)
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जिसने समाज के सभी पवित्र रिश्तों को कलंकित कर दिया है. उन्नाव में एक सास अपने ही सगे दामाद के साथ फरार हो गई है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महिला उस समय घर छोड़कर भागी, जब उसका पति गंभीर बीमारी से बिस्तर पर जूझ रहा था. पीड़ित बेटा और पति एसपी के पास पहुंचे और उन्होंने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है.
क्या है ये पूरा मामला?
यह मामला उन्नाव के अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव का है. एसपी जयप्रकाश सिंह को दिए गए शिकायती पत्र में पीड़ित बेटे ने बताया कि करीब 15 साल पहले उसकी बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. परिवार ने हत्या की आशंका होने के बावजूद बच्चों के भविष्य के खातिर दामाद के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की थी, लेकिन समय के साथ यही दामाद परिवार के लिए अभिशाप बन गया.
बहन की मौत के बाद से ही सास और दामाद के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं. बीमार पिता ने इस अवैध रिश्ते का विरोध किया, लेकिन महिला पर इसका कोई असर नहीं पड़ा. आरोप है कि 14 सितंबर को महिला ने अपनी 10 बिस्वा जमीन अपने नाती के नाम ट्रांसफर करवा ली और इसके बाद 2 नवंबर को अचानक घर से गायब हो गई.
जमीन खोदकर ले गई पुश्तैनी खजाना
जब परिजनों ने घर की तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए. महिला जाते वक्त घर की कोठरी में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए पुश्तैनी जेवरात भी साथ ले गई. बेटे के मुताबिक, आरोपी सास अपने साथ करीब 2 किलो चांदी और 80 ग्राम सोने के कीमती गहने समेट कर ले गई है.
पुलिस पर लगे संगीन आरोप
पीड़ित बेटे का आरोप है कि उसने पहले स्थानीय अजगैन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया. कोई ठोस कार्रवाई न होने पर आखिरकार परिवार को न्याय के लिए एसपी की शरण लेनी पड़ी. पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन इस घटना ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है.