App

मासूम की हत्या से कांप उठा बुलंदशहर! कमरे का ताला तोड़ते ही मचा हड़कंप, तंत्र-मंत्र करने वाली पड़ोसन के घर में मिली लाश

Bulandshahr Crime News: बुलंदशहर में लापता मासूम बच्ची का शव पड़ोस में किराए पर रहने वाली महिला के बंद कमरे से मिला. SSP दिनेश कुमार सिंह के मुताबिक, CCTV से बच्ची के आसपास ही होने का सुराग मिला. तंत्र-मंत्र के शक में हत्या की जांच जारी है. महिला हिरासत में है.

मासूम की हत्या से कांप उठा बुलंदशहर! कमरे का ताला तोड़ते ही मचा हड़कंप, तंत्र-मंत्र करने वाली पड़ोसन के घर में मिली लाश
Image Credit: Bulandshahr Girl Murder (AI Image)

Bulandshahr Crime News: बुलंदशहर. उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में तीन साल की मासूम बच्ची की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया. नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भूड़ में शनिवार को सुबह करीब 11 बजे बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी. परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी. देर रात पड़ोस में किराए पर रहने वाली एक महिला के बंद कमरे से बच्ची का शव बरामद हुआ. पुलिस को आशंका है कि हत्या के पीछे तंत्र-मंत्र से जुड़ा मामला हो सकता है. हालांकि, इसकी जांच अभी जारी है.

CCTV फुटेज से पुलिस को मिला अहम सुराग
बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि नगर कोतवाली के आवास विकास चौकी क्षेत्र में तीन साल की बच्ची के लापता होने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें बच्ची की तलाश में जुट गईं. आसपास के थाना प्रभारियों को भी खोजबीन में लगाया गया. पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज से संकेत मिला कि बच्ची ज्यादा दूर नहीं गई थी. इसके बाद पुलिस ने आसपास के मकानों और कमरों की तलाशी शुरू की.

महिला के बंद कमरे में मिला बच्ची का शव
तलाशी के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि पड़ोस के एक मकान में किराए पर रहने वाली महिला कमरे में ताला लगाकर गायब है. संदेह होने पर पुलिस ने कमरे का ताला तोड़ा. अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई. कमरे में तीन साल की मासूम बच्ची का शव पड़ा मिला. एसएसपी के मुताबिक, कमरे की स्थिति देखकर वहां तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियां होने की आशंका हुई. शुरुआती जानकारी में भी सामने आया कि महिला कथित तौर पर तंत्र-मंत्र से जुड़े क्रियाकलाप करती थी. पुलिस इसी आधार पर हत्या के पीछे तंत्र-मंत्र के संभावित संबंध की जांच कर रही है.

दिल्ली रोड पर परिजनों का हंगामा
बच्ची की हत्या की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया. गुस्साए परिजनों ने दिल्ली रोड पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया. घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा.

महिला हिरासत में, अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
पुलिस ने संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. एसएसपी ने बताया कि इस वारदात में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस ने बच्ची के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है.

बुलंदशहर से मोहित की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More