App

दीपावली पर दुल्हन की तरह सजेगा राजगढ़! बाजारों से लेकर चौराहों तक रोशनी का धमाका

दीपावली से पहले अलवर के राजगढ़ कस्बे में सजावट और लाइटिंग का काम तेज हो गया है. बाजारों और चौराहों को रोशन करने के साथ रोड लाइटें सुधारी जा रही हैं. भीड़ नियंत्रित रखने के लिए दुकानों के बाहर सफेद पट्टी भी खींची जाएगी.

दीपावली पर दुल्हन की तरह सजेगा राजगढ़! बाजारों से लेकर चौराहों तक रोशनी का धमाका
Image Credit: दीपावली पर दुल्हन की तरह सजेगा राजगढ़.

दीपावली के त्योहार को देखते हुए राजगढ़ कस्बे को सजाने और रोशनी से जगमगाने की तैयारियां तेज हो गई हैं. नगर पालिका प्रशासन की ओर से प्रमुख बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर आकर्षक लाइटिंग कराई जा रही है. इसके साथ ही लंबे समय से बंद पड़ी हाईमास्ट लाइटों को ठीक करने और वार्डों में रोड लाइट व्यवस्था सुधारने का काम भी चल रहा है.

नगर पालिका परिसीमन के बाद बनाए गए नए वार्डों में नई रोड लाइट लगवाई जा रही हैं. वहीं, पुराने वार्डों में खराब एलईडी लाइटों को बदलकर उनकी जगह नई लाइटें लगाई जा रही हैं. तैयारियों की स्थिति जानने के लिए नगर पालिका ईओ विक्रांत शर्मा ने कस्बे के प्रमुख बाजारों और चौराहों का निरीक्षण किया. उन्होंने कर्मचारियों को बाकी काम तय समय में पूरा करने और जहां भी कमी नजर आए, उसे तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए.

प्रमुख बाजारों और चौराहों पर होगी विशेष सजावट
ईओ विक्रांत शर्मा ने बताया कि दीपावली पर राजगढ़ के प्रमुख स्थानों को विशेष रोशनी और सजावट से आकर्षक बनाया जा रहा है. इसके तहत मेला चौराहा, गोल सर्किल और सराय बाजार सहित अन्य प्रमुख जगहों पर लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है. विभिन्न राजकीय विभागों के कार्यालयों को भी रोशनी से सजाया जाएगा.

कस्बे में करीब एक दर्जन प्रमुख स्थानों पर तोरण द्वार तैयार किए गए हैं. इनमें तीन जगह बड़े तोरण द्वार लगाए गए हैं. इसके अलावा पार्कों में भी विशेष सजावट कराई जा रही है, जिससे त्योहार के दौरान कस्बे का माहौल आकर्षक दिखाई दे.

बाजारों में यातायात व्यवस्था सुधारने की तैयारी
दीपावली के दौरान खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए नगर पालिका यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने पर भी ध्यान दे रही है. इसके लिए दुकानों के बाहर सफेद पट्टी खींची जाएगी. दुकानदारों को इस निर्धारित सीमा के भीतर ही सामान रखने के लिए कहा जाएगा, ताकि बाजारों में आने-जाने का रास्ता बाधित न हो. नगर पालिका प्रशासन व्यापारियों को इस व्यवस्था के प्रति जागरूक करेगा और उनसे अभियान में सहयोग करने की अपील करेगा.

दुकानदारों से तिरपाल हटाने की अपील
नगर पालिका ने दुकानदारों से दुकानों के सामने लगे तिरपाल हटाने का भी आग्रह किया है. प्रशासन का मानना है कि इससे दीपावली की खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को बाजारों में आवागमन के दौरान परेशानी नहीं होगी.

नगर पालिका का प्रयास है कि दीपावली से पहले रोशनी, सजावट और यातायात से जुड़े सभी काम पूरे कर लिए जाएं. इससे राजगढ़ में लोगों को साफ-सुथरे और व्यवस्थित बाजारों के साथ रोशनी से सजा उत्सवी माहौल मिल सकेगा.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More