App

पसमांदा मुसलमानों पर BJP की नजर, सपा के मुस्लिम वोट बैंक में सेंध की कितनी गुंजाइश?

यूपी में करीब 3 करोड़ पसमांदा मुसलमानों के अनुमानित वोट बैंक पर BJP और सपा की नजर है. 2027 से पहले इस समाज को साधने और राजनीतिक हिस्सेदारी देने की चुनौती दोनों दलों के सामने है.

पसमांदा मुसलमानों पर BJP की नजर, सपा के मुस्लिम वोट बैंक में सेंध की कितनी गुंजाइश?
Image Credit: ZEE Creatives.

उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुस्लिम वोट बैंक की चर्चा हमेशा से अहम रही है. लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इस वोट बैंक के भीतर एक नई सियासी लड़ाई दिखाई दे रही है. यह लड़ाई है पसमांदा मुसलमानों की राजनीतिक हिस्सेदारी की. भाजपा इस वर्ग तक अपनी पहुंच बढ़ाने में जुटी है तो समाजवादी पार्टी उसे अपने PDA समीकरण का अहम हिस्सा बनाए रखना चाहती है. सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि मुस्लिम वोट किस पार्टी को मिलेगा. बड़ा सवाल यह है कि मुस्लिम समाज के भीतर पिछड़े और वंचित तबकों का वोट किसके साथ जाएगा और उन्हें राजनीतिक हिस्सेदारी कितनी मिलेगी?

ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम राईन के बयान ने इस बहस को फिर तेज कर दिया है. उन्होंने कहा कि आजम खान के जेल से बाहर आने से पसमांदा मुसलमानों की राजनीति नहीं बदलेगी. राईन ने सपा पर आरोप लगाया कि उसने इस समाज को सिर्फ दरी बिछाने और नारे लगाने तक सीमित रखा. उनका दावा है कि अब पसमांदा मुसलमान सम्मान, सुरक्षा, विकास और राजनीतिक हिस्सेदारी के आधार पर अपना फैसला करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि इस समाज का झुकाव भाजपा की ओर बढ़ रहा है.

भाजपा की नजर पसमांदा समाज पर क्यों?

भाजपा की पसमांदा राजनीति 2027 के चुनाव से अचानक शुरू नहीं हुई. पार्टी ने 2013 में उत्तर प्रदेश में बुनकरों के बीच पहुंच बनाने के लिए 'वीवर्स सेल' बनाया था. बाद में पसमांदा समाज को लेकर पार्टी की सक्रियता और बढ़ी. अक्टूबर 2022 में लखनऊ में भाजपा ने पसमांदा सम्मेलन आयोजित किया. इसके बाद अलग-अलग जिलों में संपर्क और संवाद कार्यक्रमों के जरिए इस वर्ग तक पहुंच बनाने की कोशिश हुई. भाजपा का तर्क रहा है कि केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मुस्लिम समाज के गरीब तबकों को भी मिला है. मुफ्त राशन, आवास, शौचालय और दूसरी योजनाओं को पार्टी पसमांदा समाज तक पहुंच बनाने के आधार के रूप में पेश करती रही है. इसके पीछे साफ चुनावी गणित है. यूपी में मुस्लिम मतदाताओं का बड़ा हिस्सा भाजपा के मुकाबले सपा और दूसरे विपक्षी दलों को समर्थन देता रहा है. भाजपा इस राजनीतिक स्थिति को बदलने के लिए मुस्लिम समाज के भीतर सामाजिक और जातीय आधार पर अलग-अलग समूहों से संवाद करना चाहती है. पसमांदा समाज इसी रणनीति का अहम हिस्सा है.

आजम खान की वापसी से क्यों जुड़ा पसमांदा का सवाल?

समाजवादी पार्टी की राजनीति में आजम खान लंबे समय तक मुस्लिम समाज का बड़ा चेहरा रहे हैं. रामपुर से लेकर पश्चिमी यूपी तक उनकी राजनीतिक पकड़ रही है. लेकिन पसमांदा समाज के नेताओं का एक वर्ग मुस्लिम राजनीति में प्रतिनिधित्व के बंटवारे पर सवाल उठाता रहा है. वसीम राईन ने इसी मुद्दे पर सपा को घेरा है. उनका आरोप है कि सपा ने कई बार सरकार बनाई.. लेकिन पसमांदा मुसलमानों को राज्यसभा, विधानसभा टिकट, मंत्रिमंडल और संगठन में पर्याप्त जगह नहीं दी. उन्होंने कहा कि समाज को चुनाव के समय दरी बिछाने और नारे लगाने के लिए इस्तेमाल किया गया.

