)
India-Italy Bilateral Trade : भारत और इटली के बीच द्विपक्षीय व्यापार (Bilateral Trade) 2035 तक 50 अरब यूरो यानी करीब 50 बिलियन यूरो तक पहुंच सकता है. इससे आर्थिक रिश्तों को एक नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है. बिजनेस चैंबर एसोचैम (ASSOCHAM) की एक रिपोर्ट में ये अनुमान जताया गया है.
ASSOCHAM की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत-यूरोपीय संघ (India-EU) मुक्त व्यापार समझौता (FTA), बाजार तक बेहतर पहुंच, औद्योगिक संबंधों को मजबूती और कारोबारी साझेदारियों का विस्तार इस लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं.
ASSOCHAM की रिपोर्ट ये रिपोर्ट रोम में आयोजित इंडिया-इटली बिजनेस फोरम के दौरान जारी की गई है. रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत और इटली अपनी-अपनी औद्योगिक क्षमताओं का इस्तेमाल करके व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग के नए रास्ते खोल सकते हैं.
भारत और इटली दोनों की अर्थव्यवस्थाओं की अपनी अलग-अलग ताकत है. भारत के पास बड़ा मैन्युफैक्चरिंग बेस, कुशल कामगार, विशाल घरेलू बाजार और तेजी से बढ़ते कारोबारी अवसर हैं. दूसरी तरफ, इटली की पहचान बेहतर डिजाइन, गुणवत्ता, प्रिसिजन इंजीनियरिंग, आधुनिक मशीनरी और एडवांस औद्योगिक तकनीक के लिए है. एसोचैम का मानना है कि अगर दोनों देश अपनी इन क्षमताओं को एक साथ जोड़ते हैं तो इससे कारोबार को बड़ा फायदा मिल सकता है.
उदाहरण के तौर पर भारतीय कंपनियां इटली की एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और इंजीनियरिंग तकनीक का लाभ उठा सकती हैं. वहीं, इटली की कंपनियों के लिए भारत का बड़ा बाजार, मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और कुशल टैलेंट निवेश के नए अवसर पैदा कर सकते हैं. इससे दोनों देशों के बीच सिर्फ सामान की खरीद-बिक्री ही नहीं बढ़ेगी, बल्कि तकनीक का आदान-प्रदान, संयुक्त निवेश और लंबे समय की कारोबारी साझेदारियों को भी बढ़ावा मिल सकता है.
भारत और इटली के बीच व्यापार बढ़ाने में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता (India-EU FTA) अहम भूमिका निभा सकता है. इटली यूरोपीय संघ का सदस्य है. ऐसे में भारत और EU के बीच बेहतर व्यापारिक व्यवस्था बनने से भारतीय कंपनियों को यूरोपीय बाजार में कारोबार के नए अवसर मिल सकते हैं. फ्री ट्रेड एग्रीमेंट का मुख्य उद्देश्य व्यापार की बाधाओं को कम करना, बाजार तक पहुंच आसान बनाना और दोनों पक्षों के बीच आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना होता है.
इससे भारतीय निर्यातकों को इटली और दूसरे यूरोपीय बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ाने का अवसर मिल सकता है. जबकि, इटली की कंपनियां भारत में निवेश और कारोबार का विस्तार कर सकती हैं. लेकिन, व्यापार में वास्तविक बढ़ोतरी इस बात पर निर्भर करेगी कि समझौते के तहत किन क्षेत्रों को कितनी बाजार पहुंच मिलती है और कंपनियां इन अवसरों का कितना फायदा उठा पाती हैं.
एसोचैम की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 में इटली का कुल आयात 669 अरब डॉलर रहा. इसमें भारत से होने वाला आयात 9.7 अरब डॉलर था. इटली के कुल आयात में भारत की हिस्सेदारी भी पिछले कुछ वर्षों में बढ़ी है. साल 2019 में यह करीब 1.2% थी, जो 2025 में बढ़कर 1.5% हो गई. ये आंकड़े बताते हैं कि इटली के बाजार में भारतीय प्रोडक्ट्स की मौजूदगी बढ़ रही है. हालांकि, भारत की हिस्सेदारी अभी भी सीमित है. ऐसे में भारतीय कंपनियों के पास निर्यात बढ़ाने और नए ग्राहकों तक पहुंच बनाने की काफी गुंजाइश है.
एसोचैम की रिपोर्ट में कई ऐसे सेक्टर्स की पहचान की गई है, जहां भारत और इटली के बीच सहयोग की अच्छी संभावनाएं हैं.
ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट्स: इटली की प्रिसिजन इंजीनियरिंग और ऑटोमोबाइल टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल भारतीय कंपनियां अपने प्रोडक्शन और उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर बनाने में कर सकती हैं. वहीं, भारतीय बाजार इटली की कंपनियों के लिए विस्तार का बड़ा अवसर बन सकता है.
फार्मा और मेडिकल टेक्नोलॉजी: दवाइयों, मेडिकल उपकरणों और स्वास्थ्य से जुड़ी तकनीकों में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ सकता है. भारतीय फार्मा कंपनियों को नए बाजार मिल सकते हैं, जबकि इटली की कंपनियां भारत की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता का फायदा उठा सकती हैं.
टेक्सटाइल और फैशन: इटली दुनिया भर में अपने फैशन, डिजाइन और प्रीमियम उत्पादों के लिए जाना जाता है. भारत की मजबूत टेक्सटाइल इंडस्ट्री के साथ मिलकर इस क्षेत्र में नए प्रोडक्ट, डिजाइन और निर्यात के अवसर तैयार हो सकते हैं.
फूड प्रोसेसिंग और एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी: खाद्य प्रसंस्करण, कृषि मशीनरी और आधुनिक खेती की तकनीकों में भी दोनों देशों के बीच साझेदारी की संभावनाएं हैं। इससे उत्पादन क्षमता और उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है.
एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग: मशीनरी, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन और प्रिसिजन इंजीनियरिंग में इटली की विशेषज्ञता और भारत की उत्पादन क्षमता मिलकर नई औद्योगिक साझेदारियां तैयार कर सकती हैं.
रिपोर्ट में पारंपरिक कारोबार के अलावा भविष्य की तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों पर भी जोर दिया गया है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर, फिनटेक, क्वांटम कंप्यूटिंग और डिजिटल इनोवेशन जैसे सेक्टर्स में भारत और इटली मिलकर रिसर्च, तकनीक के विकास और व्यावसायिक साझेदारी को आगे बढ़ा सकते हैं. इसके अलावा रिन्यूएबल एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन और एनर्जी स्टोरेज जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग की काफी संभावनाएं हैं.
भारत और इटली के बीच सहयोग सिर्फ मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी तक सीमित नहीं रहने वाला है. रिपोर्ट में क्रिटिकल मिनरल्स, समुद्री बुनियादी ढांचे और लॉजिस्टिक्स को भी महत्वपूर्ण क्षेत्र बताया गया है. क्रिटिकल मिनरल्स का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक व्हीकल, बैटरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे उद्योगों में होता है. ऐसे में इस क्षेत्र में सहयोग से दोनों देशों की कंपनियों को सप्लाई चेन मजबूत करने में मदद मिल सकती है.
एसोचैम के महासचिव सौरभ सान्याल के मुताबिक, भारत और इटली के पास अपनी आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने की काफी संभावनाएं हैं. भारत की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, कुशल वर्कफोर्स और बड़े बाजार को इटली की गुणवत्ता, डिजाइन, प्रिसिजन इंजीनियरिंग और आधुनिक औद्योगिक तकनीकों के साथ जोड़ने से दोनों देशों को फायदा हो सकता है.