Delhi-NCR में प्रदूषण से जंग... न ग्रीन श्मशान बने, न पार्किंग की सुविधा बढ़ी! जानें CAQM की रिपोर्ट में कौन-सा राज्य पास और कौन फेल
CAQM की स्टेट एक्शन प्लान-2026 रिपोर्ट में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और यूपी में प्रदूषण नियंत्रण के कामकाज की पोल खुली है. 421 ग्रीन श्मशान घाट का लक्ष्य पूरा नहीं हुआ, जबकि बसों, पार्किंग, औद्योगिक जांच और कचरा निस्तारण के काम भी अधूरे हैं. डिटेल में जानें कि आखिर CAQM की रिपोर्ट में क्या-क्या सामने आया.
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग यानी CAQM ने पलूशन रोकथाम-2026 के एक्शन प्लान पर दिल्ली और पड़ोसी राज्यों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया है. इसमें दिल्ली और पड़ोसी राज्यों की सरकारों ने प्रदूषण से निपटने के लिए अपने 2026 के एक्शन प्लान के तहत तय लक्ष्यों को हासिल करने में कैसा काम किया है, उस प्रदर्शन को दिखाया गया है. रिपोर्ट कार्ड में 31 अक्टूबर तक का डेटा शामिल है.
दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और UP की प्रदूषण की रिपोर्ट
CAQM ने स्टेट एक्शन प्लान-2026 के तहत दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे कामों की समीक्षा की है. फिलहाल यह रिपोर्ट 31 अक्टूबर 2026 तक की उपलब्धियों पर आधारित है. आयोग जनवरी 2027 में साल का अंतिम रिपोर्ट कार्ड जारी करेगा. इससे पहले राज्यों और दिल्ली सरकार के पास औद्योगिक जांच, कचरा निस्तारण, सार्वजनिक परिवहन, एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग और दूसरे अधूरे कामों में तेजी लाने का समय है. अंतिम रिपोर्ट में यह सामने आएगा कि साल के बाकी महीनों में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश प्रदूषण रोकने के लिए तय किए गए लक्ष्यों को पूरा करने में कितनी प्रगति कर पाए.
1. ग्रीन श्मशान घाट बनाने का लक्ष्य: 'स्टेट एक्शन प्लान-2026' रिपोर्ट कार्ड के अनुसार, दिल्ली और इन चार राज्यों में से किसी ने भी तय लक्ष्य के मुताबिक 'ग्रीन श्मशान' (पर्यावरण के अनुकूल श्मशान घाट) स्थापित नहीं किए हैं. दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के लिए कुल 421 ग्रीन श्मशान बनाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन 31 अक्टूबर तक एक भी ग्रीन श्मशान नहीं बन पाया.
2. सिटी बस सेवाओं को बढ़ाना: वाहनों से होने वाले प्रदूषण के मामले में सिटी बस सेवाओं को बढ़ाने का काम लक्ष्य से पीछे रहा. कुल 3,645 बसों के लक्ष्य के मुकाबले 31 अक्टूबर तक केवल 1,893 बसें ही जोड़ी जा सकीं. हरियाणा ने 875 बसों के लक्ष्य के मुकाबले 70 बसें जोड़ीं, राजस्थान ने 100 बसों के लक्ष्य के मुकाबले कोई प्रगति नहीं की और उत्तर प्रदेश ने 275 के लक्ष्य के मुकाबले 120 बसें जोड़ीं. दिल्ली में 2,395 बसों के लक्ष्य के मुकाबले 1,703 बसें जोड़ी गईं. दिल्ली में सबसे ज्यादा 1,703 बसें जोड़ी गई हैं.
3. प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों की जांच: प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों की जांच में राज्यों के प्रदर्शन में बड़ा अंतर देखने को मिला है. चारों राज्यों और दिल्ली के लिए कुल 11,607 औद्योगिक निरीक्षण का वार्षिक लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अक्टूबर के आखिर तक सिर्फ 2,584 निरीक्षण हुए. यानी 9,023 निरीक्षण अभी बाकी हैं.
4. एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों की स्थापना: हवा की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए कंटीन्यूअस एम्बिएंट एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन (CAAQMS) लगाने की योजना में भी अलग-अलग स्थिति सामने आई है. दिल्ली ने 19 स्टेशनों का लक्ष्य पूरा कर लिया है. उत्तर प्रदेश में 25 के मुकाबले 22 स्टेशन लगाए गए हैं. राजस्थान में पांच में से तीन स्टेशन स्थापित हुए हैं. वहीं, हरियाणा में 23 स्टेशन लगाने का लक्ष्य था, लेकिन अक्टूबर तक एक भी नहीं लगाया गया. चारों राज्यों को मिलाकर 72 स्टेशन लगाने थे, जिनमें से 44 ही स्थापित हो सके.
5. पराली: पराली के प्रबंधन में हरियाणा और पंजाब को बायोमास पेलेट और ब्रिकेट के उपयोग के लिए असंतोषजनक श्रेणी में रखा गया है. हरियाणा अपने 19.66 लाख टन के लक्ष्य का केवल 35 प्रतिशत हासिल कर पाया, जबकि पंजाब ने 22.02 लाख टन के लक्ष्य का 53 प्रतिशत ही प्राप्त किया.
6. वाहन पार्किंग की सुविधा को बढ़ाना: पार्किंग इंफ्रास्ट्रक्चर (सुविधाओं) में भी काफी कमियां देखने को मिलीं. दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कुल 385 पार्किंग स्थल बनाने का लक्ष्य था, जिनमें से केवल 49 ही तैयार हो पाए. दिल्ली में 266 के लक्ष्य के मुकाबले 15, हरियाणा में 79 के मुकाबले 9, राजस्थान में 16 के मुकाबले 4, और उत्तर प्रदेश में 24 के मुकाबले 21 पार्किंग स्थल बनाए गए.
7. लैंडफिल साइटों से जमा कचरे का निपटारा: रिपोर्ट में चिन्हित लैंडफिल साइटों पर जमा पुराने कचरे (लेगेसी वेस्ट) के निपटान का भी आकलन किया गया. 156.67 लाख मीट्रिक टन के कुल लक्ष्य के मुकाबले, 90.49 लाख मीट्रिक टन कचरे का निपटान किया गया, जबकि 66.18 लाख मीट्रिक टन कचरे का निपटान अभी भी बाकी है. दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान की कई जगहों पर काफी कमियां देखी गईं, जिनमें दिल्ली के तीन प्रमुख लैंडफिल साइट - ओखला, भलस्वा और गाजीपुर - भी शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में सर्दी के साथ प्रदूषण का डबल अटैक, 400 पार पहुंचा AQI, जानें आपके इलाके में कितनी जहरीली है हवा?
(दिल्ली से तान्या चुघ की रिपोर्ट)