)
साल 2026 खत्म होने को है और नए साल 2027 का आगाज मकर संक्रांति, माघ मेले जैसे बड़े आयोजन से होता है. श्रद्धालुओं को माघ मेले का बेसब्री से इंतजार रहता है. इस दौरान बड़ी संख्या में भक्त संगम तीर्थ पर कल्पवास भी करते हैं. इस साल माघ मेला 15 जनवरी 2027 से शुरू होगा और 6 मार्च 2027 को समाप्त होगा. माघ मेला में 6 तारीखों को प्रमुख स्नान होंगे.
माघ मेला हर साल मकर संक्रांति के दिन से आरंभ होता है. मकर संक्रांति पर्व अधिकांशत: 14 जनवरी को मनाया जाता है, वहीं कभी-कभी 15 जनवरी को मनाया जाता है. इसके पीछे वजह है सूर्य के राशि परिवर्तन का समय.
सूर्य जब मकर राशि में प्रवेश करते हैं, तब मकर संक्रांति पर्व मनाया जाता है. यदि 14 जनवरी को सूर्य दोपहर बाद शाम या रात के समय मकर राशि में प्रवेश करते हैं तो अगले दिन 15 जनवरी को सुबह पवित्र नदियों में स्नान करते हैं और मकर संक्रांति पर्व मनाते हैं.

15 जनवरी 2027 : मकर संक्रांति, मकर संक्रांति का दिन सूर्य देव की पूजा करने का बेहद खास दिन है. इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करना, खासतौर पर प्रयागराज में संगम पर स्नान करना अत्यंत पुण्यदायी माना गया है.
22 जनवरी 2027: पौष पूर्णिमा, द्रिक पंचांग के अनुसार, पौष पूर्णिमा तिथि 21 जनवरी को रात 09:29 बजे से शुरू होगी और 22 जनवरी 2027 की शाम 05:46 बजे समाप्त होगी. इस दिन गंगा नदी में स्नान करने से भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है.
6 फरवरी 2027: मौनी अमावस्या, हिंदू कैलेंडर के 11वें महीने माघ मास की अमावस्या को मौनी अमावस्या कहते हैं. इस दिन संगम में स्नान करने से सारे पाप नष्ट हो जाते हैं. साथ ही इस दिन मौन व्रत रखने की मान्यता है.
11 फरवरी 2027: बसंत पंचमी, मां सरस्वती की आराधना का पर्व बसंत पंचमी भी सरस्वती पूजा के साथ-साथ पवित्र नदियों में स्नान और दान-पुण्य के लिए अहम है.
20 फरवरी 2027: माघी पूर्णिमा, माघ महीने की पूर्णिमा तिथि को माघी पूर्णिमा कहते हैं. इस दिन 1 महीने के कल्पवास की समाप्ति होती है. इस दिन श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में स्नान करते हैं और जरूरतमंदों को अनाज, कपड़े, पैसे और शैय्यादान करते हैं.
6 मार्च 2027: महाशिवरात्रि स्नान, हिंदू कैलेंडर के आखिरी महीने फाल्गुन मास की चतुर्दशी तिथि को महाशिवरात्रि पर्व मनाया जाता है. भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा के इस विशेष दिन पवित्र नदियों और त्रिवेणी संगम पर स्नान की परंपरा है. इसी तिथि के प्रमुख स्नान के साथ माघ मेला समाप्त होता है.
प्रयागराज में संगम तट पर मुख्य कल्पवास 22 जनवरी 2027 को पौष पूर्णिमा से प्रारंभ होकर 20 फरवरी 2027 तक चलेगा. इस दौरान कल्पवास करने वाले श्रद्धालु एक महीने तक संगम तट पर ही रहकर कठिन तपस्या करते हैं. वे सांसारिक मोह-माया से दूर रहकर पूरा समय भगवान की भक्ति करने, अध्यात्मिक उन्नति करने में बिताते हैं. संगम की रेत पर तंबू या कुटियां में रहते हैं, जमीन पर सोकर, एक समय सादा भोजन करने जैसे कई कठिन नियमों का पालन करते हैं.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, पंचांग और धार्मिक ग्रंथों पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है.)