)
हमारी जिंदगी की सबसे बड़ी ताकत हमारे माता-पिता होते हैं. लेकिन उम्र के एक पड़ाव पर वही माता-पिता हमारी व्यस्त जिंदगी में अकेले पड़ जाते हैं. जिन हाथों ने हमें चलना सिखाया, आज उन्हीं हाथों को सहारे की जरूरत है. सवाल ये नहीं कि हम उनके लिए कितना खर्च करते हैं. सवाल ये है कि क्या हम उनके लिए थोड़ा वक्त निकालते हैं? आज बात उन बुजुर्गों की. जिन्हें उम्र से ज्यादा अपनों की कमी सता रही है.
एक महिला जिसमें उम्र करीब 25 से 35 साल के बीच में है. वो अगर बीमार है तो उसके पास तीमारदारी कर रही बुजुर्ग महिला अक्सर मिल जाती है. लेकिन अगर कोई बुजुर्ग महिला बीमार हो तो उसके पास कोई 25 से 35 साल की महिला मुश्किल से ही मिलती है. उसकी तीमारदारी में कोई बुजुर्ग या फिर कोई पुरुष रिश्तेदार दिखाई देगा.
एक पिता हर शाम बेटे के फोन का इंतजार करता है. एक मां वीडियो कॉल पर मुस्कराकर कहती हैं, 'बेटा, हम बिल्कुल ठीक हैं. तुम अपना काम देखो.'
बीमारी, अकेलापन और बच्चों को परेशान न करने का डर. इन शब्दों के पीछे कभी बीमारी होती है तो कभी अकेलापन या बच्चों को परेशान न करने का डर.
मां-बाप ने हमारे सपनों के लिए अपने सपने छोड़ दिए. हमारी जरूरतें पूरी करने के लिए अपने सारे शौक खत्म कर दिए. ऐसे में सवाल ये कि कि उनके साथ वक्त बिताने के लिए हमारे पास वक्त क्योंनहीं है? इस वक्त की कमी से मां-बाप बूढ़े नहीं, अकेले हो रहे हैं. उनकी आखें उन लफ्जों से ज्यादा बोल रही हैं, जो वो महसूस करते हैं.
भारत को दुनिया का युवा देश कहा जाता है. लेकिन इसी भारत में बुजुर्गों की आबादी तेजी से बढ़ रही है. वर्ष 2022 में देश में करीब 14.9 करोड़ लोग 60 साल या उससे ज्यादा उम्र के थे. जबकि, वर्ष 2050 तक ये संख्या बढ़कर 34.7 करोड़ होने का अनुमान है यानी हर पांचवां भारतीय बुजुर्ग होगा.
UNFPA के मुताबिक, 2046 तक भारत में बुजुर्गों की संख्या 15 साल से कम उम्र के बच्चों से भी ज्यादा हो सकती है. यानी भारत के सामने सिर्फ बढ़ती उम्र की चुनौती नहीं, बल्कि बुजुर्गों की देखभाल की भी बड़ी जिम्मेदारी है.
लंबी जिंदगी अच्छी खबर है. लेकिन क्या बुजुर्ग स्वस्थ और आत्मनिर्भर भी हैं? अकेले रहने वाली बुजुर्ग महिला पुष्पा जेम्स कहती हैं, 'हमें बेकार समझते हैं ऐसा लगता है.
लॉन्गिट्यूडिनल एजिंग स्टडी इन इंडिया यानि LASI के मुताबिक, करीब 75 फीसदी बुजुर्ग कम से कम एक पुरानी बीमारी से जूझ रहे हैं. करीब 24 फीसदी को नहाने, कपड़े पहनने या चलने जैसे बुनियादी कामों में परेशानी होती है. वहीं, करीब 48 फीसदी को रोजमर्रा के कामों के लिए दूसरों की मदद चाहिए. हर तीन में से लगभग एक बुजुर्ग ने डिप्रेशन से जुड़े लक्षणों की जानकारी दी.
इन आंकड़ों के पीछे वे माता-पिता हैं, जो अपनी तकलीफ बच्चों से छिपाते हैं. जिससे उनकी जिंदगी में परेशानी न बढ़े. मेडफर्स्ट ईएनटी सेंटर के डॉ. राजेश भारद्वाज के मुताबिक, बुजुर्ग मां-बाप के इलाज के लिए केवल पैसे देने की जिम्मेदारी नहीं बल्कि उन्हें अपने साथ खड़े होने का एहसास करवाने की जिम्मेदारी भी है.
बुजुर्गों की देखभाल की जिम्मेदारी आज भी ज्यादातर परिवारों पर है और परिवार में इसका सबसे बड़ा बोझ महिलाओं पर पड़ता है. Time Use Survey 2024 के मुताबिक, बिना वेतन वाली देखभाल के काम में महिलाएं औसतन 137 मिनट रोज देती हैं. वहीं पुरुष उनकी देखभाल के लिए केवल 75 मिनट देते हैं.
दूसरे शब्दों में कहें तो नौकरी, बच्चों और घर की जिम्मेदारियों के साथ महिलाएं बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल भी संभाल रही हैं. जबकि, बुजुर्गों की देखभाल सिर्फ महिलाओं की नहीं, बल्कि पूरे परिवार की साझा जिम्मेदारी है.
सरकार ने 70 साल और उससे अधिक उम्र के नागरिकों के लिए आयुष्मान भारत PM-JAY का विस्तार किया है. बुजुर्गों की सहायता के लिए एक हेल्प लाइन नंबर 14567 भी शुरू किया गया है. इस हेल्प लाइन को एल्डरलाइन भी कहा जाता है.
हालांकि, सिर्फ हेल्थ इंश्योरेंस या अस्पताल का खर्च उठाना ही पूरी देखभाल नहीं होती. बुजुर्गों को नियमित इलाज, दवाइयों की निगरानी, सुरक्षित माहौल और सबसे ज्यादा अपनेपन की जरूरत है.
परिवार को उनकी सेहत, दवाइयों और रोजमर्रा की जरूरतों का ध्यान रखना होगा. भाई-बहन देखभाल की जिम्मेदारी बांटें और बुजुर्गों के साथ वक्त बिताएं.
बुजुर्गों को सिर्फ पैसे या दवाइयों की जरूरत नहीं होती. उन्हें अपनों का साथ भी चाहिए. उन्होंने हमारा हाथ तब पकड़ा था, जब हम चलना नहीं जानते थे. आज जब उनके कदम धीमे हो रहे हैं, तो क्या हम उनका हाथ थामने के लिए मौजूद हैं?
आज अपने माता-पिता को फोन कीजिए. सिर्फ ये मत पूछिए कि सब ठीक है? ये भी पूछिए कि आपको मेरी जरूरत तो नहीं? यही है आज हमारे बुजुर्गों की हक की बात. माता-पिता को सिर्फ लंबी जिंदगी नहीं, सम्मान, सुरक्षा और अपनेपन के साथ जीने का भी हक है.
(ब्यूरो रिपोर्ट जी मीडिया)