)
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का आज जन्मदिन है. सुबह से ही पार्टी कार्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ है. पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सुबह से ही हाथों में गुलदस्ता और टॉफी लेकर चिराग पासवान को जन्मदिन की बधाई देने पहुंच रहे हैं. इस मौके पर पार्टी कार्यालय को पूरी तरह से सजाया गया है. कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जन्मदिन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.
केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपने जन्मदिन के अवसर पर पिता रामविलास पासवान को याद किया. चिराग पासवान ने अपनी मां, परिवार और पार्टी के तमाम नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया. साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष धन्यवाद किया, जिन्होंने पत्र लिखकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और पार्टी में उनके नेतृत्व के साथ-साथ मंत्रिमंडल में किए गए कार्यों की सराहना की. इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों का भी आभार जताया.
चिराग पासवान ने कहा कि उनका संकल्प 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' है. प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के सपने को पूरा करने के लिए विकसित बिहार का निर्माण जरूरी है. उन्होंने कहा कि पार्टी ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं का साथ और पिता का आशीर्वाद हमेशा उनकी ताकत बना रहा है. चिराग ने हाजीपुर की जनता को अपने राजनीतिक सफर और व्यक्तित्व के विस्तार का आधार बताते हुए कहा कि उनकी चिंताएं और आशीर्वाद हमेशा उनकी प्राथमिकता रहेंगे.
चिराग पासवान के जन्मदिन के मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने चिराग पासवान को अपना आदर्श बताते हुए कहा कि वे पिछले करीब 30 वर्षों से एक ही झंडे और एक ही नेतृत्व के साथ काम कर रहे हैं. उन्होंने चिराग पासवान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की. संजय पासवान ने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी बिहार के साथ-साथ पूरे देश में अपना परचम लहराएगी और लगातार उन्नति करेगी. वहीं, इस बार चिराग पासवान का जन्मदिन विशेष तरीके से मनाने की तैयारी है. बिहार के सभी जिलों से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता इस आयोजन में शामिल होंगे.
रिपोर्ट: शिवम राज