)
बेगूसराय में एक बार फिर चोरों का आतंक देखने को मिला है, जहां बेखौफ चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये के सोने, हीरे और चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. इतना ही नहीं, चोर घर में रखे 75 हजार रुपये नकद और जमीन के मूल कागजात भी लेकर फरार हो गए. चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. हैरानी की बात यह है कि परिवार 19 दिनों से घर में ताला लगाकर बाहर था और इसी दौरान चोरों ने पूरी वारदात को अंजाम दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है.
दरअसल, पूरी घटना फुलवड़िया थाना क्षेत्र के पश्चिम मोहल्ले की है, जहां नगर परिषद बरौनी के वार्ड संख्या-7 निवासी हाजी अब्दुल मन्नान के पुत्र मोहम्मद सफदर अली के बंद घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया. परिजनों के मुताबिक, 29 अक्टूबर को परिवार के सभी सदस्य घर में ताला लगाकर एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने बेंगलुरु गए थे. 17 नवंबर की रात जब परिवार वापस लौटा तो घर के कमरों के ताले टूटे हुए थे और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था. जब परिवार ने घर की तलाशी ली तो तीन गोदरेज अलमारियों के ताले और लॉकर टूटे मिले. अलमारियों में रखे सोने, हीरे और चांदी के कीमती जेवरात गायब थे.
चोर करीब 75 हजार रुपये नकद और जमीन के मूल कागजात भी अपने साथ ले गए. परिवार की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार, चोरी गए सामान में सोने के कई हार, दर्जनों अंगूठियां, चेन, कान के झुमके, हीरे की अंगूठियां और करीब एक किलो चांदी के जेवरात शामिल हैं. चोरी किए गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये बताई जा रही है. इस घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है. पीड़ित सफदर अली ने बताया कि चोरी हुए अधिकांश गहने उनकी मां, बहन और भाभी के थे. इनमें कई जेवरात पुश्तैनी भी हैं.
परिवार के लिए यह घटना इसलिए भी बेहद दुखद है, क्योंकि 24 नवंबर को सफदर अली की शादी होने वाली है और छोटी बहन की शादी की तैयारियां भी चल रही थीं. शादी की खुशियों के बीच करोड़ों की चोरी ने परिवार की खुशियों को गम में बदल दिया है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही फुलवड़िया थानाध्यक्ष विजय सहनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है. थानाध्यक्ष के मुताबिक, मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है.
रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार, बेगूसराय