)
बिहार में दीपावली, काली पूजा और छठ पर्व को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने बड़ा फैसला लिया है. पर्व-त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए बिहार पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. 6 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक विशेष परिस्थिति को छोड़कर किसी भी तरह का अवकाश नहीं मिलेगा. इसे लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है.
आदेश के मुताबिक, दीपावली, काली पूजा और छठ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहेगा. सभी वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक, समादेष्टा और संबंधित अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है.
इसके साथ ही सभी कार्यालयों में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की क्विक रिस्पॉन्स टीम यानी QRT गठित की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके. पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों और इकाइयों को पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था की ड्यूटी प्रभावी तरीके से संपादित कराने का निर्देश दिया है.
इसी क्रम में बीते दिन यानी कल (5 नवंबर) को सीएम सम्राट चौधरी ने भी पटना में गंगा नदी के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया था. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
मुख्यमंत्री ने स्टीमर से नासरीगंज घाट से महावीर घाट तक गंगा किनारे स्थित विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रियेट घाट, गांधी घाट, पहलवान घाट, गुलाबी घाट, चौधरी टोला घाट, पथरी घाट, गायघाट और भद्र घाट सहित अन्य घाटों की व्यवस्था का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा नदी के जलस्तर और प्रवाह को देखते हुए छठ घाटों के पास मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए. घाटों के पहुंच पथ और गंगा किनारे की सड़कों पर भी बैरिकेडिंग की व्यवस्था हो, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम रहे.