SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बिहार में दिवाली-छठ पर प्रशासन की तैयारी: पटना में अग्निशमन विभाग अलर्ट, नावाद-सुपौल में बाजारों में छाईं रौनक

बिहार में दिवाली-छठ पर सभी जिलों में प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है. पटना में अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड पर है. वहीं, नावाद और सुपौल के बाजारों में रौनक देखने को मिल रही है.

Edited By Ranjana Kumari
Published: Nov 06, 2026, 11:21 AM IST | Updated: Nov 06, 2026, 11:46 AM IST
Image Credit: दिवाली और छठ पूजा को लेकर पटना में अग्निशमन विभाग अलर्ट (AI IMAGE)
Join

राजधानी पटना में दिवाली और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है. त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अगलगी की घटना को रोकने के लिए विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है. महानिदेशक सह महासमादेष्टा और राज्य अग्निशमन पदाधिकारी के निर्देश पर पटना जिले के सभी फायर स्टेशनों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. अग्निशमन विभाग की टीम ने पिछले सात दिनों में पूरे पटना जिले में सघन जांच अभियान चलाया. इस दौरान बिना वैध लाइसेंस के संचालित 50 से अधिक पटाखा दुकानों को चिह्नित किया गया है. इन दुकानों को तत्काल सील करने के लिए संबंधित अधिकारियों को अनुशंसा भेजी गई है.

दमकल गाड़ियों की तैनाती

वहीं, पटना के भीड़भाड़ वाले बाजारों, झुग्गी-झोपड़ियों और संवेदनशील इलाकों में कुल 48 रणनीतिक स्थानों पर दमकल गाड़ियों की तैनाती की गई है. सुरक्षा व्यवस्था में 450 से अधिक अग्निशमन पदाधिकारी और कर्मियों को लगाया गया है. अगले चार दिनों तक फायर स्टेशन के अधिकारी भी फील्ड में रहकर विशेष जांच और जागरूकता अभियान चलाएंगे. विभाग ने लोगों से सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने और आग लगने की स्थिति में 101 या 112 पर सूचना देने की अपील की है.

सीतामढ़ी में लोगों में दिख रहा उत्साह

सीतामढ़ी में दीपावली त्योहार को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. धनतेरस को खरीददारी करने के लिए बाजारों में अप्रत्याशित भीड़ देखने को मिल रही है, जिसके कारण बाजार की रौनक पूरी तरह अपने परवान पर है. सभी दुकानों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है. खास कर इलेक्ट्रानिक वस्तुओं की ओर लोगों का रुझान ज्यादा देखा जा रहा है. इस बार AI बेस इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं की डिमांड ज्यादा है और धनतेरस के उपलक्ष्य पर इसकी बुकिंग जोरो पर चल रही है. दुकानदार भी इस बार ज्यादा खुश हैं और ग्राहकों की रुझान से व्यापार भी बेहतर स्थिति में चल रहा है.

नवादा में भी बाजारों में रौनक

नवादा में बाजारों की रौनक बढ़ गई है. इस बार मिट्टी के दीयों की अच्छी बिक्री होने से कुम्हारों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है. वर्षों से मिट्टी के दीये बनाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले कुम्हारों के लिए दीपावली एक खास अवसर लेकर आई है. बाजारों में लोग बड़ी संख्या में मिट्टी के दीये खरीदते नजर आ रहे हैं. खरीदारी करने पहुंचे लोगों का कहना है कि दीपावली हमारी संस्कृति और आस्था से जुड़ा पर्व है. ऐसे में घरों में मिट्टी के दीये जलाने से त्योहार की पारंपरिक पहचान बनी रहती है. साथ ही स्थानीय कुम्हारों की मेहनत को भी प्रोत्साहन मिलता है.

आधी रात DM और SP ने किया निरीक्षण

दीपावली-छठ पूजा को देखते हुए DM सावन कुमार और SP सरथ आर एस ने आधी रात को सुपौल जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों का भ्रमण किया. इस दौरान त्रिवेणीगंज और छातापुर सहित अन्य थाना क्षेत्रों में विभिन्न चेक पोस्टों पर गश्ती कर सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया गया. इस क्रम में विभिन्न चेक पोस्टों पर प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की ड्यूटी का निरीक्षण किया गया. DM सावन कुमार ने कहा कि उदेश्य है कि आम नागरिक को दिन या रात में कहीं भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. आम नागरिकों को केवल एक कॉल पर डायल 112 की आपातकालीन सेवा उपलब्ध की जा रही है.

यह भी पढ़ें: बिहार में दीपावली और छठ को लेकर सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द, 16 नवंबर तक आदेश लागू

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES