)
आपने भी सुना होगा...एक मैसेज आया और क्लिक करते ही खाते से बड़ी रकम गायब हो गई. अगर आपके साथ भी कभी ऐसा हुआ है तो अब इस तरह का फ्रॉड नहीं होगा. जी हां, आरबीआई ने किसी भी तरह के डिजिटल फ्रॉड को रोकने के लिए बड़ा कदम उठाया है. इस तरह की समस्या से निपटने के लिए रिजर्व बैंक (RBI) ने कस्टमर सिक्योरिटी के लिए बड़े बदलावों का प्रस्ताव रखा है. इसके तहत खाताधारकों के लिए स्टॉप स्विच (Stop Switch) को एक्टिव करने का प्रस्ताव है. यह प्रपोजल आरबीआई के पांचवें संशोधन डायरेक्शन, 2026 का हिस्सा है. ये नियम कमर्शियल बैंकों पर लागू होंगे. लेकिन स्मॉल फाइनेंस बैंक, पेमेंट्स बैंक, ग्रामीण बैंक और लोकल एरिया के बैंक इससे बाहर रहेंगे.
स्टॉप स्विच के हालिया प्रपोजल के तहत कस्टमर अपनी मर्जी से किसी भरोसेमंद शख्स को नॉमिनेट कर सकेगा. जब यह फीचर चालू होगा तो तय लिमिट से बड़े फिजिकल और डिजिटल फंड ट्रांसफर पर उस शख्स को अलर्ट जाएगा. उसके पास ट्रांसफर को मंजूरी देने या रिजेक्ट करने के लिए एक घंटे का समय रहेगा. मंजूरी नहीं मिलने पर ट्रांजैक्शन ऑटोमेटिक कैंसिल हो जाएगा. इसके तहत यूपीआई, मर्चेंट पेमेंट और पुराने रिकरिंग मैंडेट शामिल नहीं होंगे. खास बात यह है कि मंजूरी देने वाले शख्स पर किसी तरह की फाइनेंशियल जिम्मेदारी नहीं आएगी.
यदि किसी कस्टमर को लगे कि उसका अकाउंट हैक हो गया है तो वह ब्रांच, ATM, नेट बैंकिंग, मोबाइल ऐप या IVR के जरिये स्टॉप स्विच (Stop Switch) ऑन कर सकेगा. इसके जरिये आउटगोइंग पेमेंट, नए मैंडेट और थर्ड-पार्टी ऐप्स पर UPI रजिस्ट्रेशन तुरंत रुक जाएंगे. हालांकि, अकाउंट में पैसा आना और पुराने रिकरिंग पेमेंट जारी रहेंगे. इसे रोकने के लिए सख्त वेरिफिकेशन और कूलिंग पीरियड जरूरी होगा. वहीं, ट्रांसफर में एक घंटे की देरी वाला पुराना प्रपोजल हटा दिया गया है.
इसके तहत कस्टमर के पास खुद अपने डिजिटल चैनल्स को ऑन या ऑफ करने की भी सुविधा होगी. वे समय या राशि की लिमिट को तय कर पाएंगे. डेबिट, क्रेडिट और प्रीपेड कार्ड्स के लिए भी डोमेस्टिक, इंटरनेशनल, एटीएम, PoS, ऑनलाइन और कॉन्टैक्टलेस पेमेंट के अलग कंट्रोल मिलेंगे. गिफ्ट और ट्रांजिट PPIs को इसमें शामिल नहीं किया गया है. नए खुलने वाले अकाउंट में डिजिटल चैनल (Stop Switch) शुरुआत में बंद रहेंगे और एक्टिवेशन के पहले 24 घंटे बैंक की तय लिमिट लागू होगी. नए कार्ड्स पर शुरुआत में केवल डोमेस्टिक कॉन्टैक्ट बेस्ड ATM और PoS ट्रांजेक्शन ही चालू रहेंगे.
आरबीआई की तरफ से बैंक की लापरवाही का दायरा भी बढ़ा दिया गया है. मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन में कमी, ग्राहक की सेट लिमिट को नहीं मानना, फ्रॉड अलर्ट नहीं भेजना, 24x7 रिपोर्टिंग या शिकायत पर देरी करना बैंक की गलती मानी जाएगी. बार-बार गलत लॉगइन पर चैनल ब्लॉक नहीं करने, सिस्टम खराबी, सिक्योरिटी ब्रीच या कर्मचारियों और वेंडर्स की मिलीभगत पर भी बैंक को जिम्मेदार माना जाएगा.