SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Bihar Politics: जन सुराज ने MLC उपचुनाव से किया था डेब्यू, अब रफ्तार पकड़ने की तैयारी

बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी को हराकर प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने बिहार विधान परिषद चुनाव की सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. इससे मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार हैं.

Written By K. Raj Mishra
Published: Sep 15, 2026, 11:42 AM IST | Updated: Sep 15, 2026, 01:31 PM IST
Image Credit: जन सुराज ने MLC उपचुनाव 2023 से किया था डेब्यू! (Zee Media)
Join

प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने बिहार विधान परिषद चुनाव में ताल ठोक दी है. उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी में मंथन जारी है. कई सीटों पर उम्मीदवारों के नाम लगभग तय बताए जा रहे हैं. हालांकि, पार्टी ने अभी किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आगामी 20 सितंबर को अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेगी. पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी में है. जन सुराज की ओर से विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार उतारने से मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार हैं. चुनाव से पहले ही पार्टी ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा भी उठाया है.

MLC उपचुनाव से हुआ चुनावी डेब्यू!

जन सुराज ने अप्रैल 2023 में हुए सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के MLC उपचुनाव से अपना सियासी डेब्यू किया था. इस चुनाव के वक्त की पार्टी की स्थापना नहीं हुई थी, इस वजह से प्रशांत किशोर ने निर्दलीय उम्मीदवार आफाक अहमद का समर्थन किया था. इस चुनाव में आफाक अहमद ने जीत दर्ज की थी. इसे प्रशांत किशोर ने जन सुराज की पहली चुनावी सफलता बताया था, लेकिन पार्टी के रूप में जन सुराज ने तब अपना आधिकारिक प्रत्याशी नहीं उतारा था. जन सुराज की आधिकारिक रूप से स्थापना 2 अक्टूबर 2024 को हुई थी और इसके बाद पार्टी ने 2025 का बिहार विधानसभा चुनाव लड़ा था. आधिकारिक रूप से यही पार्टी का पहला चुनाव था और अपने पहले चुनाव में पार्टी को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था. कोई सीट नहीं मिल सकी थी.

अब MLC चुनाव से पार्टी पकड़ेगी रफ्तार

बिहार की सियासत में अब प्रशांत किशोर का इम्पैक्ट दिखने लगा है. बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी को हराकर पीके ने साबित कर दिया कि उनकी रणनीति बेजोड़ है. इस चुनाव में प्रशांत किशोर को करीब 50 फीसदी वोट हासिल हुए थे. इतनी बड़ी कामयाबी के बाद अब पार्टी ने विधान परिषद की सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला लिया है. सूत्रों के अनुसार पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉक्टर दिव्या ज्योति को प्रत्याशी बनाया जा सकता है. तिरहुत शिक्षक सीट से मौजूदा विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी के नाम की चर्चा है. सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से वर्तमान MLC अफाक अहमद को उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना है. इसी तरह से कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रजनीश रंजन को जनसुराज का उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है. वहीं दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सुरेश प्रसाद राय का नाम चर्चा में है.

MLC चुनाव की वोटर लिस्ट पर उठाए सवाल

एमएलसी चुनाव से पहले जन सुराज पार्टी ने बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाया है. इस मामले में पार्टी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की है. प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में पार्टी के एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल ने चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपा है. जन सुराज का दावा है कि वोटर लिस्ट में कई डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हैं. पार्टी ने अकेले तिरहुत स्नातक सीट पर 1,668 वोटर डुप्लीकेट होने का आरोप लगाया है. जन सुराज ने कहा कि डुप्लीकेट वोटरों को हटाया जाए. चुनाव आयोग की ओर से भी सभी गड़बड़ियों को दूर करने का आश्वासन दिया गया है. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES