)
साल 2025 में सोने के दाम जिस तेज रफ्तार से बढ़े, उससे कई देशों का फॉरेक्स रिजर्व चढ़कर रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गया. इस दौरान भारत का विदेशी मुद्रा भंडार पर ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया. लेकिन अब सोने के दाम जिस तेजी के साथ नीचे आए हैं, उस गिरावट का असर भी देश के फॉरेक्स रिजर्व पर देखा जा रहा है. आरबीआई के हालिया आंकड़ों के अनुसार 20 नवंबर को खत्म हुए हफ्ते में देश का फॉरेक्स रिजर्व 4.44 बिलियन डॉलर घटकर 700.90 अरब डॉलर रह गया. यह पिछले 16 हफ्ते का सबसे निचला लेवल है. खास बात यह है कि इस गिरावट में करीब 92 फीसदी हिस्सा केवल गोल्ड रिजर्व की वैल्यू कम होने की वजह से आया है.
आरबीआई की तरफ से जारी वीकली रिपोर्ट के अनुसार 14 से 20 नवंबर वाले हफ्ते के दौरान फॉरेक्स रिजर्व के चारों प्रमुख घटकों में गिरावट दर्ज की गई. इस दौरान सबसे बड़ा झटका गोल्ड रिजर्व को लगा. इसकी वैल्यू 4.095 अरब डॉलर घटकर 94.519 अरब डॉलर पर आ गई. पिछले कुछ हफ्तों के दौरान सोने की कीमत में आई तेज गिरावट के कारण आरबीआई के पास मौजूद गोल्ड की वैल्यूएशन कम हो गई है. इसके अलावा विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा फॉरेन करेंसी एसेट्स 266 मिलियन डॉलर कम होकर 583.186 अरब डॉलर रह गया.
फॉरेन करेंसी एसेट्स पर डॉलर के मुकाबले यूरो, पाउंड और येन जैसी प्रमुख विदेशी करेंसी में होने वाले उतार-चढ़ाव का भी असर पड़ता है. इसी हफ्ते के दौरान आईएमएफ (IMF) के पास देश के स्पेशल ड्राइंग राइट्स 67 मिलियन डॉलर घटकर 18.451 अरब डॉलर रह गए. वहीं, आईएमएफ (IMF) के पास देश की रिजर्व स्थिति 15 मिलियन डॉलर कम होकर 4.743 अरब डॉलर पर आ गई.
पिछले एक महीने के दौरान रुपये में आई मजबूती ने आयातित सोने की लागत को कम किया है. इससे घरेलू बाजार में दाम नीचे आए. अब ग्लोबली डिमांड बढ़ने से फिर रौनक लौटी है.
-रनीम तुर्फा, रिसर्च हेड टिकमिल
वीकली बेस पर आई बड़ी गिरावट के बावजूद देश का विदेशी मुद्रा भंडार पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 12.794 अरब डॉलर ज्यादा है. इतना ही नहीं, मार्च 2026 के अंत में दर्ज किये गए लेवल से भी यह 9.791 अरब डॉलर ज्यादा बना हुआ है. सालाना बेस पर देखें तो फॉरेक्स रिजर्व में 22.586 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है. गोल्ड रिजर्व में 9.663 अरब डॉलर की कमी आई है. आपको बता दें देश का मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार बाहरी आर्थिक झटकों से बचाने और रुपये की अस्थिरता को संभालने में सपोर्ट करता है.
एक तरफ पिछले हफ्ते सोने की गिरावट ने रिजर्व वैल्यू घटाई है. दूसरे तरफ सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमत ने जोरदार वापसी की है. अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट प्योरिटी वाला सोना 3,100 रुपये उछलकर 1,30,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. गुरुवार को इसका दाम 1,27,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब था. चांदी में इससे भी तेज उछाल देखने को मिला और यह 9 प्रतिशत (13,500 रुपये) बढ़कर 1,63,500 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई.