)
कन्हैया लाल शर्मा/मथुरा: मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. राजस्थान बॉर्डर से लाई जा रही करीब 2500 किलोग्राम संदिग्ध पनीर की खेप पकड़ी गई है. इसकी अनुमानित कीमत 5.05 लाख रुपये बताई गई है. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच के लिए पनीर के दो नमूने लेने के बाद पूरी खेप को मौके पर ही नष्ट करा दिया.
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देशों पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत, देर रात करीब 1:30 बजे एनएच-19 स्थित बांके (बाठेन) गेट पुलिस चौकी (थाना कोसी कलां) के पास एक बोलेरो पिकअप गाड़ी (UP-85-CT-4449) को रोका गया. गाड़ी चालक सलीम ने पूछताछ में बताया कि लगभग ₹5.05 लाख कीमत का यह पनीर कामा (राजस्थान) की एक डेयरी से बिक्री के लिए लाया जा रहा था. हालांकि, चालक या कारोबारकर्ता मौके पर खरीद-बिक्री से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका.
जब्त पनीर की गुणवत्ता अत्यधिक संदिग्ध और अस्वच्छ पाई गई. लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने नियमानुसार जांच के लिए पनीर के 2 सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजे गए और बाकी पूरे 2500 किग्रा दूषित पनीर को मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया.
सहायक आयुक्त डॉ. जतिन कुमार सिंह के मुताबिक, प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल विभाग की इस कार्रवाई के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और दूसरे राज्यों से आने वाली खाद्य सामग्री की जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं. इस कार्रवाई के दौरान सचल दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश भारती, धर्मेंद्र सिंह और जितेंद्र सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे.