App

न शटर तोड़ा, न ताला... पटना में रातोंरात खाली हुआ रजनीगंधा का गोदाम, 22 लाख का पान मसाला उड़ा ले गए चोर

बिहार के पटना में बड़ी पहाड़ी इलाके में चोरों ने 10 इंच मोटी दीवार तोड़कर गोदाम से करीब 22 लाख रुपये का रजनीगंधा पान मसाला चोरी कर लिया. पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई. पुलिस चोरों की तलाशी में जुटी है.

न शटर तोड़ा, न ताला... पटना में रातोंरात खाली हुआ रजनीगंधा का गोदाम, 22 लाख का पान मसाला उड़ा ले गए चोर
Image Credit: पटना में रातोंरात खाली हुआ रजनीगंधा का गोदाम, 22 लाख का पान मसाला उड़ा ले गए चोर

बिहार की राजधानी पटना में चोरों ने एक बड़े गोदाम को निशाना बनाते हुए करीब 22 लाख रुपये के रजनीगंधा पान मसाला की चोरी कर ली. घटना रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी इलाके की है. चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए गोदाम की करीब 10 इंच मोटी दीवार तोड़ दी और अंदर दाखिल हो गए. चोरी की पूरी घटना गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

22 लाख का रजनीगंधा पान मसाला चोरी
गोदाम के कारोबारी राजीव कुमार के अनुसार, उनका बड़ी पहाड़ी में रजनीगंधा और तुलसी का डिस्ट्रीब्यूशन गोदाम है. उन्होंने कहा कि चोरों ने सुनियोजित तरीके चोरी को अंजाम दिया. चोरों ने पहले दीवार तोड़कर अंदर जाने का रास्ता बनाया. इसके बाद गोदाम में रखे रजनीगंधा पान मसाला को समेटकर फरार हो गए. चोरी हुए पान मसाले की कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है. 

गोदाम की दीवार तोड़कर रजनीगंधा ले उड़े चोर 
उन्होंने कहा कि सुबह गोदाम पहुंचने पर चोरी की जानकारी मिली. गोदाम की जांच करने पर पीछे की दीवार टूटी हुई थी और गोदाम से रजनीगंधा पान मसाला के पैकेट गायब थे. इसके बाद गोदाम में अफरा-तफरी मच गई. कारोबारी ने तुरंत पुलिस को गोदाम में चोरी होने की सूचना दी. कारोबारी ने रामकृष्णा नगर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. 

CCTV के आधार पर चोरों की हो रही पहचान, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही रामकृष्णा नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है. इतनी बड़ी चोरी की घटना के बाद इलाके के कारोबारियों में दहशत है. अब पुलिस के सामने चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी बड़ी चुनौती है. 

(पटना से प्रकाश सिन्हा की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और हाइपर लोकल की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग, यूटिलिटी से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. रेनू पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. DU से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से अपने करियर की शुरुआत की. लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा है.रेनू अकर्णिया से आप renu.akarniya@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं. 
Read More