सपा भी पसमांदा समाज को साधने में जुटी

भाजपा की सक्रियता के बाद समाजवादी पार्टी भी पसमांदा समाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है. 29 जून 2025 को द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में बताया गया था कि सपा ने पसमांदा समाज के बीच सालभर का संपर्क अभियान चलाने की तैयारी की थी. इसकी शुरुआत प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर बैठकों से होनी थी. इसके बाद जिला और प्रदेश स्तर पर कार्यक्रम प्रस्तावित थे. सपा इस अभियान को अपने PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण से जोड़ रही थी. पार्टी की कोशिश है कि मुस्लिम समाज के भीतर पिछड़े वर्गों को साथ रखकर अपना समर्थन आधार मजबूत किया जाए.

याद है 2023 का स्वार उपचुनाव?

पसमांदा राजनीति को समझने के लिए 2023 का स्वार विधानसभा उपचुनाव अहम उदाहरण है. आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम की विधानसभा सदस्यता रद्द होने के बाद यहां उपचुनाव हुआ था. भाजपा के समर्थन से अपना दल (एस) ने पसमांदा मुस्लिम उम्मीदवार शफीक अहमद अंसारी को मैदान में उतारा. उन्होंने सपा उम्मीदवार को हराया. भाजपा ने इस जीत को पसमांदा समाज के बीच अपनी पहुंच का उदाहरण बताया.

सर्वे में क्या दिखा पसमांदा वोट का रुझान?

कार्नेगी एंडोमेंट के शोधकर्ता फेयाद अली के अध्ययन में यूपी के 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान मुस्लिम मतदाताओं के सर्वे का विश्लेषण किया गया. इसमें पसमांदा उत्तरदाताओं के बीच भाजपा को समर्थन देने की बात कहने वालों का हिस्सा 2017 के 8 फीसदी से बढ़कर 2022 में 9.1 फीसदी हुआ. सामान्य मुस्लिम उत्तरदाताओं में भाजपा समर्थन का आंकड़ा इसी अवधि में 12.6 फीसदी से घटकर 9.8 फीसदी रहा.

पसमांदा आंदोलन का इतिहास भी पुराना

पसमांदा समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी की मांग नई नहीं है. आजादी से पहले भी मुस्लिम समाज के भीतर सामाजिक बराबरी और प्रतिनिधित्व को लेकर आवाजें उठती रही थीं. जुलाहा समुदाय से आने वाले अब्दुल कय्यूम अंसारी और मौलाना अली हुसैन आसिम बिहारी ने मुस्लिम लीग की उस दावेदारी का विरोध किया था जिसमें वह सभी मुसलमानों की एकमात्र प्रतिनिधि होने की बात करती थी. इन नेताओं ने पिछड़े मुस्लिम समुदायों के अधिकार और सामाजिक बराबरी का मुद्दा उठाया. 1990 के दशक में अली अनवर अंसारी ने पसमांदा मुस्लिम महाज के जरिए इस आंदोलन को संगठित पहचान दी. इसके बाद पसमांदा राजनीति में शिक्षा, रोजगार, आरक्षण, सामाजिक सम्मान और राजनीतिक प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दे प्रमुख होते गए. यानी आज जिस समाज तक भाजपा और सपा पहुंच बनाने की कोशिश कर रही हैं, उसकी अपनी सामाजिक-राजनीतिक मांगों का लंबा इतिहास है.

2027 में किसके लिए कितनी चुनौती?

ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम राईन ने कहा कि पसमांदा मुसलमानों की आबादी का अनुमान तीन करोड़ से ज्यादा है. इसलिए इस वर्ग की राजनीतिक पसंद को नजरअंदाज करना किसी भी बड़े दल के लिए आसान नहीं होगा. लेकिन बड़ी आबादी का मतलब यह नहीं कि पूरा समाज एक साथ किसी एक पार्टी को वोट देगा. अलग-अलग बिरादरियों, क्षेत्रों, आर्थिक परिस्थितियों और स्थानीय उम्मीदवारों के आधार पर चुनावी पसंद बदल सकती है. वसीम राईन का बयान इसी बदलती बहस का हिस्सा है. आजम खान की वापसी, अखिलेश यादव की रणनीति और भाजपा का पसमांदा संपर्क अभियान 2027 से पहले मुस्लिम राजनीति के भीतर चल रही खींचतान को दिखाते हैं. चुनाव में इसका कितना असर होगा, ये तो नतीजों में ही साफ होगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gunateet Ojha

Gunateet Ojha

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो