अवैध कॉलोनियों को हटाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना इन परियोजनाओं के सुनियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. यमुना प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जे, अनधिकृत निर्माण और अवैध कॉलोनियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. प्राधिकरण की ओर से ऐसे निर्माणों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रखने और नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई है.