SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

नशे में नहीं, दर्द में थे: स्टेज पर लड़खड़ाई दलेर मेहंदी की जुबान, लेकिन जिंदगी में नहीं पी शराब; जिसके पीछे है ‘गुरु वचन’ का हाथ

उत्तराखंड के एक इवेंट में पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी पर नशे में गाने का आरोप लगा, जिसे लेकर भारी बवाल मच गया. सच सामने आया कि उन्होंने जिंदगी में कभी शराब को हाथ तक नहीं लगाया, जिसका खुलासा खुद सिंगर ने किया था. चलिए बताते हैं आखिर वो शराब क्यों नहीं पीते, क्या थे वो गुरु वचन.

Written By Vandana Saini
Published: Oct 22, 2026, 12:01 PM IST | Updated: Oct 22, 2026, 01:50 PM IST
Image Credit: दलेर मेहंदी ने जिंदगी में नहीं पी शराब
Join

मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहे हैं. हाल ही में उत्तराखंड के एक सरकारी इवेंट का वीडियो सामने आया था, जिसमें वहां के मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच से ही ये दावा किया था कि दलेर मेहंदी नशे की हालत में गा रहे हैं और उनकी जुबान लड़खड़ा रही है. मंत्री के इस बयान के बाद इंटरनेट पर काफी हंगामा मच गया. हालांकि, जो लोग दलेर मेहंदी को बरसों से जानते और सुनते आ रहे हैं, उन्हें इस बात पर बिल्कुल यकीन नहीं हुआ. देखते ही देखते ये पूरा मामला एक बड़े विवाद में बदल गया.

इस विवाद के बीच हैरान करने वाली ये सच्चाई सामने आई कि दलेर मेहंदी ने अपनी पूरी जिंदगी में कभी शराब की एक बूंद को भी हाथ नहीं लगाया है. जब सोशल मीडिया पर उनके पुराने इंटरव्यू खंगाले गए, तो उन्होंने खुद इस बात का खुलासा किया था. एक बड़े मीडिया हाउस को दिए एक पुराने इंटरव्यू में दलेर मेहंदी ने डिटेल में बताया था कि आखिर वो हमेशा शराब से दूर क्यों रहते हैं और अपने सिर के बाल कभी क्यों नहीं कटवाते? उनके इस संयम के पीछे कोई आम वजह नहीं, बल्कि उनके संगीत गुरु को दिया गया एक बड़ा वचन था.

उस्ताद की वो दो कड़ी शर्तें

दलेर मेहंदी ने उस इंटरव्यू में बताया था कि जब वे संगीत सीखने के लिए अपने गुरु उस्ताद राहत अली खान के पास गए, तब गुरु ने उनके सामने दो बड़ी शर्तें रखीं. उस्ताद ने साफ कह दिया था कि अगर उनसे सिंगिंग सीखनी है, तो जिंदगी भर कभी शराब को हाथ नहीं लगाना होगा और सिर के बाल कभी नहीं कटवाने होंगे. दलेर मेहंदी ने अपने गुरु की इन दोनों बातों को पत्थर की लकीर मान लिया और जिंदगी भर इसका ईमानदारी से पालन किया. उन्होंने अपने म्यूजिक और गुरु के मान के लिए हमेशा नशे की दुनिया से पूरी तरह दूरी बनाकर रखी.

कादर खान: बॉलीवुड के वो सबसे बड़े Ghost Writer, जिनके शब्दों ने अमिताभ बच्चन से लेकर गोविंदा को बनाया सुपरस्टार

मां की अरदास और बचपन का सपना

सिंगक ने ये भी बताया था कि सिर्फ गुरु ही नहीं, बल्कि उनकी मां भी हमेशा उन्हें बाल न कटवाने की सीख देती थीं. उनकी मां ने गुरु गोबिंद सिंह जी के गुरुद्वारे में जाकर सुबह के समय तीन बार अपने बेटे की सलामती और उसूलों के लिए अरदास की थी. दलेर मेहंदी ने मुस्कुराते हुए याद किया था कि बचपन में जब वे फिल्मों में धर्मेंद्र और शाहरुख खान को देखते थे, तो उनका भी दिल करता था कि वे नए-नए हेयरस्टाइल रखें. मगर मां की दी हुई सीख और गुरु को दिए वचन के आगे उन्होंने अपनी इन सभी ख्वाहिशों को हमेशा के लिए छोड़ दिया.

कपिल शर्मा और मीका सिंह का समर्थन

उत्तराखंड वाले वाकये के बाद जब सिंगर को बे वजह निशाने पर लिया गया, तो उनके करीबी दोस्त और जानी-मानी हस्तियां उनके सपोर्ट में आगे आईं. कॉमेडियन कपिल शर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर सच्चाई सामने रखी. कपिल ने बताया कि दलेर पाजी ठीक नहीं थे और हाल ही में उनकी एक सीरियस सर्जरी हुई थी, जिसकी वजह से वे कमजोरी महसूस कर रहे थे और बोलने में दिक्कत आ रही थी. कपिल ने लोगों से अपील की कि किसी पर उंगली उठाने से पहले थोड़ा सोचना और समझना चाहिए, जिनका मीका सिंह ने शुक्रिया अदा किया.

फैंस का गुस्सा और मंत्री की सफाई

मंच पर इतने बड़े फनकार का अपमान देखकर दलेर मेहंदी के लाखों फैंस भी बेहद नाराज हो गए और उन्होंने सोशल मीडिया पर सिंगर के समर्थन में आवाज उठाई. चारों तरफ से बढ़ते दबाव और सच्चाई सामने आने के बाद उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल को भी बैकफुट पर आना पड़ा. मंत्री ने अपनी सफाई पेश करते हुए कहा कि उन्हें सिंग की सीरियस बीमारी और सर्जरी के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी. सच सामने आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली कि जिस फनकार ने पूरी जिंदगी उसूलों पर गुजारी, उस पर लगा आरोप पूरी तरह बेबुनियाद था.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES