)
दीपोत्सव पर नगर परिषद की ओर से चूरू चैपाटी में 21 हजार दीपकों की मनमोहक सजावट की गई. एक साथ हजारों दीपों के प्रज्ज्वलित होने से पूरी चैपाटी रोशनी से जगमगा उठी और चारों ओर दीपों की सुनहरी आभा बिखर गई. कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण, नगर परिषद सभापति विनय गोयनका, चांद कंवर, कनिका सिंह तथा आयुक्त अभिलाषा सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित किया.
कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि दीपोत्सव भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है. दीपों का प्रकाश केवल अंधकार को दूर करने का संदेश ही नहीं देता, बल्कि समाज में सकारात्मकता, प्रेम और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करता है. उन्होंने नगर परिषद की ओर से आयोजित इस आयोजन की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम शहर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देते हैं.
विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि चूरू चैपाटी में 21 हजार दीपकों की सजावट ने दीपोत्सव को विशेष और यादगार बना दिया है. ऐसे आयोजन शहरवासियों को एक साथ जोड़ने के साथ ही हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से नई पीढ़ी को भी जोड़ते हैं. नगर परिषद सभापति विनय गोयनका ने कहा कि चूरू शहर को सुंदर, स्वच्छ और आकर्षक बनाने के साथ ही नगर परिषद शहरवासियों के लिए सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजन भी लगातार कर रही है. 21 हजार दीपकों से सजी चैपाटी दीपोत्सव के अवसर पर चूरू की सुंदरता और गौरव को प्रदर्शित कर रही है.
नगर परिषद आयुक्त अभिलाषा सिंह ने कहा कि दीपदान इवेंट को विशेष बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं. हजारों दीपकों की सजावट और आकर्षक व्यवस्था से चैपाटी का दृश्य बेहद मनमोहक नजर आया. उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और सभी सहभागियों का आभार जताया. सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने राजस्थानी नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी.
Report- Navratan Prajapat